नासा ने छठे निजी आईएसएस मिशन के लिए 'वास्ट' का चयन किया
नयी दिल्ली. कैलिफोर्निया की निजी अंतरिक्ष कंपनी वास्ट ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) तक अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने के छठे निजी मिशन को अंजाम देने के लिए शुक्रवार को नासा के साथ का अनुबंध किया। हालांकि, करार के बावजूद फ्लोरिडा से 2027 की गर्मियों से पहले अंतरिक्ष में मिशन भेजे जाने की उम्मीद नहीं है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी 'नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन' (नासा) के साथ साझेदारी में वास्ट का यह पहला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए मिशन होगा। वास्ट के सीईओ मैक्स हाओट ने एक बयान में कहा, ''वास्ट को नासा द्वारा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए छठे निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन के लिए चुने जाने पर गर्व है... ।'' करार के तहत अंतरिक्ष में जाने वाले यात्रियों के आईएसएस पर 14 दिनों तक बिताने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य वास्ट द्वारा मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशनों को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे और प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करना है। एक अधिकारी ने बताया, '' प्रक्षेपण की सटीक तारीख आईएसएस पर कुल अंतरिक्ष यान यातायात और अन्य योजना संबंधी बातों पर निर्भर करेगी। स्पेसएक्स का फाल्कन 9 रॉकेट ड्रैगन अंतरिक्ष यान में चालक दल को अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचाएगा।'' वास्ट कंपनी वर्तमान में हेवन-2 नामक एक बहु-मॉड्यूल अंतरिक्ष स्टेशन का डिजाइन तैयार कर रही है, जिसे कंपनी ने आईएसएस के उत्तराधिकारी के रूप में प्रस्तावित किया है। आईएसएस 2030 में अपनी मियाद पूरी कर लेगा। एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी की योजना 2027 में हेवन-1 को लॉन्च करने की भी है, जो दुनिया का पहला वाणिज्यिक अंतरिक्ष स्टेशन बन सकता है।

.jpg)







.jpg)
Leave A Comment