ब्रेकिंग न्यूज़

3,886 अमरनाथ श्रद्धालु जम्मू से रवाना

जम्मू. लगातार बारिश के कारण दो दिनों तक बंद रहे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के आंशिक रूप से बहाल होने के बाद 3,886 श्रद्धालुओं का एक नया जत्था रविवार तड़के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि एक दिन के विराम के बाद यात्रा का 25वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 177 वाहनों के काफिले में तड़के दो बजकर 52 मिनट पर जम्मू आधार शिविर से मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित बालटाल के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कश्मीर के हिमालय में समुद्र तल से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी। लगातार बारिश के कारण उधमपुर जिले के झखानी और रामबन जिले के बनिहाल के बीच कई स्थानों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते बड़े पैमाने पर मरम्मत कार्य की आवश्यकता पड़ी। इसी कारण शनिवार को जम्मू से यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला 250 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र, विशेषकर उधमपुर के समरोली इलाके में देवाल पुल के पास, अब एक लेन के यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके बाद अमरनाथ यात्रा के वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य अब भी जारी है, लेकिन दो दिन के अंतराल के बाद रविवार सुबह जम्मू से हल्के मोटर वाहनों को जाने की अनुमति दे दी गई। अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ घंटों में अमरनाथ यात्रा का काफिला गुजरने के बाद काजीगुंड से जम्मू की ओर यातायात भी बहाल कर दिया जाएगा। यातायात पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक-एक दिन छोड़कर चलने की अनुमति दी जाएगी। अगले कुछ दिनों के लिए प्रतिकूल मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए यातायात पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने से पहले सड़क और यातायात की ताजा स्थिति की पुष्टि कर लें। एक अन्य घटनाक्रम में उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने शनिवार को समरोली स्थित देवाल पुल का दौरा कर राजमार्ग पर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मलबा हटाने का कार्य तेजी से पूरा करने पर जोर दिया, साथ ही अभियान में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english