नौतपा के आखिरी दिन बस्तर, दुर्ग, सरगुजा जिले में बरसे बादल
रायपुर। प्रदेश में नौतपा की झुलसा देने वाली तेज धूप और भीषण गर्मी की बीच बस्तर, दुर्ग, सरगुजा, कोरियां जिले में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
आज सुबह से जगदलपुर सहित बस्तर जिले के अन्य क्षेत्रों में धूप काफी तेज थी और गर्मी भी बहुत थी। लेकिन दोपहर लगभग 01 बजे मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही कुछ ही समय बाद अचानक गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी शुरू हो गई। इस बारिश से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। बस्तर संभाग में अगले 5 दिनों तक अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है।
वहीं दुर्ग, भिलाई में भी कुछ क्षेत्रों में आज दोपहर को बारिश होने की खबर है। दुर्ग में सुबह से तेज धूप रही और दोपहर को बादल बरसे।
शनिवार को रायपुर और बिलासपुर में दिन भर लू जैसे हालात रहे। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में लू जैसे हालात हैं। इन जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका पश्चिम उत्तरप्रदेश से दक्षिण पूर्व उत्तरप्रदेश , झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिण असम तक बनी हुई है। वहीं आंध्रप्रदेश और आसपास एक चक्रवात भी बना हुआ है। इस वजह से समुद्र की ओर से कुछ नमी आ रही है। तेज धूप के कारण राज्य के कुछ - कुछ क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने लगा है। यहां पर पहुंचने वाली नम हवा के कारण राज्य मेंं कहीं- कहीं तेज अंधड़ और हल्की बारिश होने के आसार हैं। .













Leave A Comment