ब्रेकिंग न्यूज़

  मेहनत और लगन से साग-सब्जी उत्पादन को बनाया सफल व्यवसाय, छबीला सेठिया ने कमाए 3 लाख रुपए

-बिहान दीदी की उन्नत खेती बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, मचान पद्धति और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर बढ़ाई आमदनी
 रायपुर । बस्तर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं अब पारंपरिक आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़कर खेती-किसानी को भी सफल व्यवसाय का रूप दे रही हैं। मेहनत, लगन और नई तकनीकों को अपनाकर महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी बस्तर जिले के जनपद पंचायत बास्तानार अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ेनार की श्रीमती छबीला सेठिया की है, जिन्होंने साग-सब्जी की उन्नत खेती को अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। अपनी मेहनत के दम पर वे अब तक लगभग 3 लाख रुपए की आमदनी अर्जित कर चुकी हैं।
 श्रीमती छबीला सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। पहले वे घर में पशुपालन और सीमित जमीन पर पारंपरिक खेती करती थीं। इससे परिवार की जरूरतें तो पूरी होती थीं, लेकिन आमदनी बढ़ाने के अवसर सीमित थे। इसी बीच उन्हें कृषि आधारित प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जिसने उन्हें खेती को व्यवसाय के रूप में अपनाने की प्रेरणा दी। प्रशिक्षण से मिली जानकारी और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने वर्ष 2024 में अपनी जमीन पर व्यवस्थित रूप से व्यावसायिक साग-सब्जी उत्पादन शुरू किया।
 खेती के इस नए सफर में स्व-सहायता समूह और बैंक से मिले वित्तीय सहयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीमती छबीला सेठिया को जिला सहकारी बैंक से एक लाख रुपए, बैंक लिंकेज के माध्यम से 50 हजार रुपए तथा वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से स्वयं सिद्धा योजना के तहत एक लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग का उपयोग उन्होंने खेती की गतिविधियों को विस्तार देने और उत्पादन की बेहतर व्यवस्था विकसित करने में किया।   उन्होंने पारंपरिक तरीके से खेती करने के बजाय मचान पद्धति, बांस की स्टिक सहित अन्य उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाया। इससे सब्जियों की खेती को अधिक व्यवस्थित बनाने और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने में मदद मिली।
 लगन एवं मेहनत, नियमित देखभाल और बेहतर कृषि पद्धतियों के परिणामस्वरूप श्रीमती छबीला सेठिया को अब तक लगभग तीन लाख रुपए की आमदनी प्राप्त हो चुकी है। उनकी यह सफलता केवल आर्थिक उपलब्धि नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम भी है। वर्तमान में भी उनका साग-सब्जी उत्पादन का कार्य निरंतर जारी है और वे इसे और आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।  छबीला सेठिया की सफलता की एक खास बात यह भी है कि वे अपनी मेहनत से उगाई गई साग-सब्जियों को स्थानीय बाजार में स्वयं दुकान लगाकर सीधे उपभोक्ताओं को बेचती हैं। इससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और बिचौलियों पर निर्भरता भी कम हुई है। उत्पादन से लेकर बिक्री तक की जिम्मेदारी स्वयं संभालकर उन्होंने खेती को एक व्यवस्थित व्यवसाय का रूप दिया है।
 श्रीमती छबीला सेठिया की यह सफलता बताती है कि यदि महिलाओं को सही प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और आगे बढ़ने का अवसर मिले, तो वे सीमित संसाधनों में भी बेहतर आजीविका का सृजन कर सकती हैं। बिहान योजना से मिली प्रेरणा और सहयोग ने उनके पारंपरिक खेती के अनुभव को एक सफल उद्यम में बदलने का अवसर दिया है। आज छबीला सेठिया की मेहनत और उपलब्धि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english