ब्रेकिंग न्यूज़

 कृषि विश्वविद्यालय में आम का उच्च सघन बागवानी कार्यक्रम प्रारंभ

-कुलपति डाॅ. चंदेल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने किया आम के उन्नत किस्मों का रोपण
 रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति डाॅ. गिरीश चंदेल के मार्गदर्शन में उच्च सघनता बागवानी कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके तहत आज विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र में आम की उन्नत किस्मों का रोपण किया गया। कुलपति डाॅ. चंदेल सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आम की ‘‘अर्का उदय’’ एवं ‘‘अर्का सुप्रभात’’ जैसी उन्नत किस्मों का सघन रोपण किया गया। उच्च सघनता बागवानी योजना के तहत विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र में दो एकड़ क्षेत्र में आम की उन्नत किस्मों के दो सौ से भी अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। यहां के पौधों के बीच में अदरक, जिमीकंद आदि अन्तरर्वती फसलें भी लगाई जाएंगी। इस अवसर पर डा. चंदेल ने फल विज्ञान विभाग द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों का जायजा भी लिया।
उच्च सघनता रोपण प्रणाली आम की वैज्ञानिक बागवानी की एक महत्वपूर्ण तकनीक है।  परंपरागत आम बागों में सामान्यतः 10 × 10 मीटर की दूरी पर पौधे लगाए जाते हैं, जिससे प्रति हेक्टेयर पौधों की संख्या सीमित रहती है। इसके विपरीत उच्च सघनता प्रणाली में 5 × 5 मीटर दूरी पर लगभग 400 पौधे प्रति हेक्टेयर लगाए जा सकते हैं। इस प्रणाली का उद्देश्य सीमित भूमि में अधिक पौधे लगाकर उत्पादन क्षमता बढ़ाना तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना है। 
फल विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. घनश्याम साहू ने बताया कि उच्च सघनता आम बाग की स्थापना के लिए अच्छी जल निकास वाली उपजाऊ भूमि का चयन करना चाहिए। स्वस्थ एवं प्रमाणित कलमी पौधों का रोपण वर्षा ऋतु में करना उपयुक्त रहता है। पौधों की नियमित सिंचाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा खरपतवार नियंत्रण के साथ-साथ समय-समय पर प्रशिक्षण एवं छंटाई करना आवश्यक है। छंटाई से पौधों की ऊंचाई एवं फैलाव नियंत्रित रहता है तथा सूर्य का प्रकाश और हवा पौधों के अंदर तक पहुंच पाते हैं। इस प्रणाली में पौधों के बीच उचित दूरी बनाए रखना, अनावश्यक शाखाओं को हटाना तथा छत्र प्रबंधन करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इससे बाग में प्रकाश एवं वायु संचार बेहतर होता है और पौधों के बीच प्रतिस्पर्धा कम करने में सहायता मिलती है। उच्च सघनता बागवानी किसानों के लिए आधुनिक फल उत्पादन की एक उपयोगी संभावना प्रस्तुत करती है। वैज्ञानिक ढंग से किस्मों का चयन, उचित रोपण दूरी, नियमित छंटाई एवं उन्नत बाग प्रबंधन अपनाकर आम उत्पादन को अधिक व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाया जा सकता है। यह तकनीक विशेष रूप से उन किसानों के लिए उपयोगी है जो सीमित भूमि में व्यावसायिक फल उत्पादन करना चाहते हैं। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english