उत्तर भारत के कई हिस्सों में वर्षा और ताजा बर्फबारी के बाद शीतलहर बढ़ी
नई दिल्ली। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और कुछ अन्य इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भारी बर्फबारी के कारण बिजली और जल आपूर्ति बाधित हुई है। पर्वतीय इलाकों में सड़क सम्पर्क प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कुमायुं क्षेत्र में तेज वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज सवेरे ठंडी हवायें चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना व्यक्त की है। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री कम होने के साथ ही शीतलहर तेज हो गई है। पिछले तीन दिनों के दौरान इन राज्यों के कई हिस्सों में बारिश हुई। पंजाब में अमृतसर 2 दशमलव 2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम होकर 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, आदमपुर, हलवारा, बठिंडा, हिसार, करनाल, रोहतक और सिरसा घने कोहरे की चपेट में है।
एक दिन की बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित राज्य के कई इलाकों में आज धूप खिली है। शिमला, कुफरी, मनाली, डलहौजी और कल्पा सहित राज्य के पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला है। राज्य में अगले दो दिन के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस बीच सड़कों से बर्फ हटाने का काम जारी है। कल भारी बर्फबारी के कारण 879 सड़कें बंद हो गई थी। सड़कों पर फिसलन के कारण शिमला पुलिस ने लोगों के लिए परामर्श जारी किया है। राज्य में बर्फबारी से बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी डिप्टी कमीशनरों को आवश्यक सेवायें जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिये हैं।
Leave A Comment