ट्रंप के भारत दौरे से मोदी खुश
पीएम बोले- यह यात्रा विशेष है, भव्य स्वागत किया जाएगा
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आई है। 24-25 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा को लेकर पीएम मोदी काफी उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के 24 एवं 25 फरवरी को भारत की यात्रा पर आने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों की इस प्रगाढ़ मित्रता से न केवल हमारे नागरिकों बल्कि समूची दुनिया का कल्याण होगा। बुधवार को पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा कि उन्हें इस बात से बहुत प्रसन्नता हुई है कि अमेरिकी राष्ट्रपति श्री ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप 24 एवं 25 फरवरी को भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। भारत अपने इन खास मेहमानों कर यादगार स्वागत करेगा। यह यात्रा बहुत खास है और इससे भारत एवं अमेरिका के मैत्री संबंधों को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एवं अमेरिका लोकतंत्र एवं बहुलतावाद के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध हैं। हमारे दोनों देश बहुत से मुद्दों पर व्यापक एवं गहन सहयोग कर रहे हैं। हमारे बीच यह मित्रता न केवल हमारे नागरिकों बल्कि संपूर्ण विश्व का कल्याण करने वाली है। इससे पहले भारत दौरे को लेकर उत्साहित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह इस महीने के अंत में अपनी भारत यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां लाखों लोग उनका स्वागत करेंगे।
Leave A Comment