ब्रेकिंग न्यूज़

 कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

0- अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी जरूरी, जनता के बीच जाकर ही समझा जा सकता है लोकतंत्र: प्रो. मनोज दयाल
रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को ‘भारतीय लोकतंत्र और संविधान तथा मीडिया की भूमिका’ विषय पर एक विशेष संगोष्ठी एवं विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संवैधानिक मूल्यों, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में मीडिया के उत्तरदायित्व पर गहन मंथन किया।
​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने पत्रकारिता में नैतिकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक समझ विकसित करने के लिए विद्यार्थियों और पत्रकारों को जनता के बीच जाना होगा, ताकि उनकी समस्याओं और विचारों को करीब से जाना जा सके। संविधान सभा के अस्थायी अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा, स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. आंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) हमें वाक् एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, लेकिन अनुच्छेद 19(2) के तहत लगाए गए औचित्यपूर्ण प्रतिबंधों का सम्मान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रो. दयाल ने कहा कि किसी भी प्रकार का उल्लंघन अधिकारों के दायरे में नहीं आता। उन्होंने देश के विकास के लिए 'पंच प्रण' को जीवन में उतारने का आह्वान किया और विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे पहले समाचार पत्र और रेडियो जैसे विश्वसनीय माध्यमों से वास्तविक दुनिया को देखें, उसके बाद ही सोशल मीडिया पर भरोसा करें।
​मुख्य अतिथि के बतौर उपस्थित विधि प्राध्यापक डॉ. भूपेंद्र करवंदे ने संविधान के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी के प्रयासों से 26 नवंबर को पहले 'विधि दिवस' के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी, जिसे बाद में 'संविधान दिवस' घोषित किया गया। उन्होंने प्राचीन भारतीय शासन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कौटिल्य के 'अर्थशास्त्र' और गुप्तकाल में कामंदक द्वारा रचित 'नीतिशास्त्र' का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका का संविधान विश्व का पहला लिखित संविधान है, जबकि भारत का संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ लिखित संविधान है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र जनता की राय से फलता-फूलता है, जिसे मीडिया आगे बढ़ाता है, लेकिन इस दौरान शिष्टाचार, सदाचार और न्यायालय की अवमानना जैसी मर्यादाओं का ध्यान रखना अनिवार्य है।
​ इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि एक अच्छे पत्रकार को हर विषय का ज्ञान होना आवश्यक है, तभी वह तार्किक प्रश्न पूछ सकता है। भारतीय मीडिया के विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासनकाल में प्रेस पर अनेक पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन स्वतंत्र भारत में संविधान ने मीडिया को विकसित होने का सबसे मजबूत आधार प्रदान किया है। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए संवाद की आजादी को जीवित रखना जरूरी है।
ज्ञातव्य है कि कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. ज्योति शर्मा ने किया तथा अंत में प्रबंधन के विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english