- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. भाजपा ने सोमवार को विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता द्वारा "पूरी तरह से निष्क्रिय" कर दिए गए लोग किसी न किसी तरह सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी 'इंडिया' के नेताओं पर "पाखंड" का आरोप लगाया और कहा कि जो लोग हाल तक एक-दूसरे पर हमला और आलोचना कर रहे थे, वे अब "गठबंधन की बैठक का नाटक" कर रहे हैं। भाजपा सांसद ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "लोग सब कुछ देख रहे हैं। इंडी गठबंधन चाहे कितनी भी बैठकें कर ले, उनसे कोई नतीजा नहीं निकलेगा। ऐसी बैठकों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।" पात्रा ने कहा, "इनमें से किसी भी राजनीतिक दल की जमीनी स्तर पर कोई उपस्थिति नहीं है... जनता ने इन्हें पूरी तरह से निष्क्रिय कर दिया है, फिर भी ये किसी न किसी तरह सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं।" विपक्षी 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के नेताओं ने सोमवार को यहां कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में मुलाकात की और "लोकतांत्रिक मूल्यों" की रक्षा के लिए अपने घटक दलों के बीच एकता की आवश्यकता पर जोर दिया। 'इंडिया' ने सोमवार को एकजुटता प्रदर्शित करते हुए ''लाखों युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात करने'' के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और कहा कि वह ''वोट लूट'' को लेकर जल्द ही प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत को पत्र लिखेगा। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा विपक्षी दलों की मांग है कि, ''वर्तमान गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, किसानों तथा जनसरोकार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार को तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।'' विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए पात्रा ने कहा, "पहले (इंडिया की) ऐसी बैठकें स्टेडियम में होती थीं। उन्हें बेंगलुरु के एक स्टेडियम में एक-दूसरे का हाथ पकड़े देखा गया था। अब उनकी बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के एक कमरे में स्थानांतरित हो गई है।" भाजपा नेता ने कहा, "चुनाव के दौरान, (पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी ने कहा था कि कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। राहुल गांधी ने कहा कि बनर्जी की पार्टी की खराब गतिविधियों के कारण भाजपा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर पाई है। और आज वे साथ बैठी थे। सोनिया गांधी और ममता बनर्जी एक-दूसरे को ऐसे गले लगा रही थीं मानो कुंभ मेले में बिछड़ी बहनें हों।" 'इंडिया' के घटक दलों के बीच मतभेदों को रेखांकित करने के उद्देश्य से, पात्रा ने लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम के अनुरोध और तमिलनाडु में सरकार गठन में टीवीके को समर्थन देने के लिए कांग्रेस की आलोचना करने वाले द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा, "वे एक ही ड्राइंग रूम में बैठक करते हैं, लेकिन उनके चुनावी मोर्चे अलग-अलग हैं। उस ड्राइंग रूम से बाहर निकलते ही वे अपने-अपने अलग राजनीतिक मैदान में चले जाते हैं, जहां वे एक-दूसरे को कोसते हैं।" पात्रा ने दावा किया कि 'इंडिया' की बैठक में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाने के अलावा न तो कोई एजेंडा था और न ही कोई रणनीति। भाजपा नेता ने आरोप लगाते हुए कहा, "इंडी गठबंधन की बैठक का एकमात्र एजेंडा (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी को हटाना था।" उन्होंने आगे पूछा, "मुझे बताइए, महत्वपूर्ण क्या है? किसी को बचाना या हटाना? देश को आगे ले जाना या किसी को नीचा दिखाना?" पात्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर खरगे की टिप्पणियों की भी कड़ी आलोचना करते हुए इसे कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा "पाखंड की पराकाष्ठा" बताया। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु और केरल में भी एसआईआर का संचालन हुआ था। लेकिन आप वहां इसकी निंदा नहीं कर रहे हैं। आपने द्रमुक को छोड़कर तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिये तुरंत एक अन्य पार्टी (टीवीके) के साथ गठबंधन कर लिया। और केरल में, आपने (कांग्रेस) सरकार बनाई।" भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 'इंडिया' गठबंधन में पूरी तरह से 'बिखराव' की स्थिति है और कांग्रेस तथा द्रमुक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एवं वामपंथी दलों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने भी क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन के पीछे कांग्रेस के इरादों पर सवाल उठाए हैं। पूनावाला ने कहा, ''कोई 'इंडी' गठबंधन नहीं है। यह केवल कल्पना की उपज है। दिखावटी बैठकें होती हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई वास्तविक प्रतिबद्धता दिखाई नहीं देती।'' विपक्षी गठबंधन में साझा उद्देश्य की कमी का दावा करते हुए पूनावाला ने कहा कि इसमें कोई 'मिशन' नहीं, कोई 'विजन' (दृष्टि) नहीं, केवल 'डिवीजन' (विभाजन) है। एक वीडियो बयान में उन्होंने दावा किया कि क्षेत्रीय दलों का कांग्रेस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह ''उन्हें इस्तेमाल करके छोड़ देती है।'' उन्होंने कहा, '' द्रमुक ने कहा है कि कांग्रेस पीठ में छुरा घोंपने वाली पार्टी है और वह उसके साथ बैठना नहीं चाहती। झारखंड में दूसरी राज्यसभा सीट को लेकर झामुमो का कांग्रेस से विवाद है, उसका कहना है कि कांग्रेस ने उससे पूछा तक नहीं।'' भाजपा नेता ने कहा कि '' राजद, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) और अन्य दलों का भी मानना है कि कांग्रेस उन्हें इस्तेमाल करके छोड़ देती है।'' उन्होंने कहा, ''इंडी गठबंधन केवल कागजों, सुर्खियों और दिखावटी कार्रवाइयों में ही है, हकीकत में नहीं है।''
-
इंदौर (मध्यप्रदेश). ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की बैठक से पहले इसके सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को इंदौर की एक मशहूर चाट-चौपाटी में पारंपरिक जायकों का लुत्फ उठाया। भारत के सबसे स्वच्छ शहर की 56 दुकान चाट-चौपाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विदेशी मेहमानों ने मालवा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और देश के शास्त्रीय संगीत का आनंद भी उठाया। अधिकारियों ने बताया कि ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका आदि देशों से '56 दुकान' पहुंचे मेहमानों ने पोहा, भुट्टे का कीस, दही बड़ा, कचौरी, पेटिस, साबूदाने की खिचड़ी और शिकंजी जैसे शाकाहारी व्यंजनों का लुत्फ लिया। विदेशी मेहमानों के आगमन के मद्देनजर 56 दुकान को खासतौर पर सजाया गया था।
भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (एफएसएसएआई) ने तय पैमानों पर खरा उतरने के कारण '56 दुकान' चाट-चौपाटी को 'क्लीन स्ट्रीट फूड हब' का दर्जा दे रखा है। इस चाट-चौपाटी में स्वाद के शौकीनों और पर्यटकों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है। भारत की अध्यक्षता वाले ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की बैठक इंदौर में नौ से 11 जून तक होगी। इसके बाद शहर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक 12 से 13 जून तक होगी। ब्रिक्स एक प्रमुख अंतर-सरकारी संगठन है। इसके सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं। -
भुवनेश्वर. ओडिशा संयुक्त प्रवेश परीक्षा (ओजेईई)-2026 के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए। ओजेईई का आयोजन राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों में 16 तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया गया था। बी.फार्मा पाठ्यक्रम के लिए आयोजित परीक्षा में शुभ्रांशु सुतार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एम.टेक में स्वागत कुमार बेहरा, एमबीए में त्रिविक्रम प्रधान, एमसीए/एमएससी (कंप्यूटर साइंस) में नरेन पात्रा, इंटीग्रेटेड एमबीए में श्रीमयी पाणिग्राही, एम.फार्मा में श्यामसुंदर बेहरा, एम.आर्क में साई आर्या अनुष्का नायक और एम.प्लान में सागरिका आचार्य ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में ओजेईई में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी और कहा, "यह उपलब्धि आपकी लंबे समय से चली आ रही लगन, एकाग्रता और कड़ी मेहनत का वास्तविक प्रतिबिंब है। यह आपके परिवार और शिक्षकों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है।"
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में उठाए गए विभिन्न कल्याणकारी कदमों पर सोमवार को प्रकाश डाला और कहा कि भारत ने कई परिवर्तन देखे हैं और इन परिवर्तनों का मूल गरीबों का कल्याण है। अपने तीसरे कार्यकाल का दूसरा वर्ष पूरा होने पर, मोदी ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों का उल्लेख किया और कहा कि ये सभी कदम लोगों को गरिमा और अवसर दिलाने के सरल उद्देश्य से प्रेरित हैं। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''पिछले 12 वर्षों में भारत ने कई परिवर्तन देखे हैं और इन परिवर्तनों के मूल में गरीबों और वंचितों का कल्याण है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हमेशा 'अंत्योदय' से प्रेरित रही है और उसका प्रयास हमेशा यह सुनिश्चित करना रहा है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जो दशकों से पीछे छूटे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ''यह खुशी की बात है कि गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में प्रौद्योगिकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहायता सीधे और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा, ''इससे खामियों में कमी आई है, कार्यकुशलता में सुधार हुआ है और शासन में विश्वास मजबूत हुआ है। इसी तरह 'गरीब कल्याण' को आगे बढ़ाने की यह यात्रा मानव सशक्तीकरण और विकसित भारत के हमारे सपने को साकार करने की दिशा में एक सामूहिक आंदोलन बन गई है।'' मोदी ने नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आने वाले यात्रियों द्वारा लाए गए दो गीजरों के अंदर छिपाकर रखे गए लगभग 5.38 करोड़ रुपये मूल्य के 15.38 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजे को जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। हाइड्रोपोनिक गांजा, गांजे की एक उच्च क्षमता वाली किस्म है जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सात जून को ग्रीन चैनल पार करने के बाद दोनों यात्रियों को रोका गया। बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान, सीमा शुल्क अधिकारियों ने देखा कि यात्री अपने चेक-इन बैगेज के अलावा दो बिल्कुल नए गीजर भी ले जा रहे थे। इसके बाद आगे की जांच हुई। इसमें कहा गया है कि यात्रियों से लगातार पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की जांच से उपकरणों के बारे में संदेह और गहरा गया। इसके बाद गीजरों की एक्स-रे जांच की गई, जिससे पता चला कि उनमें भीतर कुछ छिपा हुआ है।
इसके बाद गीजरों की विस्तृत जांच हुई और सीमा शुल्क अधिकारियों ने उपकरणों के अंदर भरे हुए 145 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए। पैकेटों में हरे पत्तेदार पदार्थ पाए गए, जिनके हाइड्रोपोनिक खरपतवार (गांजा) होने का संदेह है।
बयान में कहा गया है, "बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.38 किलोग्राम पाया गया। जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5.38 करोड़ रुपये है।" स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत संदिग्ध मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के हेलीकॉप्टर को सोमवार शाम खराब मौसम के कारण पुरी में आपात स्थिति में उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। माझी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग के साथ मयूरभंज जिले के बारीपाड़ा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे कि तभी मौसम अचानक बिगड़ गया। पुरी के जिलाधिकारी दिब्या ज्योति परिदा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "मुख्यमंत्री और हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। वे कुछ देर बाद भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे।" अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने पुरी के समांग स्थित अस्थायी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतार दिया। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं और उत्तर-पश्चिमी तूफान के कारण एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर को उतारना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि अगर मौसम में सुधार नहीं होता है तो माझी और अन्य लोग सड़क मार्ग से भुवनेश्वर लौट सकते हैं।
-
नयी दिल्ली. भारत ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर सोमवार को ''अत्यधिक चिंता'' व्यक्त की तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए जारी वार्ता शीघ्र संपन्न करने की अपील की। भारत ने तनाव तत्काल घटाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। ईरान द्वारा उत्तरी इजराइल पर मिसाइलें दागे जाने के बाद इजराइल ने पश्चिमी और मध्य ईरान में हवाई हमले किये हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ''पश्चिम एशिया में हुए ताजा हमलों पर भारत गहरी चिंता व्यक्त करता है। ये घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए अत्यंत चिंता का विषय हैं।'' मंत्रालय ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, विशेषकर ऊर्जा आपूर्ति पर इस संघर्ष के प्रभावों का भी उल्लेख किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ''यह संघर्ष 100 दिनों से अधिक समय से चल रहा है और इससे जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसका वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी गंभीर प्रभाव पड़ा है।'' मंत्रालय ने कहा, ''हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव घटाने, यह सुनिश्चित करने की अपील करते हैं कि नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी बातचीत संपन्न की जाए ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।'' अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद, पहली बार तनाव अत्यधिक बढ़ने के बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इजराइल से एक-दूसरे पर हमला बंद करने का आग्रह किया है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को कहा कि अधिसूचित आवेदन अवधि के दौरान उसका, परिणाम के बाद की सेवाओं का पोर्टल पूरी तरह से काम कर रहा था और 1.6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने 3.8 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं के लिए सफलतापूर्वक आवेदन किए। सीबीएसई ने 'एक्स' पर एक बयान में कहा कि सरकारी तकनीकी एजेंसियों और आईआईटी की टीम की देखरेख में, अधिसूचित अवधि 2 से 7 जून तक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 'विंडो' पूरी तरह से चालू थी। सीबीएसई ने कहा, ''उपरोक्त आवेदन अवधि के दौरान, 1.6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने 3.8 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं से संबंधित अनुरोध सफलतापूर्वक प्रस्तुत किए, जो अभ्यर्थियों द्वारा सेवाओं के व्यापक उपयोग को दर्शाता है।'' बोर्ड ने कहा कि परिचालन अवधि के दौरान दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों और साइबर खतरों को रोकने के लिए साइबर सुरक्षा टीम ने प्रणाली की लगातार निगरानी की। इसने यह भी कहा कि सीबीएसई की टीम ने हेल्प डेस्क और शिकायत निवारण चैनल के माध्यम से छात्रों को सहायता प्रदान की। यह स्पष्टीकरण 'पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल' के कामकाज के संबंध में मीडिया की कुछ खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट के बीच आया है। कुछ छात्रों और अभिभावकों द्वारा उठाई गई चिंताओं का समाधान करते हुए, सीबीएसई ने कहा कि "रोल नंबर नहीं मिला" संदेश केवल तभी प्रदर्शित होता है जब कोई अभ्यर्थी परिणाम के बाद की सेवाओं के पहले चरण की प्रक्रिया- उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी आवेदन विंडो - में सफलतापूर्वक आवेदन नहीं किया होता है। बोर्ड ने कहा, '' सीबीएसई ने 'पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल' के कामकाज को लेकर कुछ खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लिया है। कुछ छात्रों और अभिभावकों की शंकाओं को दूर करने के लिए यह सूचित किया जाता है कि 'रोल नंबर नहीं मिला' संदेश तब प्रदर्शित होता है जब किसी अभ्यर्थी ने पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं की पहली चरण प्रक्रिया, अर्थात उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी आवेदन विंडो में, सफलतापूर्वक आवेदन नहीं किया होता है।'' बोर्ड ने कहा, ''जैसा कि पहले स्पष्ट रूप से बताया गया था, केवल वही अभ्यर्थी जिन्होंने पिछले चरण (उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी) में अपनी स्कैन की हुई उत्तर पुस्तिकाओं के लिए आवेदन किया था, वे ही अगले चरण-अवलोकित समस्याओं का सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन-का लाभ लेने के पात्र थे।'' सीबीएसई उस समय विवादों में घिर गया जब कक्षा 12 के कुछ छात्रों ने दावा किया कि बोर्ड द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं, जिससे ओएसएम प्रणाली में संभावित विसंगतियों के बारे में चिंताएं बढ़ गईं।
-
दुबई. भारत ने सोमवार को एक बार फिर ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को वहां यात्रा से बचने और उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। यह परामर्श क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए जारी किया गया है। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने 'एक्स' पर जारी एक आपात संदेश में पहले दिए गए निर्देशों को दोहराते हुए कहा कि सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचना चाहिए। दूतावास ने कहा, ''क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की किसी भी यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।'' उसने आगे कहा, ''वर्तमान में ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।'' सोमवार को इज़राइल ने तेहरान द्वारा मिसाइल हमले के जवाब में मध्य और पश्चिमी ईरान में हवाई हमले किए।
इससे पहले सात अप्रैल को भारत ने एक परामर्श जारी कर अपने नागरिकों से अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं रहने को कहा था। यह परामर्श उस समय जारी किया गया था जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी समाप्त नहीं की तो ''एक पूरी सभ्यता नष्ट हो जाएगी।'' आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के समय ईरान में लगभग 9,000 भारतीय मौजूद थे, जिनमें छात्र भी शामिल थे। अब तक करीब 1,800 भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 जीतने पर बधाई देते हुए रविवार को कहा कि इससे आने वाले समय में अधिक युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। भारत ने शनिवार को गोवा में खेले गए फाइनल में बांग्लादेश पर 3-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए कुल छठी बार और सात साल में पहली बार सैफ महिला चैंपियनशिप जीती। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप जीतने पर हार्दिक बधाई। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। इससे आने वाले समय में और अधिक युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैम्पियनशिप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि टीम की यह उल्लेखनीय उपलब्धि देशभर की युवा लड़कियों को आत्मविश्वास और साहस के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। भारत ने शनिवार को गोवा में खेले गए फाइनल में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर सैफ (दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ) महिला चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम ने सात वर्षों बाद यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती और कुल छठी बार चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 जीतने पर भारतीय महिला फुटबॉल टीम को हार्दिक बधाई। हमारी महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और शानदार टीम भावना का प्रदर्शन किया।" उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि टीम की यह उल्लेखनीय सफलता देशभर की युवा लड़कियों को आत्मविश्वास और साहस के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।
- महोबा (उप्र)। महोबा जिले में एक हृदयविदारक घटना में कब्रिस्तान गये एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति का शव अपनी पत्नी और छोटे बेटे के कब्रों के बीच पाया गया। अपने परिवार के इन दोनों सदस्यों की मौत के महज 11 दिन बाद मृत पाये गये इस शख्स का एक हाथ अपनी बीवी और दूसरा हाथ बेटे की कब्र पर था।चरखारी कस्बे के एक कब्रिस्तान में 40 वर्षीय सुबहान अहमद का शव सुबह मिला। परिवार के सदस्यों के अनुसार उनका एक हाथ पत्नी की कब्र पर और दूसरा छह साल के बेटे की कब्र पर था और जिसने भी यह दृश्य देखा, उसकी आंखें भर आयीं। मूल रूप से पड़ोसी मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर के स्टेशन इलाके के रहने वाले सुबहान मुंह के कैंसर से जूझ रहे थे और वह अपनी पत्नी रजिया खातून और अपने चार बच्चों हसनैन, सैफ, रोशनी और आलिया के साथ रहते थे। परिजन के मुताबिक परिवार पर मुसीबत का दौर 25 मई को शुरू हुआ, जब छह साल का हसनैन उल्टी और दस्त के कारण गंभीर रूप से बीमार पड़ गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गयी।परिवार के सदस्यों ने बताया कि बेटे की हालत देखकर उसकी मां रजिया को गहरा सदमा लगा और तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मां और बेटे को चरखारी में ईदगाह के पास एक कब्रिस्तान में अगल-बगल दफनाया गया था।परिजन के मुताबिक सुबहान तभी से अपने तीनों बच्चों के साथ चरखारी स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे और वह हर सुबह ‘फातेहा’ पढ़ने के लिए अपनी पत्नी और बेटे की कब्रों पर जाते थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह हमेशा की तरह घर से यह कहकर निकले थे कि वह कब्रिस्तान में फातेहा पढ़ने जा रहे हैं।परिवार के सदस्यों के अनुसार सुबहान जब वह कई घंटों तक नहीं लौटे तो रिश्तेदार उन्हें ढूंढते हुए कब्रिस्तान पहुंचे, जहां सुबहान अपनी बीवी रजिया और बेटे हसनैन की कब्रों के बीच मृत पाए गए।परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘बीवी और बेटे की मौत के बाद से सुबहान एक भी दिन फातेहा पढ़ने के लिये कब्रिस्तान जाना नहीं भूलते थे। शुक्रवार को उन्हें वहां उस हालत में पाना दिल तोड़ने वाला था। अब उनके बाकी तीनों बच्चे अनाथ रह गये।’’सुबहान के साले सलीम ने बताया कि उनके बहनोई के पैर पर किसी कीड़े के काटने जैसा निशान दिखा, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की।चरखारी के थाना प्रभारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि सुबहान को मुंह का कैंसर था और उनकी बीमारी काफी गंभीर थी।परिजन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सुबहान को उनकी पत्नी की कब्र के पास सुपुर्द—ए—खाक कर दिया गया।
- नई दिल्ली। दिल्ली से लगे गुरुग्राम में पेशे से सिक्योरिटी ऑफिसर में अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना गुरुग्राम के अशोक विहार में हुई। इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है। यह घटना शनिवार देर रात को हुई। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद में यह घटना हुई है।गुरुग्राम पुलिस के अनुसार अशोक विहार क्षेत्र में 50 साल के अनिल ने अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार अनिल पेशे से सिक्योरिटी ऑफिसर है जबकि उसकी पत्नी एक स्कूल में प्रिसिंपल के पद पर कार्यरत थी। पत्नी आशा (45) अपने बेटे प्रशांत (25) के साथ घर में थीं। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तमाम साक्ष्यों को इकट्ठा किया।पुलिस का कहना है कि दोहरे हत्याकांड की हर एंगल से जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि सिक्योरिटी ऑफिसर अनिल ने किसी पारिवारिक वजह से ही इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस की टीमें जांच कर रही है। पुलिस ने पत्नी और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
- मोरबी (गुजरात) .गुजरात के मोरबी जिले में एक कार की डंपर ट्रक से टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। हलवद पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे मोरबी-हलवद राजमार्ग पर चरडवा गांव के पास हुआ। उस समय डंपर ट्रक सड़क पार कर रहा था, तभी कार उससे जा टकराई। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को बाहर निकालने के लिए मशीन की मदद लेनी पड़ी। अधिकारी ने बताया कि कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने राजकोट के एक अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। दो घायलों को गंभीर हालत में राजकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में परेश धाधेया (24) भी शामिल हैं, जो पहले एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए थे और उन्हें भालवद तालुका के रांचोरगढ़ से अस्पताल ले जाया जा रहा था। अन्य मृतकों की पहचान प्रेमजी धाधेया (आम आदमी पार्टी के तालुक पंचायत सदस्य), सुरेश सिरोया (47), वीराम धाधेया (28) और भरत धाधेया (39) के रूप में हुई है।
- नयी दिल्ली. ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए आर रहमान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सम्मान में अटारी सीमा पर संगीतमय प्रस्तुति देंगे। यह घोषणा आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के निर्माताओं ने की है। यह कार्यक्रम रविवार को पंजाब की अटारी सीमा स्थित जेसीपी स्टेडियम में परेड समारोह के दौरान शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच होगा। इसका शीर्षक 'जय हो - ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स' है। इस प्रस्तुति का आयोजन फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के निर्देशक इम्तियाज अली की टीम कर रही है।यह देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बीएसएफ के जवानों के सम्मान में अपनी तरह की पहली प्रस्तुति है। इस कार्यक्रम में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित रहमान के साथ फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना के साथ गायक मोहित चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस भी शामिल होंगी। इसके अलावा फिल्म निर्माता बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और मोहित चौधरी के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। 'मैं वापस आऊंगा' फिल्म में रैना के साथ दिलजीत दोसांझ, शर्वरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म इम्तियाज अली, संगीतकार एआर रहमान और गीतकार इरशाद कामिल की प्रसिद्ध तिकड़ी को एक बार फिर साथ लाई है, जिन्होंने इससे पहले 'रॉकस्टार', 'तमाशा' और 'अमर सिंह चमकीला' जैसी फिल्मों में एक साथ काम किया है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-6 के निष्कर्षों की आलोचना पर पलटवार करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार को कहा कि "अधूरा ज्ञान खतरनाक होता है"। उन्होंने कहा कि नवीनतम आंकड़े मोदी सरकार के तहत भारत के स्वास्थ्य सेवा संकेतकों में महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाते हैं। ये टिप्पणियां तब आईं जब खरगे ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया था कि एनएफएचएस-6 के आंकड़ों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की "पूर्ण अक्षमता" को उजागर किया है और उस पर स्वास्थ्य सेवा और पोषण में उसकी विफलताओं को उजागर करने वाले महत्वपूर्ण आंकड़ों को जानबूझकर छिपाने का आरोप लगाया था। कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणियों का जवाब देते हुए, नड्डा ने उन पर राजनीतिक उद्देश्यों के लिए सर्वेक्षण के निष्कर्षों को चुनिंदा रूप से पढ़ने का आरोप लगाया और कहा कि आंकड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के स्वास्थ्य तंत्र में हुए "उल्लेखनीय परिवर्तन" को दर्शाते हैं। नड्डा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "श्री खरगे जी का अधूरा ज्ञान खतरनाक है। जन स्वास्थ्य इतना महत्वपूर्ण है कि इसे राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं किया जा सकता। चयनात्मक पठन राजनीति के काम आ सकता है, लेकिन राष्ट्र की सेवा तथ्य ही करते हैं।"एनएफएचएस-3 (2005-06) के बाद से मातृ स्वास्थ्य देखभाल संकेतकों में सुधार का हवाला देते हुए, उन्होंने कहा कि पहली तिमाही में प्रसवपूर्व पंजीकरण 43.9 प्रतिशत से बढ़कर 76.2 प्रतिशत हो गया, संस्थागत प्रसव 38.7 प्रतिशत से बढ़कर 90.6 प्रतिशत हो गए और कुशल स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कराए गए प्रसव 46.6 प्रतिशत से बढ़कर 91.3 प्रतिशत हो गए। मंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां देश भर में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, "ये महज आंकड़े नहीं हैं। ये लाखों माताओं को समय पर देखभाल, सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य परिणाम मिलने का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत की स्वास्थ्य सेवा यात्रा की असली कहानी प्रगति की है, निराशा की नहीं।" एक अन्य पोस्ट में, नड्डा ने नवीनतम सर्वेक्षण के निष्कर्षों की तुलना कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के दौरान दर्ज किए गए निष्कर्षों से की और कहा कि एनएफएचएस-6 में परिलक्षित लाभ मातृ स्वास्थ्य देखभाल से कहीं अधिक व्यापक हैं और उस दौरान देखे गए खराब परिणामों के बिल्कुल विपरीत हैं। उन्होंने कहा, "संप्रग शासनकाल के दौरान आयोजित एनएफएचएस-3 (2005-06) की तुलना में: एनएफएचएस-6 में पूर्ण टीकाकरण दायरा बढ़कर 87.1 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य बीमा दायरा 4.9 प्रतिशत से बढ़कर 60.2 प्रतिशत हो गया है।स्वच्छ मासिक धर्म सुरक्षा उत्पादों का उपयोग बढ़कर 79.2 प्रतिशत हो गया है। बच्चों में बौनापन 48.0 प्रतिशत से घटकर 29.3 प्रतिशत हो गया है।" उन्होंने इन सुधारों का श्रेय पिछले 10 वर्षों में स्वास्थ्य सेवा, पोषण, स्वच्छता और अंतिम छोर तक सेवा वितरण में किए गए निरंतर निवेश को दिया। नड्डा ने कहा, "ये सुधार वर्षों की उपेक्षा और एक दशक के केंद्रित शासन के बीच के अंतर को उजागर करते हैं।" उन्होंने कहा, "हर प्रतिशत अंक के पीछे लाखों भारतीय हैं जिन्हें बेहतर स्वास्थ्य, अधिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर प्राप्त हुआ है। एनएफएचएस-6 केवल आंकड़ों का एक समूह नहीं है - यह निरंतर नीतिगत कार्रवाई और प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से प्राप्त परिवर्तनकारी परिणामों का प्रमाण है।" एक तीसरे पोस्ट में, स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस पर पिछली सरकारों की कमियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और कहा कि नवीनतम सर्वेक्षण स्वास्थ्य सेवा तक बेहतर पहुंच और व्यापक सामाजिक सुरक्षा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस नेतृत्व किस बात को स्वीकार नहीं करना चाहता। दशकों से, बार-बार किए गए वादों के बावजूद, भारत खराब स्वास्थ्य परिणामों, अपर्याप्त स्वास्थ्य सेवा पहुंच और कमजोर वितरण प्रणालियों से जूझ रहा है। उस दीर्घकालिक नीतिगत विफलता के परिणाम पीढ़ियों तक दिखाई देते रहे।"
- अहमदाबाद.। गुजरात के वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने शनिवार को कहा कि राज्य में हाल में एशियाई शेरों के आठ शावकों की मौत 'बाबेसिया' संक्रमण या किसी विषाणु के चलते नहीं, बल्कि गर्मी के कारण हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि जो 17 शेर बीमार पड़ गये थे और जिन्हें एहतियात के तौर पर पृथकवास में रखा गया था, उनमें से 12 को स्वस्थ्य होने के बाद वन में छोड़ दिया गया है। मंत्री ने कहा, ''भीषण गर्मी और उससे होने वाली कमजोरी के कारण शेरों के आठ शावकों की मौत हो गई। कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले शावकों की मौत हुई है। बाबेसिया परजीवी इसका कारण नहीं था।'' उन्होंने एक अलग वीडियो बयान में कहा कि गिर अभयारण्य में अल्पावधि में शावकों की मौत चिंता का विषय बन गई थी और शुरू में इसके लिए बाबेसिया परजीवी को जिम्मेदार माना जा रहा था। मोढवाडिया ने कहा, "इसी बीच, आसपास के क्षेत्र को रोगाणुमुक्त करने के लिए लगभग 600 शेरों का किलनी (टिक) निवारण व कृमिनाशक उपचार किया गया। पहले जो 17 शेर काफी बीमार थे और चल नहीं पा रहे थे, उनमें से 12 को पहले ही जंगल में छोड़ दिया गया है।" उन्होंने बताया कि शेष पांच शेर अब स्वस्थ हैं और जल्द ही उन्हें उनके पर्यावास में छोड़ दिया जाएगा। मोढवाडिया ने कहा कि हाल में किसी भी शेर की मौत किसी बीमारी के कारण नहीं हुई है, एक शेरनी की मृत्यु गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं के कारण हुई। उन्होंने कहा, "इसी तरह, पहले जिन शेरों की मृत्यु हुई थी, उनमें भी कोई खतरनाक विषाणु नहीं पाया गया।" इससे पहले 29 मई को मंत्री ने कहा था कि गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में संदिग्ध 'बाबेसिया' संक्रमण के कारण आठ शावकों की मृत्यु हो गई थी।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय टीम को पुरुष अंडर-18 एशिया कप जीतने और भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को इसी टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल करने पर बधाई दी। भारतीय पुरुष अंडर-18 टीम ने काकामिगाहारा में शनिवार को खेले गए फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "हमारे युवा हॉकी खिलाड़ियों की यह शानदार उपलब्धि है। पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को बधाई।" उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कौशल और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिसका समापन फाइनल में यादगार जीत के साथ हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा, "यह सफलता युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाती है। टीम के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं हैं।" मोदी ने एक अन्य संदेश में महिला अंडर-18 टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा, "अंडर-18 एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को बधाई।" प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार जुझारूपन दिखाया। यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की अपार क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, "टीम को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।"
भारतीय पुरुष टीम ने शुक्रवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय महिला टीम ने शनिवार को तीसरे स्थान के मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। -
तिरुवनंतपुरम. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भाई-भतीजावाद के मुद्दे पर कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर शनिवार को आरोप लगाया कि केरल में सत्तारूढ़ गठबंधन ''अवसरवादी रुख'' अपना रहा है। वाम दल ने केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन पर भाई-भतीजावाद के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह विपक्ष में थे तब इसका कड़ा विरोध करते थे। माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन ने राज्य के बिजली मंत्री सनी जोसेफ द्वारा अपने अपने बहनोई को निजी कर्मी नियुक्त किए जाने के संदर्भ में यह आरोप लगाया। मंत्री ने कन्नूर जिला कांग्रेस के महासचिव बेनी थॉमस को अपना अतिरिक्त निजी सचिव नियुक्त किया, जो थॉमस जोसेफ की बहन के पति हैं। जोसेफ ने अपने इस फैसले का बचाव करते हुए दावा किया कि उनके बहनोई एक सक्षम व्यक्ति हैं और किसी को भी निजी कर्मी के रूप में नियुक्त करने के लिए कोई पात्रता मानदंड निर्धारित नहीं हैं। माकपा के प्रदेश सचिव ने पत्रकारों से कहा कि यूडीएफ और सतीशन दोनों पहले नियुक्तियों में भाई-भतीजावाद का कड़ा विरोध करते थे। उन्होंने कहा, "लेकिन अब मुख्यमंत्री समेत यूडीएफ इस मामले पर चुप है। इसके अलावा, मंत्री अपने कार्यों का बचाव कर रहे हैं। यह उनका बेहद अवसरवादी रवैया है। मुख्यमंत्री को इस मुद्दे पर जवाब देना होगा।" जोसेफ ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि थॉमस ने विधानसभा चुनाव के दौरान पेरावूर में उनके मुख्य चुनाव एजेंट के रूप में काम किया था और यह नियुक्ति डीसीसी अध्यक्ष की सिफारिश पर भी आधारित थी। केरल विधानसभा में बुधवार को माकपा विधायक वी जॉय ने लगभग 2,000 सरकारी कर्मचारियों के हालिया तबादलों के संबंध में स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए यह मुद्दा उठाया। बाद में, विधानसभा के बाहर पत्रकारों के साथ बातचीत में माकपा विधायक और डीवाईएफआई नेता वी के सनोज ने आरोप लगाया कि यह नियुक्ति भाई-भतीजावाद के समान है, और जोसेफ को इस्तीफा देना चाहिए।
-
नयी दिल्ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल में दस्तक दे दी। आमतौर पर मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु (जून से सितंबर) की शुरुआत का संकेत माना जाता है। आईएमडी ने कहा, ''दक्षिण-पश्चिम मानसून चार जून, 2026 को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ भागों, पूरे लक्षद्वीप द्वीपसमूह, केरल और माहे, कर्नाटक तथा तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष भागों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक आगे बढ़ गया है।'' इससे पहले मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंचेगा।
पिछले सप्ताह विभाग ने मौसमी वर्षा के अपने पूर्वानुमान में संशोधन करते हुए कहा था कि इस वर्ष बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, इस साल देश में मौसमी वर्षा, दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की लगभग 90 प्रतिशत रहने की संभावना है। एलपीए का मतलब किसी विशेष क्षेत्र में किसी निर्धारित अवधि जैसे एक महीने या मौसम के दौरान लंबे समय आमतौर पर 30 से 50 वर्षों में दर्ज औसत वर्षा से है। देशभर में मौसमी वर्षा का दीर्घकालिक औसत (एलपीए) 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर 87 सेंटीमीटर है। यदि मानसून के दौरान वर्षा एलपीए के 90 प्रतिशत से कम रहती है, तो आईएमडी उसे 'अल्प वर्षा' की श्रेणी में रखता है। सामान्य से कम वर्षा की संभावित वजहों में से एक अल नीनो की स्थिति का विकसित होना हो सकता है, क्योंकि इसके प्रभाव से भारत में मानसून के दौरान बारिश कम होती है। फिलहाल भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में तटस्थ अल नीनो-दक्षिणी दोलन की स्थिति अल नीनो की ओर बढ़ रही है। अल नीनो की स्थिति बनने से देश में मानसून वर्षा कम हो जाती है। आईएमडी ने कहा कि जून में अल नीनो की स्थिति कमजोर रहने की संभावना है, जबकि सितंबर तक इसके मध्यम से मजबूत होने की आशंका है। -
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस दावे पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पद पर नहीं रहेंगे। भाजपा ने राहुल पर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी कहा कि देश में अब तक केवल एक बार आपातकाल लगाया गया था और वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया था कि मोदी एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे क्योंकि ''चीजों को नियंत्रित करने का उनका जो 'सिस्टम था, वह ध्वस्त हो रहा है।'' उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि मोदी सरकार जनता के दबाव को कुचलने के लिए आपातकाल जैसा कदम उठा सकती है। इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां कांग्रेस पार्टी के इतिहास और उसकी मानसिकता को दर्शाती हैं। पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ''राहुल गांधी ऐसे परिवार से आते हैं, जिसका इतिहास आपातकाल से जुड़ा रहा है। इसलिए उन्हें लगता है कि हर कोई आपातकाल लगाने वाला है। भारत में संविधान को केवल एक बार कुचला गया था और वह इंदिरा गांधी ने किया था। उन्होंने जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया और उनमें हस्तक्षेप किया, वह सर्वविदित है।'' भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वास्तविक ''आपातकाल'' कांग्रेस पार्टी के भीतर है।
उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र के ऊपर वंशवाद को रखने वाले राहुल आज भी हर जगह आपातकाल देखते हैं। एक तरह का आपातकाल जरूर है, लेकिन वह कांग्रेस के भीतर है। कांग्रेस के अंदर संस्थागत पतन और विद्रोह चल रहा है। यदि कोई व्यवस्था टूट रही है, तो वह कांग्रेस पार्टी की व्यवस्था है।'' पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं और पार्टी वंशवादी राजनीति के खिलाफ ''विद्रोह'' का सामना कर रही है। उन्होंने कहा, ''99 चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की संस्था स्वयं वंशवादी राजनीति के खिलाफ विद्रोह कर रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता एक के बाद एक पार्टी छोड़ रहे हैं। वे आपके खिलाफ विद्रोह कर रहे हैं।'' भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर भारत की संस्थाओं के खिलाफ बार-बार टिप्पणी करने और विदेशों में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''लेकिन आप विपक्ष के नेता (एलओपी) नहीं, बल्कि 'लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा' हैं। झूठ फैलाना, डर पैदा करना और उससे फायदा उठाना- यही आपका मॉडल है।'' उन्होंने कहा, ''आप विदेशों में भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बोलते हैं। यदि किसी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने का अभियान चलाया है, तो वह आप हैं।'' पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी अर्थव्यवस्था, कोविड टीकों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भ्रामक बयान देते रहे हैं। उन्होंने कहा, ''आप बार-बार कहते रहे हैं कि अर्थव्यवस्था ढह चुकी है, जबकि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। आपने भारत में बने कोविड टीकों के खिलाफ दुष्प्रचार किया ताकि विदेशी टीके बिक सकें।'' उन्होंने कहा, ''आप ऑपरेशन सिंदूर और गलवान में भारत की कार्रवाई के खिलाफ बोलकर भारतीय सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर करते हैं। यहां तक कि उच्चतम न्यायालय भी आपको फटकार लगा चुका है।'' पूनावाला ने कांग्रेस नेता से ''डर पैदा कर फायदा उठाने'' की राजनीति बंद करने को कहा।
उन्होंने कहा, ''भारत को बदनाम करने का यह एजेंडा बंद कीजिए। 'डर पैदा कर फायदा उठाने' की राजनीति बंद कीजिए। और याद रखिए कि 'एलओपी' का अर्थ 'लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा' नहीं होता।'' राहुल ने बुधवार को यहां इंदिरा भवन में आदिवासी कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभर के आदिवासी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि ''बहुत बड़ी आर्थिक सुनामी आने वाली है'' और जनता के दबाव के कारण 'सिस्टम' के भीतर ही विद्रोह की स्थिति पैदा हो रही है। -
22 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गुजरात और दमन का दौरा करेंगे और करीब 22,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसमें सूरत में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन और दमन के नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण शामिल हैं। प्रधानमंत्री पांच जून को सूरत जिले के हजीरा का दौरा करेंगे और वहां किए जा रहे औद्योगिक कार्यों तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह सूरत में करीब 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज छह और सात का भी उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद मोदी सूरत में 200 बिस्तर वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। फिर वह दमन जाएंगे, जहां नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कुछ अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। दमन में कुल मिलाकर करीब 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी।
प्रधानमंत्री केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए करीब 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ऑनलाइन माध्यम से शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में कल्पेनी द्वीप और कदमत द्वीप के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ओर बंदरगाहों का विकास शामिल है। -
भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में ऑनलाइन दान करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए 'ई-हुंडी' सुविधा शुरू करने पर विचार कर रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं से दान के अनुरोध प्राप्त होने के बाद कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस विचार पर चर्चा की गई। एक अधिकारी ने बताया, "ओडिशा सरकार और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) को 12वीं शताब्दी के इस मंदिर में दान के लिए ऑनलाइन भुगतान सुविधा शुरू करने के लिए श्रद्धालुओं से कई अनुरोध प्राप्त हुए हैं।" उन्होंने बताया कि प्रस्तावित 'ई-हुंडी' व्यवस्था भक्तों को सुरक्षित रूप से दान करने की सुविधा प्रदान करेगी। इसका व्यवस्था का अस्थायी नाम 'समर्पण' है।
अधिकारी ने बताया कि बैठक में इस प्रकार के ऑनलाइन दान को कर मुक्त करने और उस राशि को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के बुनियादी ढांचे के विकास व संरक्षण पर खर्च करने के संबंध में भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मंदिर में किए जाने वाले ऑनलाइन लेनदेन साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षित हों। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मेघालय की राजधानी शिलांग में उत्तरपूर्वी परिषद (एनईसी) की 73वीं पूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति, विकास और संपर्क व्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि 12 से अधिक शांति समझौतों, बेहतर कानून-व्यवस्था और रेल, सड़क तथा हवाई संपर्क के विस्तार ने न केवल भौगोलिक दूरी कम की है, बल्कि दिल्ली और पूर्वोत्तर के बीच दिलों की दूरी भी मिटाई है।
बैठक में केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजय शंकर, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार, गृह सचिव गोविंद मोहन और मंत्रालय के सचिव संजय जाजू सहित पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि ‘Act East’, ‘Act First’ और ‘Act Fast’ की नीति के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का ‘पूर्वोदय’ का लक्ष्य साकार हो रहा है। जो क्षेत्र कभी विवादों के लिए जाना जाता था, वह आज अवसरों और निवेश का केंद्र बन चुका है।गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 12 से अधिक शांति समझौतों के जरिए पूर्वोत्तर के लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान किया गया और 10,800 से अधिक युवाओं ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि उग्रवाद में उल्लेखनीय कमी आई है और नागरिक हताहतों की संख्या में 86% गिरावट दर्ज की गई है। इसके परिणामस्वरूप विकास और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।अमित शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर के विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए गठित हाई लेवल टास्क फोर्स की रिपोर्ट अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राज्यों से आग्रह किया कि रिपोर्ट की सिफारिशों का 100% क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और भविष्य की विकास प्राथमिकताओं को इसी आधार पर तय किया जाए।गृह मंत्री ने कहा कि सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सभी मुख्यमंत्री और राज्यपाल इसकी नियमित मासिक समीक्षा करें, ताकि निवेशकों के लिए पूर्वोत्तर सबसे आकर्षक गंतव्य बन सके। उन्होंने बताया कि राइजिंग नॉर्थईस्ट निवेश शिखर सम्मेलन और अन्य पहलों के माध्यम से क्षेत्र में बड़े निवेश आ रहे हैं। असम में 27 हजार करोड़ रुपए के सेमीकंडक्टर संयंत्र सहित कई परियोजनाएं पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति दे रही हैं।अमित शाह ने कहा कि सबरूम लैंड पोर्ट तथा मेघालय और मिजोरम में स्थापित कस्टम्स केंद्रों के माध्यम से पूर्वोत्तर दक्षिण-पूर्व एशिया और इंडो-पैसिफिक देशों के साथ व्यापार का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने गुवाहाटी, इंफाल और अगरतला को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने पर भी बल दिया।उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों को मछली, अंडा और दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करना चाहिए। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से उच्च दुग्ध उत्पादक पशुओं की आपूर्ति और मजबूत सहकारी नेटवर्क विकसित किया जाएगा। अगले वित्तीय वर्ष से हर वर्ष 50,000 से अधिक दुग्ध पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।गृह मंत्री ने कहा कि अगरवुड, सुगंधित तेल, वेलनेस, कॉस्मेटिक और बांस आधारित उद्योगों में पूर्वोत्तर को वैश्विक उत्पादन एवं निर्यात केंद्र बनाने की रणनीति तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक राज्य में जीआई टैग उत्पादों के लिए समर्पित टास्क फोर्स बनाने का सुझाव दिया। साथ ही ऑर्गेनिक मिशन, हेल्थ टूरिज्म और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ जैसी योजनाओं को गति देने पर जोर दिया।अमित शाह ने कहा कि नारकोटिक्स की तस्करी और खपत को जड़ से समाप्त करने के लिए भारत सरकार ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। उन्होंने सभी राज्यों से ‘नशामुक्त पूर्वोत्तर’ अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का आग्रह किया। साथ ही नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, समयबद्ध न्याय और आपराधिक न्याय प्रणाली में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया।गृह मंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर के युवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन जैसी डिजिटल तकनीकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और डिजिटल अवसंरचना को मजबूत कर पूर्वोत्तर को आईटी उद्योग और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही जलविद्युत, सौर ऊर्जा और डेटा सेंटर निवेश की संभावनाओं पर भी जोर दिया। - नई दिल्ली। कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया है. । कर्नाटक से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है। मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, झारखंड से प्रणव झा और तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवाती को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है.। मीनाक्षी नटराजन और प्रवीण चक्रवर्ती को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। सात में से चार उम्मीदवार अगड़ी जाति से, दो दलित और एक अल्पसंख्यक समुदाय से है.।राज्यसभा में नेता विपक्ष खरगे शुक्रवार को बेंगलुरु में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।. लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी खरगे के नामांकन के मौके पर मौजूद रहेंगे.।कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा जाना पहचाना चेहरा हैं।. मूल रूप से राजस्थान से आने वाले पवन खेड़ा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं. । चार साल पहले उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाया गया था.। हाल में ही असम विधानसभा चुनाव में दौरान सीएम हेमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर दूसरे देशों के पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति का आरोप लगाने के बाद खेड़ा कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. लेकिन आख़िरकार उनकी "तपस्या" पूरी होने जा रही है.कर्नाटक से ही आने वाले युवा नेता मंसूर अली खान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और केरल के सह प्रभारी हैं. मंसूर के पिता के रहमान ख़ान पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा के उपसभापति रह चुके हैं.।

























.jpg)


.jpg)