इंडिया पोस्ट के लिए बनेगा नया शुभंकर, डाक विभाग ने शुरू की डिजाइन प्रतियोगिता
नई दिल्ली। संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट के आधिकारिक शुभंकर (मैस्कॉट) डिजाइन करने के लिए ‘इनोवेट इंडिया माईगॉव’ प्लेटफॉर्म पर प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से देशभर के नागरिकों को ऐसा शुभंकर तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जो इंडिया पोस्ट के विश्वास, विश्वसनीयता, सेवा, समावेशिता और डिजिटल नवाचार जैसे मूल्यों को दर्शा सके। प्रतियोगिता में कुल 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है। यह प्रतियोगिता सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। प्रतिभागियों को माईगॉव प्लेटफॉर्म के माध्यम से मौलिक शुभंकर डिजाइन, उसका उपयुक्त नाम और एक संक्षिप्त अवधारणा पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रतियोगिता 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलेगी।
डाक विभाग ने रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए तीन सर्वश्रेष्ठ शुभंकर डिजाइनों के लिए क्रमशः 75,000 रुपए, 50,000 रुपए और 25,000 रुपए के नकद पुरस्कार घोषित किए हैं। इसके अलावा तीन सर्वश्रेष्ठ शुभंकर नामों के लिए 25,000 रुपए, 15,000 रुपए और 10,000 रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में चयनित शुभंकर को इंडिया पोस्ट का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसे डाक विभाग के प्रचार अभियानों, डाक टिकट संबंधी उत्पादों, जन जागरूकता कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य आधिकारिक संचार माध्यमों में शामिल किया जाएगा। डाक विभाग ने देशभर के छात्रों, डिजाइनरों, कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य इंडिया पोस्ट की भविष्य की दृश्य पहचान को एक नए और रचनात्मक स्वरूप के साथ विकसित करना है। प्रतियोगिता के दिशा-निर्देश, नियम और शर्तों तथा प्रविष्टियां जमा करने से जुड़ी पूरी जानकारी इनोवेट इंडिया माईगॉव प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।






.jpeg)
.jpeg)


Leave A Comment