ब्रेकिंग न्यूज़

बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से बाहर, आकिब नबी को शामिल किए जाने की संभावना

नयी दिल्ली.  भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण श्रीलंका के दो टेस्ट मैचों के दौरे से बाहर रह सकते हैं। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय सीनियर टीम में पहली बार शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। नबी सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले जम्मू-कश्मीर के तीसरे खिलाड़ी होंगे। इससे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक को सीमित ओवरों की भारतीय टीम में बुलावा मिल चुका है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ''बुमराह फिट नहीं हैं और उनकी जगह आकिब नबी के नाम को मंजूरी दे दी गई है। '' आकिब ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्र में 100 से अधिक विकेट लिए हैं और जम्मू-कश्मीर के लाल गेंद के क्रिकेट में शानदार सफलता के सूत्रधार रहे हैं। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं। बुमराह के घुटने में सूजन शुरुआत में जितनी सामान्य लग रही थी उससे अधिक गंभीर प्रतीत हो रही है। ऐसे में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की खेल विज्ञान टीम इस अनुभवी तेज गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की कड़ी चुनौती में जल्दबाजी में उतारने के पक्ष में नहीं है क्योंकि आगे का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, '' सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) का संचालन करने वाले धनंजय और तुलसी ने फैसला किया है कि बुमराह को जोखिम में नहीं डाला जा सकता। हालांकि शुरुआत में टीम प्रबंधन और चयन समिति को यह विश्वास दिलाया गया था कि बुमराह कम से कम दो टेस्ट मैच में से एक के लिए उपलब्ध रह सकते हैं। '' श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला की शुरुआत 15 अगस्त से गॉल में होगी।
इंग्लैंड के खिलाफ 32 वर्षीय बुमराह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच में चोटिल होने के बाद नहीं खेल पाए थे। वह हाल ही में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे और उम्मीद थी कि दो सप्ताह बाद शुरू होने वाली श्रृंखला तक वह मैच के लिए फिट हो जाएंगे। हालांकि पता चला है कि बुमराह को अब भी कुछ परेशानी महसूस हो रही है। अगर वह 15 अगस्त या 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले फिट भी हो जाते हैं तो भी चिकित्सा टीम इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि धीमी पिचों पर गेंदबाजी के अधिक बोझ को देखते हुए टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सही प्रारूप होगा। टीम में बुमराह की जगह के लिए नबी को हालांकि विदर्भ के यश ठाकुर से चुनौती मिलती दिख रही है।
नितीश कुमार रेड्डी (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव), हर्षित राणा (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) और वाशिंगटन सुंदर (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) पहले ही चोटों से जूझ रहे हैं। वाशिंगटन कम से कम पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। बी साई सुदर्शन के मामले में वह फिलहाल सीओई में रोज़ाना करीब 75 मिनट तक नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं और हाल में श्रीलंका में भारत ए की श्रृंखला के दौरान लगी पैर की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। अगले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english