मुंबई में डेढ़ दिन बाद भगवान गणेश की 61,600 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन
मुंबई. मुंबई में 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के बीच भगवान गणेश की 61,600 से अधिक मूर्तियों का बुधवार को मुंबई में विभिन्न जलाशयों में विसर्जन किया गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह छह बजे तक कुल 61,640 मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका था। श्रद्धालुओं ने बारह दिन तक होने वाले गणेश उत्सव के पहले ड़ेढ दिन में इन प्रतिमाओं का विसर्जन किया। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इनमें 301 प्रतिमाएं सार्वजनिक गणपति मंडलों की और 61,247 घरेलू प्रतिमाएं शामिल हैं। इस दौरान 92 हरतालिका (देवी पार्वती) प्रतिमाओं का भी विसर्जन किया गया। इसके साथ कुल विसर्जित प्रतिमाओं की संख्या 61,640 हो गई। अधिकारी ने बताया कि विसर्जन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
नगर निकाय ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे मुंबई में विसर्जन स्थलों की व्यवस्था की है, जिसमें कृत्रिम तालाब भी शामिल हैं। विभिन्न परंपराओं के अनुसार, भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन डेढ़ दिन, पांचवें दिन, सातवें दिन और उत्सव के अंतिम दिन किया जाता है। बारह दिवसीय गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा।











Leave A Comment