सुगम एवं सुरक्षित यातायात के लिए चंद्रा मौर्या चौक से प्रवेश द्वार हटाया गया
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देश पर शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निगम की टीम द्वारा प्रवेश द्वार एवं अन्य संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-01 के जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया के नेतृत्व में सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर एवं राजस्व टीम द्वारा चंद्रा मौर्या चौक स्थित स्वागत द्वार को हटाने की कार्रवाई की गई।
चंद्रा मौर्या चौक शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों एवं राहगीरों का आवागमन होता है। मौके पर स्थापित स्वागत द्वार की लोहे की संरचना कमजोर होने के कारण इसके सुरक्षित नहीं रहने की स्थिति को देखते हुए निगम की टीम ने इसे हटाया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर बड़ी या कमजोर संरचनाएं यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। साथ ही सड़क किनारे अथवा मार्ग के ऊपर लगी प्रचारात्मक संरचनाओं से वाहन चालकों का ध्यान भी विचलित होने की संभावना रहती है। ऐसे स्थानों पर यातायात की सुरक्षा एवं निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। निगम का उद्देश्य है कि वाहन चालक सड़क एवं यातायात पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि शहर में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और ऐसे स्थानों पर अनावश्यक रूप से संरचना अथवा प्रचार सामग्री स्थापित न करें, जिससे यातायात प्रभावित हो।








.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment