विधायक की सुरक्षा में तैनात जवान ने की खुदकुशी
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में शुक्रवार देर रात कांग्रेस विधायक देवती कर्मा की सुरक्षा में तैनात जवान ने आत्महत्या कर ली। जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल एके-47 से खुद को गोली मारी है, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। विधायक के बंगले की सुरक्षा में जवान तैनात था और वहीं पर उसने खुद को गोली मार ली। जवान की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है।
एसपी पल्लव के मुताबिक कांग्रेस विधायक देवती कर्मा जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। उनके गृह जिले फरसापाल स्थित बंगले की सुरक्षा में जगदलपुर निवासी जवान आशोराम कश्यप भी तैनात था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात आशोराम कश्यप मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी एके-47 राइफल से खुद को गोली मार ली। राइफल से एक राउंड फायर किया गया और गोली उनके दाहिने ओर सीने लगी। इसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात बंगले में गोली चलने से हड़कंप मच गया। बाकी के सुरक्षाकर्मी भागकर मौके पर पहुंचे। वहां जवान आशोराम खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फरसापाल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने जवान की राइफल जब्त करने के साथ ही शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस की ओर से उसके परिवार को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave A Comment