बलौदाबाजार में करंट लगने से एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत
बलौदाबाजार। यहां करंट लगने से एक कपड़ा व्यापारी, उनकी पत्नी और 24 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू चौक के पास स्थित उनके घर में हुई। मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और बेटे ईशान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि राकेश और ईशान की मौत शुक्रवार को जबकि वर्षा की मृत्यु शनिवार को हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह राकेश गुप्ता सफाई करने के दौरान बालकनी में लगी लोहे की रेलिंग के संपर्क में आए और रेलिंग में करंट प्रवाहित होने की वजह से वे उससे चिपक गए। उन्होंने बताया कि अपने पिता को मुसीबत में देखकर, ईशान उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट मे आ गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान पति और बेटे को बचाने की कोशिश में वर्षा गुप्ता भी बुरी तरह झुलस गईं। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शवों व घायल महिला को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही है कि रेलिंग में करंट कैसे आया। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह घटना शॉर्ट सर्किट या घर के करीब गुजरने वाली खुली तारों की वजह से हुई है।












.jpg)
Leave A Comment