बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए मददगार साबित हो रहा ‘कलेक्टर जनदर्शन’
- हरिराम साहू को मौके पर ही मिला श्रवण यंत्र
बालोद/ कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण हेतु संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक ‘कलेक्टर जनदर्शन’ जिले के बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए अत्यंत मददगार साबित हो रहा है। जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरूर विकासखण्ड के ग्राम भानपुरी निवासी बुजुर्ग श्री हरिराम साहू को मौके पर ही श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। श्रवण यंत्र मिलते ही बुजुर्ग के चेहरे पर संतोष और खुशी की चमक साफ दिखाई दी।
श्री हरिराम साहू ने बताया कि वे लंबे समय से कान की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें दोनों कानों से सामान्य आवाजें सुनाई नहीं देती थीं। सुनने में असमर्थता के चलते उन्हें परिजनों व अन्य लोगों से संवाद करने में काफी परेशानी होती थी और लोग उन्हें इशारों के माध्यम से या जोर से बोलकर बात समझाते थे। जिसके कारण कभी-कभी अप्रिय स्थिति बन जाती थी। अपनी इस समस्या को लेकर वे आज कलेक्टोरेट पहुंचे। जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने श्री हरिराम साहू से आत्मीय बातचीत कर उनकी समस्या का त्वरित निराकरण के लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागीय अमले द्वारा तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को मौके पर ही कान की आधुनिक मशीन उपलब्ध कराई गई।
श्रवण यंत्र लगाते ही श्री हरिराम साहू को आसपास की आवाजें स्पष्ट और सहज सुनाई देने लगीं। मौके पर ही बातचीत कर परीक्षण करने के बाद उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें किसी की बात सुनने व समझने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और न ही परिजनों को इशारे करने पड़ेंगे। जनदर्शन में मिली इस त्वरित सहायता और मानवीय संवेदनशीलता के लिए बुजुर्ग श्री हरिराम साहू ने जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।













.jpg)
Leave A Comment