किसान साफ और सूखा धान लेकर पहुंचें केंद्र, नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत
-जिले के 154 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी*
बिलासपुर/ जिले के 154 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन के लिए गुणवत्ता और तौल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ और सूखा धान उपार्जन केंद्रों में लेकर आएं।
खाद्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार धान में नमी की अधिकतम मात्रा 17 प्रतिशत होनी चाहिए। विजातीय पदार्थों में अकार्बनिक और कार्बनिक पदार्थों की अधिकतम सीमा अलग-अलग एक प्रतिशत निर्धारित है। अपरिपक्व, सिकुड़े और छोटे दानों की अधिकतम सीमा तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की सीमा छह प्रतिशत रखी गई है। क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दाने चार प्रतिशत से अधिक नहीं होने चाहिए। किसानों से धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। खरीदी केंद्रों में तौल के दौरान प्रति बोरा धान की मात्रा 40 किलोग्राम रहेगी। नए जूट बारदाने का वजन 545 ग्राम से 626 ग्राम तक निर्धारित है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे धान की सफाई और सुखाई पर विशेष ध्यान दें तथा तौल के समय धान की मात्रा और बारदाने के वजन को लेकर सजग रहें, जिससे धान विक्रय की प्रक्रिया सुगमता से पूरी हो सके।



.jpg)









Leave A Comment