हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार- दस नये मंत्री शामिल
चंडीगढ़। हरियाणा में आज मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया गया। इसमें दस मंत्रियों को शामिल किया गया है। हरियाणा के राज्यपाल एस एन आर्य ने चंडीगढ़ में आज राजभवन में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज दस मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 12 हो गई है। शपथ लेने वालों में आठ भाजपा के जबकि एक जननायक जनता पार्टी और एक निर्दलीय विधायक शामिल है। इनमें से 6 कैबिनेट और 4 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन ने बुधवार को ही अहम मंत्रालयों का बंटवारा कर लिया था। विभागों के बंटवारे में जेजेपी के पास आबकारी और कराधान विभाग, उद्योग विभाग, श्रम और रोजगार विभाग, नागरिक एवं उड्डयन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, पुरातत्व संग्रहालय विभाग, पुनर्वास विभाग जैसे विभाग आए हैं। जबकि गृह, वित्त, कृषि, टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग जैसे अहम विभाग बीजेपी के पास रहेंगे।
मंत्री बनने वालों की लिस्ट में पूर्व सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनिल विज का भी नाम है। इनके अलावा कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, रंजीत सिंह, जेपी दलाल, बनवारी लाल ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। उधर ओम प्रकाश यादव, कमलेश ढांडा, अनूप धानक और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ ली।
आज शपथ लेने वाले 6 कैबिनेट मंत्री हैं-
अनिल विज, कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जेपी दलाल, बनवारी लाल।
वहीं, इन 4 राज्यमंत्रियों ने भी ली शपथ- ओमप्रकाश यादव (राज्य मंत्री-स्वतंत्र प्रभार), कमलेश ढांडा (राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार), अनूप धानक(राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार) और संदीप सिंह (राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार।
मंत्रियों की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम संदीप सिंह का है। 33 वर्षीय पूर्व हॉकी खिलाड़ी और भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके संदीप सिंह ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर पंजाबी में शपथ ली। संदीप पिहोवा सीट से बीजेपी विधायक हैं। यहां बीजेपी को 53 सालों में पहली बार जीत मिली थी। हाल ही में संदीप के जीवन पर एक फिल्म सूरमा बनी थी। इससे पहले मनोहर लाल खट्टर ने 27 अक्तूबर को दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
Leave A Comment