जलकर वसूली को लेकर निगम की सख्ती, बड़े बकायादारों से शीघ्र भुगतान के निर्देश
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देशानुसार निगम क्षेत्र में जलकर वसूली अभियान को तेज करते हुए बड़े बकायादारों से संपर्क कर बकाया राशि शीघ्र जमा करने के लिए सूचित किया जा रहा है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर के राजस्व विभाग की टीम ने जलकर विभाग एवं एसपीएस एजेंसी के कर्मचारियों के साथ बड़े बकायादारों से संपर्क किया।
सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम के नेतृत्व में टीम ने चौहान टाउन हाउसिंग सोसायटी के पदाधिकारियों कृष्ण बहादुर सोनी, विवेक चतुर्वेदी एवं रिंकू सिंह से संपर्क कर सोसायटी के विरुद्ध बकाया 7 लाख 75 हजार रुपये जलकर की राशि शीघ्र जमा करने हेतु सूचित किया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया जलकर का समय पर भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार अधिभार की राशि भी देय होगी। इसी प्रकार ड्रीम होम सोसायटी, नेहरू नगर के अध्यक्ष अपूर्व घोष से संपर्क कर सोसायटी के विरुद्ध बकाया लगभग 15 लाख रुपये जलकर की राशि का अविलंब भुगतान किए जाने हेतु सूचना दी गई। निगम की टीम द्वारा अन्य बड़े बकायादार उपभोक्ताओं से भी संपर्क कर उन्हें बकाया जलकर की राशि समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अनावश्यक अधिभार से बचा जा सके।
निगम प्रशासन ने शहर के सभी जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया जलकर की राशि निर्धारित समय में जमा करें। नियमित भुगतान से उपभोक्ता अधिभार से बचने के साथ ही निगम की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग कर सकते हैं। निगम द्वारा जलकर वसूली अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर, विनोद शुक्ला, निरंजन असाटी, डी रवि जलकर विभाग तथा एसपीएस एजेंसी के गुड्डू सिंह, शुभम लांजेवार एवं प्रवीण गंजीर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।













Leave A Comment