जिला पंचायत सीईओ ने ली महिला एवं बाल विकास व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करें : जिला पंचायत सीईओ
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सर्वप्रथम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति की स्थिति की जानकारी सभी परियोजना अधिकारियों से ली गई। सीईओ द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं हितग्राहियों को पोषण संबंधी सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान टेक होम राशन (THR) एवं हॉट कुक्ड मील (HCM) के वितरण की स्थिति के संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। सीईओ द्वारा व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के निर्धारित लक्ष्य की समीक्षा कर लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधकों को प्रतिदिन सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करने तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने हेतु निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर उपलब्धि में कमी आने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कार्य योजना तैयार कर लक्ष्य प्राप्त किया जाए। स्वास्थ्य संस्थाओं का विकासखंड स्तर से नियमित समीक्षा करने तथा जिला स्तर से विकासखंड स्तर की नियमित समीक्षा कर उपलब्धि प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। आने वाले समय-सीमा की बैठक में शहरी कार्यक्रम प्रबंधक एजेंडावार जानकारी सहित उपस्थित होंगे।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










Leave A Comment