ब्रेकिंग न्यूज़

 आतंकवाद से जूझने के बाद जम्मू-कश्मीर विकास का नया युग देख रहा: उपराज्यपाल ने जी20 बैठक में कहा

 श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विकास और शांति की असीम संभावनाओं के एक नए युग का गवाह बन रहा है तथा यह सीमा पार से समर्थित आतंकी तंत्र को अलग-थलग करने के सरकार के निरंतर प्रयासों के बाद हुआ है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को श्रीनगर में जी20 की बैठक में यह बात कही। जी20 पर्यटन कार्य समूह की बैठक के दूसरे दिन विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सिन्हा ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाया और क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए विकास प्रयासों के साथ ही फिल्म उद्योग के लिये जम्मू कश्मीर को खोलने व बढ़ते विदेशी निवेश पर भी बात की। सिन्हा ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा, लगभग सभी धार्मिक संप्रदायों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए पहचान पाने वाले जम्मू-कश्मीर को “हमारे पड़ोसी देश द्वारा सरकार प्रायोजित आतंकवाद को झेलना पड़ा”।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई विकासात्मक योजनाओं और केंद्र शासित प्रदेश के प्रभावी प्रशासन से आतंकवाद के तंत्र को अब अलग-थलग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अन्याय, शोषण और भेदभाव को पूरी तरह खत्म कर दिया है जिसका समाज के कई वर्गों ने सात दशक तक सामना किया। सिन्हा ने पर्यटन पर जी-20 की तीसरी बैठक के आयोजन स्थल एसकेआईसीसी में अपने संबोधन के दौरान कहा, “जम्मू कश्मीर एक नए युग का गवाह बन रहा है जिसने विकास और शांति की असीम संभावनाएं खोली हैं। अब विदेशी निवेश भी जम्मू-कश्मीर में आ रहे हैं, लोग एक स्वर्णिम सबेरे की उम्मीद कर रहे हैं।” बैठक कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है और सुरक्षा बलों ने यह सुनिश्चित किया है कि आतंकी समूहों के नापाक मंसूबे नाकाम हों। कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाली दो सड़कों को सील कर दिया गया है। जगह-जगह जांच चौकियां स्थापित की गई हैं और सुरक्षाकर्मी लोगों और वाहनों की भी जांच कर रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि जम्मू कश्मीर कुछ उपलब्धियों के मामले में भारत के विकसित क्षेत्रों में शामिल है और ‘‘हम आर्थिक तथा सामाजिक दोनों रूप से लोगों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' उन्होंने कहा कि अब जम्मू कश्मीर में विदेशी निवेश भी आ रहा है जो आर्थिक उन्नति का संकेत है जिसकी ओर लोग उत्सुकता से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत के उस संकल्प को दिखाता है कि जम्मू कश्मीर को भी लोकतंत्र की विशेषताओं का लाभ उठाना चाहिए जैसे कि बाकी के राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलता है। उपराज्यपाल ने कहा कि जमीनी लोकतंत्र मजबूत हुआ है, नए उद्योग आ रहे हैं, तेजी से कृषि विकास हमारे गांवों को समृद्ध बना रहा है, बुनियादी ढांचा विकास तेजी से हो रहा है। पर्यटन में वृद्धि का जिक्र करते हुए सिन्हा ने कहा कि पिछले साल रिकॉर्ड 1.8 करोड़ से अधिक पर्यटक केंद्र शासित प्रदेश आए थे। पिछले साल जम्मू कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन का योगदान सात प्रतिशत से अधिक रहा।
----

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english