कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत
मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रविवार को एक कार और एक ट्रक के बीच हुई सीधी टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना मोतीपुर पुलिस थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के नजदीक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोतिहारी की तरफ से आ रही कार एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठी और सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेश सिंह प्रभाकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''आज दोपहर एक ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई।'' प्रभाकर ने बताया कि मृतकों की पहचान कृष्णा, सोनू, मंतोष और कुंदन के रूप में हुई है। सभी मृत व्यक्ति मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।










Leave A Comment