ब्रेकिंग न्यूज़

 अमित शाह ने गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के नये भवन और शहर निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया

 गुवाहाटी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के 111 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये भवन और शहर के लिए 2,000 सीसीटीवी कैमरों वाली निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया। शाह ने नवनिर्मित पुलिस आयुक्त कार्यालय में आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) द्वारा आपराधिक कानूनों पर लगायी गयी एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। यहां एक सरकारी समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री ने इन दो परियोजनाओं का अनावरण किया जिनपर कुल 292 करोड़ रुपये का खर्च आया है। गुवाहाटी पुलिस आयुक्त का 10 मंजिला कार्यालय भवन 111 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और यह खानपारा क्षेत्र में स्थित है। इस भवन में गुवाहाटी पुलिस की सभी शाखाएं होंगी तथा इसमें 400 अधिकारियों के बैठने की क्षमता के अलावा एक पुस्तकालय और एक अभिलेखागार भी होगा। उद्घाटन समारोह में शाह के साथ मौजूद रहे असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बाद में ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘असम की पुलिस व्यवस्था को अगले स्तर पर ले जाते हुए अमित शाह ने गुवाहाटी में पुलिस आयुक्त के नए भवन का उद्घाटन किया।'' उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक और पर्यावरण अनुकूल पुलिस केंद्र कार्यकुशलता को बढ़ावा देगा तथा राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसी को जनता की और भी बेहतर सेवा करने में और सक्षम बनाएगा। शर्मा के साथ-साथ केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी इस समारोह में उपस्थित थे। समारोह के दौरान, शाह ने नए पुलिस आयुक्त भवन के अंदर ‘इंटेलिजेंस सिटी सर्विलांस सिस्टम' (आईसीएसएस) का भी उद्घाटन किया। आईसीएसएस को तैयार करने में 181 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इस सिस्टम के अंतर्गत उन्नत कमान और डेटा सुविधा - एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) - की स्थापना की गई है। इस परियोजना को गुवाहाटी स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने अमलीजामा पहनाया है। इस यूनिट में 2,000 सीसीटीवी कैमरे और 60 नागरिक सुरक्षा एवं ‘अलर्ट सिस्टम' लगे हैं, जिससे पूर्वोत्तर के इस सबसे बड़े शहर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। निगरानी प्रणाली पर टिप्पणी करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘अमित शाह द्वारा इंटेलिजेंस सिटी सर्विलांस सिस्टम का उद्घाटन किये जाने साथ ही, गुवाहाटी अब 2000 से अधिक कैमरों, उन्नत कमान और डेटा सुविधाओं और मजबूत नागरिक सुरक्षा प्रणालियों से सुसज्जित है।'' उन्होंने कहा कि यह पूरी व्यवस्था सभी के लिए एक सुरक्षित और स्मार्ट शहर की दिशा में एक बड़ा कदम है।
 असम पुलिस की सीआईडी ​​ने जनता में नए कानूनों के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से 'नवीन न्याय संहिता पर प्रदर्शनी' का आयोजन किया है। इस प्रदर्शनी में नए अधिनियमित कानूनों की प्रमुख विशेषताओं, उद्देश्यों और कार्यान्वयन को भी प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय के अनुसार, नवीन न्याय संहिता के कार्यान्वयन के मामले में असम लगातार सभी राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा है। एनसीएलआई डैशबोर्ड में असम ने 81.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत स्कोर 57.02 प्रतिशत है।'' उसने कहा कि असम पीएम गति शक्ति पोर्टल में सभी थानों की शतप्रतिशत 'जियो फेंसिंग' हासिल करने वाला पहला राज्य है और एमसीयू में डीएनए सैंपल दर्ज करने वाला भी पहला राज्य है। असम के इस शहर को एक जनवरी, 2015 को अपना पहला पुलिस आयुक्त मिला। इससे पहले, शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पास थी। तब से गुवाहाटी पुलिस आयुक्त का कार्यालय विभिन्न स्थलों से अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। स्थायी भवन मिलने से पहले इसने कई बार अपना पता बदला है और अब तक तीन अलग-अलग सरकारी कार्यालयों का उपयोग किया है। आज इसके लिए स्थायी भवन का उद्घाटन शाह ने किया। नवनिर्मित पर्यावरण-अनुकूल भवन में शत-प्रतिशत वर्षा जल संचयन की सुविधा के साथ-साथ जल शोधन और मलजल शोधन संयंत्र और 42.3 किलोवाट बिजली उत्पन्न करने के लिए सौर पैनल भी लगे हैं। शर्मा ने पांच जनवरी, 2023 को नए पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्माण की आधारशिला रखी थी। इसे 24 महीनों में 95 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाना था, जो अब बढ़कर 111 करोड़ रुपये हो गया है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english