बिना वैध अनुज्ञप्ति कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण करने वाली फर्म पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई
-*लगभग 5 लाख रुपए की सामग्री जब्त, 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल भी जब्त*
-*तीन कॉस्मेटिक उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट मिलने के बाद होगी आगे की वैधानिक कार्रवाई*
रायपुर / खाद्य एवं औषधि प्रशासन, रायपुर की टीम ने बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण करने वाली फर्म के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 5 लाख रुपए की सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ श्री दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देशानुसार एवं सहायक औषधि नियंत्रक श्री बेनी राम साहू के मार्गदर्शन में की गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रायपुर के महावीर नगर स्थित मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म के संचालक श्री महेंद्र सचदेव द्वारा बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। विभाग द्वारा फर्म को किसी प्रकार की निर्माण अनुज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी।
निरीक्षण के दौरान मौके पर ग्लैमरिक्स ब्यूटी क्रीम (GLAMORIX BEAUTY CREAM), मॉम ब्यूटी व्हाइटनिंग क्रीम (MOM BEAUTY WHITENING CREAM) एवं क्वीनज़ पर्ल फेशियल सीरम (QUEENZZ PEARL FACIAL SERUM) का निर्माण किया जाना पाया गया। टीम ने तीनों उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए लिए तथा निर्मित उत्पादों को जब्त किया।कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही 12 प्रकार की मशीनें एवं कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 8 प्रकार के कच्चे माल को भी जब्त किया गया। जब्त की गई समस्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख रुपए है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के तहत की गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी श्री टेकचंद धिरहे, श्री ईश्वरी नारायण सिंह, श्रीमती लक्ष्मी कौशिक एवं श्री सुरेश साहू शामिल रहे।
*संदिग्ध कॉस्मेटिक उत्पादों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी*
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण, भंडारण, विक्रय अथवा वितरण न करें। उपभोक्ता कॉस्मेटिक उत्पाद खरीदते समय उत्पाद का लेबल, निर्माता का नाम एवं पता, निर्माण अनुज्ञप्ति संबंधी विवरण तथा उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें।
विभाग ने संदिग्ध, अवैध अथवा बिना उचित लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की जानकारी मोबाइल नंबर *9340597097* पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।













Leave A Comment