ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा नेताओं ने मोदी के विकास कार्यों, सांस्कृतिक उपायों की सराहना की; किसानों का भी जिक्र किया

नयी दिल्ली.  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अधिवेशन में शनिवार को पारित एक राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 10 साल के कार्यकाल में ‘‘राम राज्य'' की परिकल्पना को साकार किया गया है। भाजपा के शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय अधिवेशन के दौरान पारित ‘विकसित भारत-मोदी की गारंटी' प्रस्ताव में कांग्रेस पर भी हमला किया गया। इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के संदर्भ में कहा गया कि कांग्रेस जहां भी सत्ता में थी, उसने जल्द ही वहां के लोगों का विश्वास खो दिया और लोग भाजपा को वहां वापस लेकर आए। अधिवेशन में भाजपा के कई नेताओं ने दक्षिण भारत, किसानों और सिखों के लिए सरकार के विकास कार्यो, सांस्कृतिक-राष्ट्रवाद से संबंधित उपायों और विभिन्न पहल का उल्लेख किया। विभिन्न मांगों को लेकर किसानों के एक वर्ग के विरोध-प्रदर्शनों के बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संकल्प का प्रस्ताव पेश करते हुए अपनी टिप्पणी में कहा कि किसी भी सरकार ने किसानों के हित में इतना काम नहीं किया है जितना कि प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के लिए किसान अपने परिवार से कम नहीं हैं।''
 
प्रस्ताव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस) पर जाति आधारित विभाजनकारी राजनीति करने का भी आरोप लगाया गया। इसमें दावा किया गया है कि इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश में केवल चार जातियां - ‘‘गरीब, किसान, महिलाएं और युवा'' हैं और वह उनके उत्थान के लिए समर्पित हैं। प्रस्ताव में कहा गया कि सरकार की पहल ने इन चार ‘‘जातियों'' को सशक्त बनाया है और वे उसकी हर योजना के केंद्र में हैं। सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में सत्तारूढ़ गठबंधन को देशभर से जो सम्मान मिला है, वह अभूतपूर्व है। प्रस्ताव में कहा गया है कि मोदी के नेतृत्व में न केवल राम मंदिर का निर्माण हुआ, बल्कि उन्होंने समाज के सभी वर्गों को सशक्त करने के लिए काम कर ‘‘राम राज्य'' की परिकल्पना को भी साकार किया। इसमें कहा गया कि राष्ट्रीय सम्मेलन यह अटूट विश्वास व्यक्त करता है कि मोदी सरकार का तीसरा कार्यकाल देश के विकास को और गति देगा तथा 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए सफलता के नये कीर्तिमान बनाएगा। प्रस्ताव में कहा गया कि भारत एक मजबूत देश के रूप में उभरा है, जो सुरक्षा, समृद्धि और खुशी के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा ने प्रस्ताव में अपने ‘‘अग्रणी'' नेता पर भरोसा जताया और विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट जीतेगी और उसका राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से ज्यादा सीट जीतेगा। इसमें कहा गया है, ‘‘मोदी सरकार के 10 वर्षों में ‘‘राम राज्य'' की परिकल्पना साकार हुई है।''
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर चर्चा करते हुए मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने पांच शताब्दियों से अधिक समय से भक्तों का इंतजार खत्म कर दिया है, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों को खुशी मिली है। प्रस्ताव में देश की सनातन संस्कृति का सम्मान करने के लिए सरकार की सराहना की गई।
 
आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी की गारंटी विकसित भारत की गारंटी है और केंद्र सरकार के कल्याणकारी कदमों का लाभ जाति, क्षेत्र या धर्म के आधार पर भेदभाव किए बगैर समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने जब मंदिर निर्माण का उल्लेख किया तो देश भर से आए पार्टी के 11,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने तालियां बजाईं और 'मोदी है तो मुमकिन है' का नारा भी लगाया गया। यह एक ऐसा मुद्दा है जो भाजपा कार्यकर्ताओं के दिल के करीब है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी जब अपने संबोधन में राम मंदिर का उल्लेख किया तो पूरा भारत मंडपम ‘जय श्री राम' और ‘मोदी जी को जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रस्ताव का समर्थन किया और दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं में मंदी के बीच भारत की संपन्न अर्थव्यवस्था की ओर वैश्विक टकटकी पर प्रकाश डाला। मोदी के आग्रह पर उन्होंने तमिल और तेलुगू में भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत इस समय प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ रहा है और दुनिया भर में निवेश का झुकाव भारत की ओर है जो पिछले दशक में एक 'महत्वपूर्ण' उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में भारतीय अर्थव्यवस्था जहां 'सबसे कमजोर पांच' में शामिल थी उसे प्रधानमंत्री मोदी ने शीर्ष पांच में पहुंचा दिया जो भारत के विकास को दर्शाता है। प्रस्ताव में कहा गया है कि सरकार के तहत कृषि बजट पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग सरकार के दौरान लगभग पांच गुना बढ़कर 1.25 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) व्यवस्था के तहत अनाज की रिकॉर्ड खरीद के अलावा किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में 2.8 लाख करोड़ रुपये के अंतरण को भी रेखांकित किया गया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रस्ताव में अपने प्रस्तावित संशोधनों में करतारपुर गलियारा खोले जाने का जिक्र किया जिससे सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान स्थित इस गुरुद्वारे में शीश झुकाने और अरदास करने का मौका मिला। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने दक्षिण भारत के लिए सरकार द्वारा किए गए कई विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि भाजपा वास्तव में एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है क्योंकि अब तमिलनाडु में भी इसके विधायक हैं और तेलंगाना में इसकी उपस्थिति है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने स्कूलों, सड़कों और विद्युतीकरण सहित आदिवासी क्षेत्र में सरकार की कल्याणकारी पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इन दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में काफी बदलाव आया है। सिंह ने कहा कि भारतीय राजनीति में विश्वसनीयता के संकट की चुनौती को अगर किसी ने सिर उठाकर चुनौती दी है तो वह मोदी हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी जो कहते हैं, वह उसे पूरा करते हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में कई महिलाओं द्वारा राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों के खिलाफ लगाए गए उन आरोपों को लेकर उपजे विवाद के बारे में भी बात की, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने उनका यौन उत्पीड़न किया और बड़े पैमाने पर जमीन हड़प ली है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है।
 
सिंह ने यूक्रेन सहित विदेशों से अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के सरकार के प्रयासों और कतर की जेल में बंद पूर्व नौसेना कर्मियों की हाल में घर वापसी का उल्लेख किया और कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के विपरीत, दुनिया अब मोदी सरकार के साथ ही भारत को भी सुनती है। उन्होंने कहा कि लोगों को विश्वास है कि मोदी हमेशा उनकी मदद करेंगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने लोगों को नई आशा और विश्वास से भर दिया है, इसलिए उन्होंने भाजपा को और अधिक जनादेश देने का मन बना लिया है। हमें नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए भारत का प्रधानमंत्री बनाना है।'' उनके विचारों का समर्थन करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और भारतीयों को अब विश्व स्तर पर अधिक सम्मान मिलता है और देश ने अपनी सीमाओं को सुरक्षित कर लिया है जबकि इसकी आंतरिक सुरक्षा भी मजबूत हुई है। प्रस्ताव में कहा गया कि ज्यादातर सरकारों को एक या दो उपलब्धियों का श्रेय दिया जाता है, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सैकड़ों ऐतिहासिक पहल की गईं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english