- Home
- छत्तीसगढ़
- दुर्ग / महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत संचालित बाल देखरेख संस्था “खुला आश्रय गृह बालक” में स्वीकृत पद सामाजिक कार्यकर्ता की पूर्ति हेतु पूर्व में आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों की जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा स्कूटनी एवं परीक्षण के पश्चात पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की प्रारंभिक सूची तैयार कर ली गई है। यह सूची जिले की वेबसाइट www.durg.gov.in तथा कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के सूचना पटल पर अवलोकन हेतु उपलब्ध है। महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार संबंधित आवेदक सूची के संबंध में दिनांक 13 मार्च 2026 तक कार्यालयीन समय सायं 5:30 बजे तक अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। दावा-आपत्ति केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। ई-मेल, कोरियर अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
- बिलासपुर /कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में राजस्व, प्रमाण पत्र, सीमांकन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए।बिल्हा विकासखंड के ग्राम बिटकुली निवासी महादेव नेताम ने आवेदन देकर बताया कि उनके बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास स्वयं की भूमि नहीं है, जबकि उनके चाचा के पुत्रों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र बन चुका है। उन्होंने उसी आधार पर उनके बच्चों का भी प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवेदन एसडीएम बिल्हा को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार लोफंदी निवासी तिजराम पटेल ने तहसीलदार बिलासपुर द्वारा सीमांकन रिपोर्ट जारी नहीं किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत किए छह माह से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद सीमांकन रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को आवेदन भेजते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में इस प्रकार विभिन्न विषयों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को प्रेषित कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
- -कैश लेस उपचार हेतु चिकित्सालयों की कराएं ऑनबोर्डिंग-अविवादित नामांतरण बटवारा पंजीयन नहीं करने वाले ग्राम पंचायत सचिवों को देवें कारण बताओ नोटिसदुर्ग / कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज अधिकारियों की बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की विभागवार समीक्षा के साथ शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन के वित्त विभाग द्वारा इम्पैनल्ड बैंकों में ही विभाग बैंक खाते का संचालन करे। नॉन इम्पैनल्ड बैंक विशेषकर आईडीएफसी, बंधन बैंक और उत्कर्ष बैंक से विभाग अपने बैंक खाते इम्पैनल्ड बैंक में ट्रांसफर करा ले। उक्त बैंकों में खाते रहने पर शासकीय राशि लैप्स होने पर संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे। कलेक्टर ने अवगत कराया कि विगत दिवस भी डीएलसीसी की बैठक में बैंकर्स द्वारा अवगत कराया गया है कि निष्क्रिय खातों को एक्टिव कर राशि संबंधित विभागों को लौटाई गई है। अधिकारी अपने विभागीय खाते की जांच कर इसकी पुष्टि प्रतिवेदन कलेक्टर को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेें। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा शासकीय सेवकों को कैसलेस उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सीएमएचओ को कैसलेस उपचार हेतु चिकित्सालयों को ऑन बोर्डिंग कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम पंचायतों में राजस्व संबंधी अविवादित नामांतरण बटवारा पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पंचायतों में फरवरी माह के अंत तक एक-एक पंजीयन के निर्देश दिए गए थे। जिन पंचायतों में अभी तक पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुआ है, जनपद सीईओ संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस देना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से फाईल मूवमेंट और बायोमैट्रिक अटेंडेन्स पर गंभीरतापूर्वक ध्यान देने कहा।कलेक्टर ने अवगत कराया कि आगामी 9 तारीख को ग्राम कोनारी में रेल्वे परियोजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई है। उक्त बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहें। साथ ही किसी भी प्रकार की विभागीय डाउट से एसडीएम दुर्ग को बैठक के पूर्व अवगत कराना सुनिश्चित करें। बैठक में स्वामित्व योजना, गृह निर्माण मंडल को आवास निर्माण हेतु जमीन आबंटन, अनुसुचित जाति विकास प्राधिकरण के अंतर्गत निर्माण कार्य, स्कूली बच्चों का आधार अपडेशन, और खादानों का सीमांकन व सूचना फलक लगाने, वयवंदन और सिकलिंग चिन्हांकन, आयुष्मान योजना आदि की भी समीक्षा की गई। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल, एडीएम श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, नगर निगम भिलाई के आयुक्त श्री राजीव पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त श्री सुमित अग्रवाल, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थॉमस सहित सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ और समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
- -बजट प्रावधानों पर तेजी से अमल, योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देशबिलासपुर / कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज आयोजित टीएल (समय-सीमा) बैठक में जिले के विकास कार्यों, निर्माण गतिविधियों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के बजट में जिले के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे फील्ड में जाकर स्वीकृत कार्यों का डीपीआर तैयार करें और प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृति हेतु राज्य शासन को भेजें। 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत के सभी निर्माण कार्यों को अनिवार्य रूप से प्रगति पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए वार्डवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया।कलेक्टर द्वारा जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिन अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी इस कार्य में लगी है, उन्हें तत्काल रिलीव करने को कहा गया।निर्माण कार्यों हेतु मिट्टी-मुरूम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तालाबों से मिट्टी एवं मुरूम उठाने के निर्देश दिए गए, जिससे तालाबों का गहरीकरण होकर उनकी जलग्रहण क्षमता भी बढ़ेगी। इस वर्ष कम से कम 200 से 300 तालाबों को इस कार्य में शामिल करने को कहा गया। भू-जल रिचार्जिंग के लिए अधिक से अधिक इंजेक्शन वेल निर्मित करने तथा निर्माण स्थलों के आसपास भी इंजेक्शन वेल बनाने के निर्देश दिए गए।आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यकता अनुसार नर्सरी अभी से तैयार करने को कहा गया। शहर एवं आसपास अवैध प्लाटिंग पर कठोर कार्रवाई तथा स्वीकृत लेआउट के अनुरूप प्लाटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने यह भी बताया कि अज्ञात वाहन से मृत्यु होने की स्थिति में भी पीड़ित परिवार को सहायता राशि का प्रावधान है। संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में स्वयं पहल कर पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि सोसाइटी में भंडारण क्षमता सीमित होने के कारण कम से कम 40 से 50 प्रतिशत खाद का अग्रिम उठाव सुनिश्चित कराया जाए तथा किसानों को जानकारी देकर उन्हें इस कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
- -छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदक-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाईरायपुर । युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार का कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं ने ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता में 12 पदक और 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। यह प्रतियोगिता क्रमशः चार चरणों में जिला, राज्य, रीजनल एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदकमुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। यह सफलता सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदकईस्ट जोन की रीजनल प्रतियोगिता का समापन 02 मार्च 2026 को भुवनेश्वर में हुआ, जिसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में भाग लिया। छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक एवं 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस सम्मान अर्जित किए, जिनमें 01 स्वर्ण, 02 रजत, 05 कांस्य पदक तथा 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं।डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने स्वर्ण पदक, 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर एवं सीएनसी टर्निंग में आत्माराम ने रजत पदक अर्जित कर राज्य को गौरवान्वित किया। इसी तरह सीएनसी मिलिंग में निखिल, इलेक्ट्रॉनिक्स में अभिषेक कुमार, प्लंबिंग एवं हीटिंग में रेशमान, वेब टेक्नोलॉजी में सतेंद्र कुमार ने कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। इसी तरह रेन्यूबल एनर्जी में नोहर लाल पटेल, मेकेनिकल इंजीनियरिंग में ओम बंजारे, हेल्थ एंड सोशल केयर में अंतरा मुखर्जी ने मेडल ऑफ एक्सीलेंस प्राप्त किया।उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रतियोगिता का सफल आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया। 19 कौशल ट्रेड्स में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 3327 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 381 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 03 एवं 04 फरवरी 2026 को रायपुर, दुर्ग एवं रायगढ़ जिलों के प्रतिष्ठित संस्थानों में संपन्न हुई। व्यावहारिक मूल्यांकन के पश्चात 38 प्रतिभागियों का चयन रीजनल स्तर के लिए किया गया। रीजनल स्तर पर सफल प्रतिभागी अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य में पहली बार कौशल तिहार 2025 एवं मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचारों के माध्यम से प्रतियोगिता का व्यापक एवं पारदर्शी संचालन किया गया।
- अब तक 8100 से अधिक पुस्तकें की गई दान, आप भी इस पहल से जुड़कर ज्ञान के दान में बनें भागीदाररायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत ज्ञान दान की दिशा में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है।इसी क्रम में जिला पंचायत लाइब्रेरियन डॉ. मीनाक्षी वाजपेयी ने इतिहास की पुस्तकें जिला प्रशासन को दान की।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रमाण पत्र एवं प्रेरक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास से जरूरतमंद एवं प्रतिभावान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 8100 से अधिक पुस्तकें एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स दान की जा चुकी हैं। जिनका लाभ जिले के अनेक विद्यार्थियों को मिल रहा है। यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को संवारने और उनके भविष्य निर्माण का संकल्प है।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। पुस्तक अथवा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने हेतु इच्छुक नागरिक फोन के माध्यम से श्री प्रभात सक्सेना 94060 49000 एवं श्री केदार पटेल 94255 02970 पर संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-02 क्षेत्र का सघन दौरा कर शासन द्वारा स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बायोगैस प्लांट, पूर्व निर्मित शेड, नवीन सड़क और सामुदायिक भवन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों को कार्य अविलंब प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।आयुक्त ने वैशाली नगर क्षेत्रांतर्गत कुरूद बस्ती से गोकुल नगर तक स्वीकृत सड़क स्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुसार जनहित के कार्यों में देरी न की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को आवागमन में शीघ्र सुगमता प्राप्त हो सके। बायोगैस प्लांट एवं शेड निर्माण हेतु चिन्हित स्थल का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को तत्काल कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया।सामुदायिक भवन कुरूद बाजार क्षेत्र में स्वीकृत नवीन सामुदायिक भवन के स्थल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कहा कि इस भवन के बनने से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता श्वेता वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी प्रशन्न तिवारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी एवं जोन स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।"विकास कार्यों का लाभ जनता को समय पर मिलना अनिवार्य है। निर्माण में गति और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।"— राजीव कुमार पाण्डेय, आयुक्त, नपा निगम भिलाई
- रायपुर/ नगर पालिक निगम रायपुर की सेवा से माह नवम्बर 2025 में सेवानिवृत्त हुए नगर निगम कार्यपालन अभियंता श्री रघुमणि प्रधान का नगर निगम रायपुर को सेवायें देने हेतु सम्मान नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त श्री लोकेश्वर साहू ने अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय, श्रीमती कृष्णा खटीक, उपायुक्त श्री जसदेव सिंह बाबरा, श्रीमती जागृति साहू, अधीक्षण अभियंता संविदा श्री बी एल चंद्राकर, कार्यपालन अभियंता श्री प्रदीप यादव, स्वच्छ भारत मिशन के विषय विशेषज्ञ श्री प्रणित चोपड़ा, श्री सूरज चंद्राकर सहित नगर पालिक निगम रायपुर के अन्य सम्बंधित अधिकारियों औऱ कर्मचारियों की उपस्थिति में उन्हें श्रीफल, शाल, स्मृतिचिन्ह बुके सहित प्रदत्त करते हुए किया. रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्तगणों, उपायुक्तगणों ने नगर निगम रायपुर के सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता श्री रघुमणि प्रधान को रंगों के त्योहार होली पर्व की अग्रिम हार्दिक शुभकामनायें दीं औऱ उनके सुखी, स्वस्थ, समृद्ध जीवन हेतु हार्दिक मंगलकामनायें उनके द्वारा रायपुर नगर निगम को दी गयी सेवाओं को सराहते हुए दीं. कार्यपालन अभियंता श्री रघुमणि प्रधान के रायपुर नगर पालिक निगम की स्वच्छ भारत मिशन शाखा के नोडल अधिकारी के रूप में किये गए प्रशासनिक कार्य दायित्व निर्वहन में विशेष रूप से रायपुर शहर नगर पालिक निगम क्षेत्र के राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश का चौथा स्वच्छ शहर बनने की रैंकिंग का गौरव रायपुर शहर को मिलने में उनके प्रशासनिक कार्य दायित्व के उल्लेखनीय ओजपूर्ण योगदान की सराहना रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्तगणों औऱ उपायुक्तगणों द्वारा उनका सेवा सम्मान करते हुए की गयी.
- *रायपुर नगर निगम के शहरी गरीबी उपशमन विभाग ने समस्त निराश्रित पेंशनधारकों को घर बैठे डीएलसी सत्यापन करने हेतु आसान प्रकियाओं की दी जानकारी*रायपुर/ नगर पालिक निगम रायपुर के शहरी गरीबी उपशमन विभाग द्वारा समस्त निराश्रित पेंशनधारको को जानकारी दी गयी है, कि सभी पेंशन हितग्राही अपना डीएलसी (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) सत्यापन अपने घर पर उपलब्ध किसी भी एंड्राइड मोबाईल के द्वारा प्राप्त कर सकते है। डीएलसी सत्यापन नही होने की स्थिति में भविष्य में हितग्राहियों को पेंशन आहरण में कठिनाईयों का सामना ना करना पडे इस हेतु, प्रक्रिया कर अपना डीएलसी सत्यापन अपने मोबाईल पर ही करे।समस्त निराश्रित पेंशनधारकों को उक्त कार्य हेतु सत्यापन की प्रक्रिया के सम्बन्ध में दी गयी जानकारी निम्नानुसार है:-पहले अपने फोन के प्ले स्टोर से बेनिफिसियरी सत्यापन एप्प को डॉउनलोड करे। फिर उसको ओपन करे प्रोसीड कर अपना आधार नंबर एवं मोबाईल नंबर डालकर आगे बढे फिर आपकों Facerd app डाउनलोड करने का मैसेज आयेगा। आपको पुनः प्ले स्टोर में जाकर Facerd app को डाउनलोड करके अपना स्वयं का फेस स्केन कर ले आप डीएलसी करने के लिए पंजीकृत हो जायेंगे।अब आप बेनिफिसियरी सत्यापन एप्प को ओपन कर लेलें central govt पर टच करें नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम (एनएसएपी) पर टच करें बेनिफिसियरी वेरिफिकेशन पर टच करें। अब पेंशन हितग्राही को आधार नंबर एवं मोबाईल नंबर डालें टिक लगाएं हितग्राही के मोबाईल पर ओटीपी आयेगा ओटीपी डालकर पेंशन हितग्राही का फेस स्कैन करें । अपने आप ही डीएलसी हो जायेगा।जिनका पहले से रजिस्टर्ड रहेगा उसके लिए आलरेडी रजिस्टर्ड का मैसेज आयेगा और जो छत्तीसगढ़ शासन के हितग्राही हैँ । उनके लिए बेनिफिसियरी नोट रजिस्टर्ड विथ दिस स्कीम का मैसेज आयेगा उनको अभी डिजीटल लाईफ सर्टिफिकेट डीएलसी सत्यापन की आवश्यकता नही है।इस प्रक्रिया में किसी भी निराश्रित पेंशन हितग्राही को समस्या आने पर वे रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन में आकर नगर पालिक निगम उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा अथवा नगर निगम मुख्यालय भवन के कक्ष क्रमांक 103 में नगर निगम कर्मचारी सुश्री सुनीता चंद्राकर अथवा सुश्री uषा बघेल से आकर सम्पर्क कर अपनी समस्या उन्हें बताकर उसका नियमानुसार समाधान प्राप्त सकते हैँ.
- रायपुर - नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री विश्वदीप ने नगर निगम रायपुर की प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नगर निगम जोन 9 प्रभारी जोन आयुक्त श्री अंशुल शर्मा को जोन 1 प्रभारी जोन आयुक्त, जोन 4 जोन आयुक्त श्री अरूण ध्रुव को जोन 2 जोन आयुक्त, जोन 1 प्रभारी जोन आयुक्त श्रीमती दिव्या चंद्रवंशी को जोन 4 प्रभारी जोन आयुक्त, जोन 2 प्रभारी जोन आयुक्त श्री संतोष पाण्डेय को जोन 7 प्रभारी जोन आयुक्त, जोन 7 जोन आयुक्त श्री राकेश शर्मा को जोन 9 जोन आयुक्त, प्रभारी उपायुक्त मुख्यालय श्री मोनेश्वर शर्मा को जोन आयुक्त जोन 10 एवं प्रभारी जोन आयुक्त जोन 10 श्री विवेकानंद दुबे को नगर निगम मुख्यालय में नगर निगम सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी कर पदस्थ कर दिया है। आयुक्त ने उक्ताशय का प्रशासनिक आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया है। |
- -राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर तकनीकी व्याख्यान, प्रशिक्षण एवं जागरूकता पर जोरबिलासपुर / राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से चेतना हॉल, पुलिस लाइन बिलासपुर में “संस्थागत, वाणिज्यिक भवनों और उद्योगों में अग्नि सुरक्षा” विषय पर कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। राज्य केंद्र के अध्यक्ष इंजीनियर पुनीत चौबे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूकता और तकनीकी प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। मुख्य वक्ता इंजीनियर अरविंद रस्तोगी ने हाल की अग्नि घटनाओं की केस स्टडी प्रस्तुत करते हुए आग लगने के प्रमुख कारणों, विभिन्न प्रकार की आग के लिए उपयुक्त अग्निशामक यंत्रों तथा कार्यविधि की जानकारी दी। उन्होंने फायर अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली और इलेक्ट्रिक वाहनों में संभावित अग्नि जोखिमों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।संभाग आयुक्त श्री जैन ने कहा कि आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थापना के साथ-साथ उनके सही संचालन का व्यावहारिक ज्ञान भी अनिवार्य है।आईजी श्री गर्ग ने डिजिटल माध्यमों से युवाओं में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने बहुमंजिला आवासीय परिसरों, अस्पतालों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों एवं शासकीय भवनों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थानों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, चिकित्सकों, व्यवसायियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अंत में मानद सचिव डॉ. अजय त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री ज्योति बाला द्वारा किया गया। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सरवे तथा संभागीय सेनानी नगर सेना एन.एस. नेताम, कमांडेंट दीपांकर नाथ विशेष रूप में उपस्थित रहे।
- बिलासपुर,/एकीकृत बाल विकास परियोजना बिल्हा अंतर्गत ग्राम पंचायत हथनी के आंगनबाड़ी क्र. 2 में सहायिका के रिक्त पद पर प्राप्त आवेदनों के जांच उपरांत दावा आपत्ति 11 मार्च 2026 तक मंगाये गये है। प्रकाशित सूची कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बिल्हा एवं कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना बिल्हा के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है।
- बिलासपुर /महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सखी वन स्टॉप सेन्टर में विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच पूरी कर ली गई है। अब इन आवेदनों पर दावा-आपत्ति 5 मार्च से 12 मार्च 2026 तक पुराना कम्पोजिट बिल्डिंग के पीछे स्थित कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते है। मूल्यांकन सूची जिले की वेबसाईट बिलासपुर डॉट जीओवी डॉट इन (https://bilaspur.gov.in) में देखी जा सकती है। सखी वन स्टॉप सेंटर के लिए साइको-सोशल काउंसलर, केसवर्कर, पैरा लीगल कार्मिक-वकील, पैरा मेडिकल कार्मिक, कार्यालय सहायक तथा सुरक्षा गार्ड, नाइट गार्ड पदों के लिए 4 जुलाई से 18 जुलाई 2025 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
- बिलासपुर, /होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी की ड्यूटी विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगाई गई है। कलेक्टर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार तहसीलदार श्री प्रकाश साहू को सिविल लाईन एवं तारबहार, अतिरिक्त तहसीलदार श्रीमती गरिमा ठाकुर को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र, अतिरिक्त तहसीलदार श्रीमती प्रकृति ध्रुव को कोनी एवं सरकंडा थाना क्षेत्र, अतिरिक्त तहसीलदार श्री आकाश गुप्ता को कोतवाली एवं तोरवा थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार श्री टोपलाल सिदार को पुलिस कंट्रोल रूम के लिए तैनात किया गया है।
- भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के कुशल नेतृत्व में निगम प्रशासन द्वारा कर्मचारियों के हित और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण वित्तीय भुगतान किए गए हैं। निगम द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित स्वत्वों और 'वूमेन फॉर ट्री' के अंतर्गत कार्यरत महिला समूहों के मानदेय का त्वरित निराकरण करते हुए कुल 1 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।आयुक्त द्वारा लिए गए निर्णय के तहत जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए कुल 41 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अवकाश नगदीकरण की राशि का भुगतान कर दिया गया है। कुल 84 लाख रुपये की इस राशि के भुगतान से लंबे समय से अपने हक का इंतजार कर रहे पूर्व कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 'वूमेन फॉर ट्री' अभियान के तहत कार्यरत महिला स्व-सहायता समूहों को भी निगम ने समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। इन समूहों द्वारा शहर की हरियाली और वृक्षों के संरक्षण हेतु किए गए कार्यों के बदले, नवंबर और दिसंबर माह का कुल 20 लाख रुपये मानदेय जारी कर दिया गया है।"निगम प्रशासन अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवाओं का सम्मान करता है और उनके लंबित भुगतानों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, 'वूमेन फॉर ट्री' जैसी योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को समय पर मानदेय देकर हम उनके स्वावलंबन और उत्साह को बनाए रखना चाहते हैं।"
-
-धरसींवा में होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
रायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री अनुज शर्मा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों के साथ होली की खुशियाँ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने आयोजन में आमंत्रित किए जाने पर विधायक श्री अनुज शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थितजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। यह हमें मन-मुटाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होलिका बुराई का प्रतीक है, जिसका दहन कर हमें जीवन में अच्छाई, सकारात्मकता और खुशहाली को अपनाना है तथा सबके सहयोग से छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 4 मार्च को होली का पर्व है और इसका उत्साह अभी से दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में राशि अंतरित की गई है, जिससे किसानों में विशेष उत्साह है और इस बार प्रदेश में होली का पर्व और अधिक उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक और पारिवारिक जुड़ाव का अवसर भी है, जो समाज में आत्मीयता और विश्वास को मजबूत करता है।विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के खातों में सहायता राशि अंतरित किए जाने से किसानों में खुशी का माहौल है और वे इस वर्ष होली का त्योहार अधिक आनंद और उत्साह के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया, जिससे पूरा परिसर होली के रंग में सराबोर हो गया।सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित थे। - -’स्व सहायता समूह की 11 महिलाओं ने तैयार किया 100 किलो से ज्यादा हर्बल गुलाल’रायपुर ।कोरिया जिले के जनपद बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम डकईपारा में उजाला महिला स्वसहायता समूह के कुल 11 सदस्यों ने इस बार होली पर प्राकृतिक रंगों से बाजार में खास पहचान बनाई है। महज 10 दिन पहले शुरू हुई पहल आज 100 किलो से अधिक हर्बल गुलाल के उत्पादन तक पहुंच चुकी है, और निर्माण अभी भी जारी है। कलेक्टर कोरिया के श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बिहान की महिलाओं द्वारा तैयार यह हर्बल गुलाल आनलाइन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।प्राकृतिक रंगों की खुशबू समेटते हुए बिहान समूह ने चुकंदर, हल्दी, पलास, पालक, लाल भाजी, एसेंशियल ऑयल और नेचुरल फूड कलर से त्वचा के अनुकूल, खुशबूदार और पर्यावरण के लिए हितैषी हर्बल गुलाल तैयार किया है। रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों के बीच यह पहल सुरक्षित और हरित होली का नया संदेश लेकर बाजार में उपलब्ध है।स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि बाजार में विक्रय के लिए इसे 300 रुपये किलो की दर पर बेचा जा रहा है। आनलाइन इस हर्बल गुलाल की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। हर्बल गुलाल 300 रुपये प्रति किलो की दर से बेचते हुए मात्र दो दिनों में ही इस समूह ने 3,200 रुपये की आय अर्जित कर ली है। होली के पर्व पर बाजार की पसंद को देखते हुए मांग में और वृद्धि की उम्मीद है।हर्बल गुलाल तैयार करने वाले समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्टाफ मास्टर ट्रेनर द्वारा दिया गया। प्रोडक्ट तैयार होने के बाद बाजार की मांग के अनुरूप् सुंदर पैकेजिंग में बिहान स्टाफ ने समूह का सहयोग किया। इस कार्य की शुरुआत समूह ने आंतरिक ऋण लेकर की है। उनके आत्मविश्वास और उद्यमिता को बिहान की मदद से नया आयाम दिया गया है।महिलाओं द्वारा तैयार किया गया यह गुलाल स्थानीय बाजार में जिला मुख्यालय में बैकुंठपुर नगरपालिका के पास तथा संयुक्त जिला कार्यालय के समीप स्थित कोरिया मिलेट्स कैफे के सामने स्टाल में उपलब्ध है। साथ ही इसे कोरियाअमृतडाटकाम वेबसाइट के माध्यम से भी आनलाइन प्राप्त किया जा सकता है।जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने ग्राम पंचायत डकईपारा की महिलाओं के संकल्प, सहयोग और मेहनत से तैयार हर्बल गुलाल लेकर होली मनाने का आवाहन किया है। उन्होने कहा कि प्रत्येक कोरिया वासी स्थानीय स्तर के उत्पाद लेकर गांव की नारी शक्ति के जीवन में आत्मनिर्भरता का नया रंग भर सकते हैं।
- -हर्बल गुलाल निर्माण से आत्मनिर्भर बनीं झाटीबिन की दीदियांरायपुर। कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झाटीबिन की महिलाओं ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के माध्यम से आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की है। वर्ष 2011 में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रारंभ इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के जरिए संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।ग्राम झाटीबिन के शीतला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सुशीला एवं सचिव सुमित्रा के नेतृत्व में 02 फरवरी 2020 से हर्बल गुलाल निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। समूह को बैंक लिंकेज के माध्यम से 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। अब तक समूह द्वारा 3,09,900 रुपये की लागत से हर्बल गुलाल का उत्पादन कर 5,20,300 रुपये की आय अर्जित की गई है, जिससे 2,10,400 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है।इस वर्ष में होली पर्व को ध्यान में रखते हुए समूह की महिलाओं ने 72,750 रुपये की लागत से लगभग 5 क्विंटल हर्बल गुलाल तैयार किया है। प्राकृतिक पुष्पों एवं वनस्पतियों से निर्मित यह गुलाल रसायनमुक्त, त्वचा के लिए सुरक्षित तथा पर्यावरण के अनुकूल है। रासायनिक रंगों की तुलना में हर्बल गुलाल से त्वचा एलर्जी, जलन या आंखों को नुकसान की संभावना कम रहती है। साथ ही यह मिट्टी और जल स्रोतों को प्रदूषित नहीं करता, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।सामान्य गृहिणी से सफल उद्यमी बनने तक का यह सफर महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ने उन्हें न केवल रोजगार उपलब्ध कराया है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी प्रदान किया है। इस होली अपनों के साथ हर्बल गुलाल से रंगों का उत्सव मनाएं और स्थानीय स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को अपनाकर महिला सशक्तिकरण को समर्थन दें।
- -खेल प्रेमियों के लिए 22 मार्च को 'बस्तर हेरिटेज मैराथन' का होगा आयोजनरायपुर । बस्तर की धरती अब बदलाव की एक नई पदचाप सुनने को तैयार है। रविवार 22 मार्च को आयोजित होने वाली 'बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026' न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक मंच बनेगी, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की नई और सकारात्मक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक महा-अभियान भी साबित होगी। इसको लेकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने इस गौरवशाली आयोजन में प्रदेशवासियों से इस मैराथन में अपनी अधिकतम सहभागिता की अपील की है।केंद्र सरकार के 'फिट इंडिया कैंपेन' के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना इस मैराथन का एक प्रमुख लक्ष्य है। प्रशासन का ध्येय है कि बस्तर को ऊर्जा, सकारात्मकता और अटूट एकजुटता के प्रतीक के रूप में राष्ट्रीय मानचित्र पर गौरवान्वित किया जाए। कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे न केवल स्वयं इस दौड़ के लिए पंजीयन कराएं, बल्कि अपने आसपास के लोगों, मित्रों और परिजनों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जितनी बड़ी भागीदारी होगी, बस्तर की एकजुटता का संदेश उतना ही सशक्त होकर उभरेगा। जगदलपुर में आगामी 22 मार्च को होने वाली इस दौड़ का ध्येय वाक्य 'स्वस्थ बस्तर, शांतिपूर्ण बस्तर और सशक्त बस्तर' रखा गया है, जो यहाँ के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की दिशा को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने के लिए प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइटwww.bastarheritage.run पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
- रायपुर । छत्तीसगढ़ अधिवक्ता कल्याण निधि न्यास समिति की बैठक आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में विधि एवं विधायी तथा शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में तथा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री धरमलाल कौशिक की विशेष उपस्थित में सम्पन्न हुई। बैठक में महाधिवक्ता श्री विवेक शर्मा, प्रमुख सचिव विधि एवं विधायी विभाग सुषमा सावंत, अधिवक्ता शैलेन्द्र दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील ओटवानी, छत्तीसगढ़ अधिवक्ता कल्याण निधि न्यास समिति के अन्य सदस्य सहित भारतीय स्टेट बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम, वित्त तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अधिवक्ताओं के हितों एवं कल्याण के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिवक्ताओं के लिए सामूहिक बीमा, पेंशन, नए अधिवक्ताओं के मानदेय, चिकित्सा बीमा, अधिवक्ताओं के कल्याण हेतु मृत्युदावा राशि का प्रावधान सहित छत्तीसगढ़ अधिवक्ता संरक्षण विधेयक के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
- रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की नई कहानी लिख रही हैं। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव-गांव की महिलाएं अब आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवार की आय में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम धमनी की ‘वंदनी स्व सहायता समूह’ की 11 महिलाएं हर्बल गुलाल निर्माण के माध्यम से अपनी पहचान बना रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित ‘बिहान’ योजना के मार्गदर्शन में समूह की दीदियां प्राकृतिक फूलों, हल्दी, चंदन और अन्य जैविक सामग्री से शुद्ध एवं त्वचा के लिए सुरक्षित हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं।होली पर्व को ध्यान में रखते हुए बाजारों में लगाए गए उनके स्टॉल पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। रासायनिक रंगों के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण उनके हर्बल गुलाल की मांग लगातार बढ़ रही है। इससे समूह की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।समूह की महिलाओं का कहना है कि पहले वे केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन शासन की योजनाओं से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और विपणन का अवसर मिला। आज वे न केवल स्वरोजगार कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।महिलाओं ने इस सकारात्मक परिवर्तन और जीवन में आए आत्मनिर्भरता के नए रंगों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं ने उनके जीवन में सचमुच खुशहाली और आत्मसम्मान के रंग भर दिए हैं।
- -कनबेरी में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में 21.35 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की रखी गई आधारशिलारायपुर । वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने आज कोरबा जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनबेरी में श्री अग्रसेन गौसेवा समिति के पास आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने की।मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना से न केवल सड़क कनेक्टिविटी बढ़ी है, बल्कि दूरस्थ जनजातीय समुदायों के सामाजिक विकास, आर्थिक भागीदारी और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ है। यह पहल पीवीटीजी समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि आज ग्राम में मुख्यमंत्री गौरव पथ का निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। इन सभी कार्यों से दूरस्थ क्षेत्र के आवागमन को अभूतपूर्व गति मिलेगी। सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण से वर्षा ऋतु में ग्रामीण अंचल का किसी भी प्रकार का संपर्क बाधित नहीं होगा।मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी योजनाएँ बनाते हैं, ताकि प्रत्येक हितग्राही तक अधिकतम लाभ पहुँच सके। यही कारण है कि आज प्रत्येक योजना का लाभ पात्र लोगों तक निर्बाध रूप से पहुँच रहा है।कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार समग्र और समान विकास की नीति पर कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप प्रत्येक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से अब कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना और मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कुल 21.35 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से आठ वृहद पुलों तथा सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण शामिल है। ये पुल रामपुर विधानसभा के कोरबा विकासखण्ड के लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग और पतरापाली-धानकछार मार्ग पर स्थित गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा और पेंसारी नाला जैसे स्थलों पर निर्मित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पाली- तानाखार विधानसभा के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग के कोठीझुंझा नाला पर 278.72 लाख रुपये की लागत से एक वृहद पुल के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कटघोरा विकासखण्ड में पंचराम घर से हीरालाल घर तक 500 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा, जिसकी स्वीकृत राशि 42.95 लाख रुपये निर्धारित है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर जिले के वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा विशेष रूप से वर्षा ऋतु में आने वाली संपर्क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।कार्यक्रम में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य श्री विनोद यादव, जनपद सदस्य श्री अमृत लाल कंवर, सरपंच श्री शत्रुघन सिंह, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अग्रवाल, श्री अग्रसेन गौसेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष श्री जयंत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
- रायपुर / जिले में शासकीय कर्मचारियों के जन्मदिन अब केवल व्यक्तिगत आयोजन नहीं रह गए हैं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम बनते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना और न्योता भोज के अंतर्गत संचालित “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” का उद्देश्य ही है - खुशियों को बाँटना, और इस पहल को शासकीय कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ अपना रहे हैं।इसी क्रम में आज जिला जनसंपर्क कार्यालय के कन्टेंट राइटर श्री देवांश तिवारी ने बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में विद्यार्थियों के साथ जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों के साथ केक काटकर, फल और पौष्टिक आहार वितरित कर इस दिन को विशेष बनाया।
- रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना 'मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप' (CMGGF) के तहत भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर ने अपने विशेष दो वर्षीय एमबीए (पब्लिक पॉलिसी एंड गवर्नेंस) कार्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्यक्रम सार्वजनिक नीति और शासन के क्षेत्र में भविष्य के कुशल नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों को प्रबंधकीय दक्षता और विश्लेषणात्मक क्षमता के साथ-साथ जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।इस विशिष्ट पाठ्यक्रम का संचालन आईआईएम रायपुर के प्रोफेसर गोपाल कुमार और प्रोफेसर शबना पी. के मार्गदर्शन में किया जाएगा, जो कार्यक्रम निदेशक के रूप में नियुक्त किए गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को न केवल आईआईएम रायपुर परिसर में विश्वस्तरीय कक्षाएं मिलेंगी, बल्कि छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गहन फील्ड एक्सपोज़र भी दिया जाएगा। यह 'ब्लेंडेड' मॉडल सुनिश्चित करता है कि छात्र सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ शासन की जटिलताओं और व्यावहारिक चुनौतियों को भी बारीकी से समझ सकें।इस फेलोशिप की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्ण वित्तीय सहयोग है। राज्य सरकार चयनित सभी अभ्यर्थियों की संपूर्ण ट्यूशन फीस स्वयं वहन करेगी। इसके अतिरिक्त, नामांकित छात्रों को पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के दौरान ₹50,000 प्रतिमाह का आकर्षक वजीफा (Stipend) प्रदान किया जाएगा। सरकार की यह पहल राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक बाधाओं से मुक्त कर उन्हें सार्वजनिक सेवा और सुशासन के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने की एक सुदृढ़ प्रतिबद्धता है।पात्रता और आवेदन प्रक्रिया:कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 60% अंकों (आरक्षित वर्ग के लिए 55%) के साथ स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, आवेदक के पास वर्ष 2023, 2024 या 2025 का वैध CAT स्कोरकार्ड होना आवश्यक है। सीटों का आवंटन छत्तीसगढ़ राज्य की प्रचलित आरक्षण नीति के अनुरूप किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार इस प्रतिष्ठित फेलोशिप और एमबीए कार्यक्रम के लिए 31 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट http://iimraipur.ac.in/mba-ppg/ पर लॉग-इन किया जा सकता है।
- -आप भी इस पहल से जुड़कर ज्ञान के दान में बनें भागीदाररायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत ज्ञान दान की दिशा में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में पीएससी एकेडमी रायपुर के संचालक श्री राकेश साव ने प्रचीन छत्तीसगढ़ का इतिहास, मध्यकालीन छत्तीसगढ़ का इतिहास, भारत का संविधान, सीजीपीएससी प्रैक्टिस पेपर से संबंधित 50 पुस्तकें जिला प्रशासन को दान की।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रमाण पत्र एवं प्रेरक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास से जरूरतमंद एवं प्रतिभावान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 8000 से अधिक पुस्तकें एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स दान की जा चुकी हैं। जिनका लाभ जिले के अनेक विद्यार्थियों को मिल रहा है। यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को संवारने और उनके भविष्य निर्माण का संकल्प है।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। पुस्तक अथवा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने हेतु इच्छुक नागरिक फोन के माध्यम से श्री प्रभात सक्सेना 94060 49000 एवं श्री केदार पटेल 94255 02970 पर संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन एवं जिला रोजगार अधिकारी श्री केदार पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










.jpg)

.jpg)

.jpg)












