योग दिवस पर कोलकाता में बनेगा नया रिकॉर्ड, पीएम मोदी के साथ योग करेंगे 10 लाख लोग
नई दिल्ली। कोलकाता में रविवार को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में नया रिकॉर्ड बन सकता है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में करीब 10 लाख लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योगाभ्यास करेंगे। यह जानकारी आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने दी।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि 20 जून को एक भव्य कार्निवल और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास के तहत लगभग 500 नावों की विशेष गतिविधि भी आयोजित की जाएगी।
वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। मुख्य आयोजन स्थल पर करीब 35 हजार लोग एकत्रित होंगे, जबकि पूरे कोलकाता में लगभग 10 लाख लोग प्रधानमंत्री के साथ योग करेंगे। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर अब तक 7 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है और रात तक यह संख्या 10 लाख के करीब पहुंचने की उम्मीद है।
आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम हर वर्ष अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाता है और सभी राज्य इसे अपने-अपने तरीके से उत्साह के साथ मनाते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कोलकाता के चार स्थानों पर ‘रन फॉर योग’ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 हजार लोगों ने भाग लिया। इसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे। इसके अलावा अन्य जिलों में भी ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मोनालिसा दास ने बताया कि शनिवार को ड्रोन शो का आयोजन होगा। इसके बाद रविवार को कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योग गुरु और योग इन्फ्लुएंसर उमंग त्यागी ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं योग कार्यक्रम में शामिल होंगे और उनके साथ योग करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जब देश का नेतृत्व करने वाला व्यक्ति स्वयं आगे बढ़कर योग जैसे अभियान का हिस्सा बनता है, तो इससे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।
उमंग त्यागी ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ बेहद महत्वपूर्ण है। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और यह समय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि लोग अभी से अपने स्वास्थ्य और शरीर पर ध्यान देंगे तो भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य के साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकेंगे।
एक योग प्रशिक्षक ने कहा कि अब योग केवल एक अभ्यास नहीं रह गया है, बल्कि यह एक जन-उत्सव का रूप लेता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर में योग को अपनाने की जरूरत है और कोलकाता में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए। (










Leave A Comment