लोकसभा से पारित हुआ सार्वजनिक परीक्षाएं संशोधन विधेयक, अमित शाह ने छात्रों को दी बधाई
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में ‘सार्वजनिक परीक्षाएं (अनुचित साधन रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ के पारित होने पर देशभर के छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने और युवाओं के सपनों व आकांक्षाओं की रक्षा के लिए सख्त कानूनी प्रावधान सुनिश्चित करता है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि लोकसभा में इस महत्वपूर्ण विधेयक के पारित होने पर भारत के सभी छात्रों को बधाई। उन्होंने कहा कि यह कानून सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों और परीक्षा की पवित्रता भंग करने वालों के खिलाफ सबसे कठोर सजा का प्रावधान करता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह संशोधन विधेयक युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं की रक्षा के लिए लाया गया है। इसके जरिए सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को और मजबूत किया जाएगा।
अमित शाह ने स्पष्ट कहा कि मोदी सरकार छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कानून की पूरी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कठोर दंड दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सरकार का मानना है कि नए संशोधन के लागू होने से सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगेगी और ईमानदार अभ्यर्थियों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।









Leave A Comment