यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड समेत कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। इसके आलावा अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में ठंड बढऩे की संभावना है। इसके पीछे की वजह पहाड़ों में होने वाली भारी बर्फबारी है। वहीं हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। ओडिशा में अगले 48 घंटों तक बारिश का अलर्ट जारी है। ओडिशा के कई हिस्सों बारिश के साथ बिजली भी चमक सकती है। यहां 4 जनवरी से मौसम उथल पुथल करेगा यानी की बारिश हो सकती है और 5 जनवरी तक पूरे ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहेगा। महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा में अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोंकण और गोवा का मौसम लगभग सूखा रहेगा। यहां धीरे-धीरे मौसम शुष्क हो जाएगा। इसके बाद पूरे राज्य में मौसम शुष्क हो जाएगा और बाद में पांच दिनों तक बारिश नहीं होने की संभावना है।
कश्मीर में भूस्खलन, हजारो यात्री फंसे
भूस्खलन के चलते शुक्रवार को श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर यातायात थम गया। हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों समेत करीब 10,000 यात्री काजीगुंड से जवाहर सुरंग के बीच फंस गए। ये वाहन बुधवार को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना हुए थे, लेकिन डिगडोल में भूस्खलन के बाद पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। जोजिला दर्रे पर बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बंद है। कश्मीर को लद्दाख से जोडऩे वाली इस 86 किमी लंबी एकमात्र सड़क को पिछले 24 दिन से भारी बर्फबारी और फिसलन की वजह से बंद रखा गया है। पुंछ और राजौरी को शोपियां से जोडऩे वाला मुगल रोड भी बंद है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 7 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
Leave A Comment