ब्रेकिंग न्यूज़

 मथुरा में जन्माष्टमी से एक सप्ताह पहले शुरू होगा

 मथुरा।   उत्तर प्रदेश के मथुरा में सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाला 'श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026' कार्यक्रम इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक सप्ताह पहले शुरू होगा। इस दौरान मथुरा-वृंदावन के प्रमुख चौराहों और मार्गों को सजाया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने शनिवार को बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय में मंडलायुक्त नरेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापर्व को पहले से अधिक भव्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि, चार सितंबर को मनाया जाएगा। हालांकि, राज्य के पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026' का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से सात दिन पहले ही कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके तहत प्रमुख चौराहों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर मंच बनाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। ओपन एयर थिएटर और ऑडिटोरियम में देश, प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रमुख स्थलों पर 'सेल्फी प्वाइंट' बनाए जाएंगे तथा एलईडी वैन और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के सजीव दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख चौराहों, मार्गों और स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली के खंभों पर तिरंगा रोशनी करने लगाने और मुख्य प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने को भी कहा। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पर्याप्त पार्किंग स्थलों की पहचान करने, दिशा-सूचक संकेतक लगाने तथा सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भंडारों के लिए समय पर अनुमति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने अग्निशमन वाहनों, एंबुलेंस और संकरी गलियों में बाइक एंबुलेंस की तैनाती के साथ पर्याप्त चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों की मैपिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में जिलाधिकारी के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी (डिप्टी सीईओ) सतीश चंद्र तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english