नासिक में प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय निकाय अधिकारी की मेज पर छोड़े आवारा कुत्ते
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया, जब प्रदर्शनकारी एक नगर निकाय कार्यालय में दो आवार कुत्तों को लेकर आए और उन्होंने मुख्य अधिकारी की मेज पर कुत्तों को छोड़ दिया। बुधवार की घटना के एक वायरल वीडियो में शिवसेना (उबाठा) की जिला युवा शाखा के पदाधिकारी विक्रम रंधावे को दो बोरियों से कुत्ते निकालते हुए और उन्हें निफाड नगर पंचायत के मुख्य अधिकारी धीरज भामरे की मेज़ पर छोड़ते हुए देखा जा सकता है। रंधावे हैरान अधिकारी से कहते हुए दिखाई देते हैं, "हम पिछले छह महीनों से आपको आवारा कुत्तों की समस्या के बारे में बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आपने हमारे अनुरोधों की अनदेखी कर दी।" अधिकारी ने उन्हें बताया कि नगर निकाय ने आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए पहले ही निविदा जारी कर दी हैं। रंधावे ने कहा, "अगर आपने कोई कदम नहीं उठाया, तो अगली बार हम आपके कार्यालय में और कुत्ते लेकर आएंगे। हम उन बच्चों और महिलाओं को भी साथ लाएंगे जो इस समस्या से परेशान हैं।" रंधावे ने नगर प्रशासन के इस मामले को संभालने के तरीके का विरोध करने के लिए मुख्य अधिकारी की मेज पर नोटों की माला भी रखी। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत इलाके में 400 से ज़्यादा आवारा कुत्ते घूमते हैं और हर महीने 100 से ज़्यादा लोग कुत्तों के काटने का शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों के आतंक का असर बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कुत्तों के काटने के बाद पीड़ितों को दर्दनाक उपचार से गुजरना पड़ता है। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि रंधावे के विरोध प्रदर्शन को उनकी पार्टी का समर्थन प्था या नहीं।
रंधावे ने कहा कि कई नागरिकों को कुत्तों ने काटा है और जारी गणेश उत्सव के दौरान, लोगों खासकर बच्चों के लिए, ये कुत्ते बड़ा खतरा बन रहे हैं। निफाड थाने के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सरकारी कर्मचारी को उसके आधिकारिक कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के आरोप में रंधावे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या इस मामले में रंधावे के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।






.jpg)




Leave A Comment