सोशल मीडिया पर छाया पंजाब में शादी में '10 करोड़' रुपये के नोट उड़ाने का वीडियो...!
चंडीगढ़. पंजाब के तरनतारन में एक शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हा और कई मेहमान दुल्हन पर 'करोड़ों रुपये' के नोटों की बारिश करते दिख रहे हैं और 'डांस फ्लोर' पर ढेर सारे नोट नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोगों ने इस रकम के 10 करोड़ रुपये होने समेत कई तरह के दावे किए हैं। हालांकि, कार्यक्रम में मौजूद डीजे संचालक सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी रही इन अटकलों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाने की बात कहते हुए सिरे से खारिज कर दिया। यह विवाह कार्यक्रम पट्टी इलाके में 14 फरवरी को संपन्न हुआ। इससे संबंधित वीडियो में दूल्हा एक बैग से नोटों की गड्डियां निकालकर हवा में उछालता नजर आ रहा है। उसके साथ कई मेहमान भी इसमें शामिल हो जाते हैं, जिससे देखते ही देखते पूरा 'डांस फ्लोर' नोटों से भर जाता है। डीजे संचालक सिंह ने दुल्हन पर करोड़ों रुपये के नोटों की बारिश के दावों को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "कुछ लोग अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आठ करोड़, 10 करोड़ या 10 लाख रुपये उड़ाने के दावे कर रहे हैं। वे ऐसे दावे इसलिए कर रहे हैं ताकि वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लोग देखें।" उन्होंने कहा कि इसमें शामिल कुल नकदी वास्तव में 2.5 लाख से तीन लाख रुपये के बीच थी। इनमें से अधिकांश नोट 10 रुपये के थे, हालांकि कुछ डॉलर भी थे।









Leave A Comment