पिकअप वैन के कुएं में गिरने से आठ लोगों की मौत
सोलापुर (महाराष्ट्र). सोलापुर जिले की मालशिरस तहसील में रविवार को एक पिकअप वैन सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई, जिससे चार बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हुए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना तंदुलवाड़ी गांव के निकट हुई और वाहन में 15 लोग सवार थे।
सोलापुर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने बताया, ''शुरुआती जानकारी के मुताबिक 15 लोगों को ले जा रही एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, और वाहन सड़क किनारे बने एक कुएं में गिर गया। इस हादसे में चार महिलाओं और चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं।'' उन्होंने बताया कि वाहन को कुएं से बाहर निकाला जा रहा है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना में हुई मौतों पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फडणवीस ने बताया कि सात लोगों को बचाया गया है और अभी उनका इलाज जारी है।
उन्होंने कहा कि सोलापुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए थे और राज्य सरकार हालात पर नजर रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है।










Leave A Comment