महतो झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष
रांची। झारखंड विधानसभा के दूसरे दिन मंगलवार को झामुमो विधायक रवींद्र नाथ महतो को निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। सोमवार को उन्होंने इस पद के लिए नामांकन किया था। मंगलवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया गया। सदन का कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सत्र के पहले दिन झारखंड विधानसभा चुनाव के नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी ने शपथ दिलाई थी। नाला से नव निर्वाचित झामुमो विधायक रवींद्र नाथ महतो 5वीं विधानसभा के स्पीकर बन गए हैं। सोमवार को उन्होंने सत्ता पक्ष की ओर से स्पीकर पद के लिए एक मात्र प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। विपक्ष की ओर से किसी भी विधायक द्वारा स्पीकर पद के लिए नामांकन नहीं किया गया। इस तरह स्पीकर पद पर उनके चुने जाने की मात्र औपचारिकता शेष बच गई थी। इसकी औपचारिक घोषणा भी मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण से पूर्व कर दी गई। रवींद्र नाथ महतो झामुमो की टिकट पर 2019 में तीसरी बार नाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये हैं। इससे पूर्व वह 2005 और 2014 में भी नाला से ही झामुमो की ही टिकट पर विधायक चुने गये थे। वह शिबू सोरेन को आदर्श मान कर झारखंड आंदोलन में सक्रिय हुए फिर आगे चल कर झामुमो की राजनीति करने लगे। खुद बीएड की डिग्री हासिल कर चुके रवींद्र नाथ महतो का मुख्य पेशा खेती और राजनीति है। उन्हें एक पुत्र और एक पुत्री है। रवींद्र नाथ महतो बीएससी-बीएड हैं। वे अच्छे व तार्किक वक्ता भी हैं।
Leave A Comment