ब्रेकिंग न्यूज़

 कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

0- अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
बिलासपुर. कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 
  जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मस्तुरी तहसील के ग्राम इटवा निवासी रामेश्वर यादव ने बताया कि उनकी पैतृक कृषि भूमि राजस्व रिकार्ड में 9 सदस्यों के नाम पर दर्ज है। जिसमें मेरे नाम से एग्रीटेक नहीं हो पा रहा है। इसके कारण वे धान बेच नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से संबंधित भूमि पर अपने नाम से एग्रीटेक की कार्यवाही कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने तहसीलदार मस्तुरी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। रतनपुर तहसील के ग्राम सीस निवासी रामभाऊ डिक्सेना ने अधिक बारिश के कारण मकान गिरने से हुई क्षति का उल्लेख करते हुए आर्थिक सहायता की मांग की। आवेदन में बताया गया कि लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान गिर गया, जिससे परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने शासन से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने उनका आवेदन तहसीलदार रतनपुर को सौंपा।  
  ग्राम गोड़ाडीह के संतनु कुमार कुर्रे सहित ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि गोड़ाडीह में स्थित जिंदल पावर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय लोगों द्वारा रोजगार की मांग को लेकर पूर्व में धरना-प्रदर्शन किया गया था। कंपनी की ओर से स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक स्थानीय बेरोजगार युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कंपनी पर उचित कार्यवाही कर स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को मामले को सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरीकला के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की मजदूरी के भुगतान में अनियमितता की शिकायत करते हुए जांच की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में नाली निर्माण कार्य कराया गया, जिसमें मजदूरी का भुगतान सरपंच द्वारा स्वयं एवं अन्य परिचित के नाम पर किया गया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर द्वारा इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया।    
  कोटा क्षेत्र के आवेदक भारत सिंह ने कलेक्टर के समक्ष सर्वेयर कार्य का भुगतान लंबित होने के संबंध में आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि सर्वेयर के रूप में कार्य करने के बाद उनकी करीब 18,730 रुपये की भुगतान राशि लंबित है। भुगतान के लिए आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय में जमा किए जाने के बावजूद राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने लंबित भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को उनका आवेदन सौंपा। मस्तुरी तहसील क्षेत्र के सतीश पाल सहित अन्य ग्रामीण किसानों ने बताया कि ग्राम पंचायत जयरामनगर खैरा बस्ती निवासी कमल सोनी और दिलहरण यादव द्वारा चूना पत्थर की खदान में राखड़ (फ्लाई ऐश) की पटाई की गई थी। इस राखड़ का उचित रख-रखाव न करने और उसे खुला छोड़ देने के कारण इस वर्ष जुलाई और अगस्त माह की भारी बारिश में यह बहकर किसानों के खेतों में जा घुसा। धान की बुआई वाले इन खेतों में राखड़ भर जाने से लगभग सात से आठ एकड़ कृषि भूमि और फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों के सामने आने वाले साल में भी खेती-बाड़ी न कर पाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कलेक्टर से उचित क्षतिपूर्ति दिलवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सकरी तहसील के ग्राम समडील निवासी कुंजबिहारी अनंत ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि उनकी पुत्री अंजना कुमारी का विवाह प्रमाण पत्र और उनकी माता पूना बाई अनंत का मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए ग्राम समडील के सचिव द्वारा पिछले छह से सात महीनों से टालमटोल किया जा रहा है। सचिव द्वारा लगातार बहाने बनाए जा रहे हैं। उन्होंने  दोनों प्रमाण पत्र दिलवाए जाने की गुहार लगाई है। कलेक्टर ने जनपद पंचायत तखतपुर के सीईओ को इस मामले पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english