अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया योगाभ्यास
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी पटना समेत बिहार के अलग-अलग जिलों में सामूहिक योग शिविरों और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने उत्साहपूर्वक योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का मार्ग दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शेयर संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में करोड़ों लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री से बिहार के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन आधे घंटे का योग, ध्यान और योग निद्रा सत्र आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसे अनिवार्य नहीं बल्कि वैकल्पिक रखा जा सकता है, ताकि विद्यार्थी अपनी इच्छा के अनुसार इसमें भाग ले सकें।वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुजफ्फरपुर में योगाभ्यास किया, जबकि बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित वशिष्ठ योग संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर योग किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
भागलपुर के कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, विधायक रोहित पांडेय, विधान परिषद सदस्य एनके यादव और योग गुरु वशिष्ठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, निरोग और खुशहाल जीवन के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।










Leave A Comment