- Home
- देश
- जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुक्रवार को जयपुर के सरकारी सवाई मान सिंह अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई। डॉक्टरों के अनुसार वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें दो तीन दिन पूर्ण आराम की सलाह दी गई है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर भंडारी ने कहा, ' मुख्यमंत्री की तीन मुख्य धमनियों में से एक में 90 प्रतिशत ब्लॉक मिला। उनकी एक धमनी की एंजियोप्लास्टी हुई। एक धमनी में स्टेंट लगा।'इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गहलोत अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही सामान्य कामकाज करने लगेंगे। डॉ. भंडारी ने कहा, ' जैसे ही स्टेंट लगा, उनके सारे दिक्कत वाले लक्षण खत्म हो गए। वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। वह एक दो दिन में सामान्य रूप से काम करने लगेंगे।' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में आम नागरिक की तरह पंजीकरण करवाया और उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत एक हाथ व गर्दन में दर्द की शिकायत थी। कल से उन्हें सीने में भारीपन हो रहा था। इसको देखते हुए गहलोत को सीटी एंजियोग्राफी करवाने की सलाह दी गई। इसमें उनकी धमनी में ब्लाकेज सामने आया और उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। डॉ. भंडारी ने कहा कि गहलोत को 2- 3 दिन के पूरी तरह से आराम की सलाह दी गई है।उल्लेखनीय है कि 70 वर्षीय कांग्रेस नेता गहलोत इस साल अप्रैल में कोरोना वायरस संक्रमित हो गए थे और उसके बाद से वह कोरोना के बाद के प्रभावों का सामना कर रहे हैं। गहलोत स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा, मुख्य सचेतक महेश जोशी, विधायक रफीक खान के साथ अस्पताल पहुंचे।मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने ट्वीट कर बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी सफलता पूर्वक की गई। इससे पहले गहलोत ने भी ट्वीट के जरिये बताया कि उनकी एंजियोप्लास्टी की जायेगी। गहलोत ने ट्वीट में कहा, कोविड के बाद मुझे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही थी और गुरुवार से मेरे सीने में तेज दर्द हो रहा था। अभी सवाई मानसिंह अस्पताल में अपना सीटी एनजीओ करवाया हैं। एंजियोप्लास्टी की जायेगी। उन्होंने कहा कि-मुझे खुशी है कि मै इसे (एंजियोप्लास्टी) सवाई मानसिंह अस्पताल में करवा रहा हूं। मैं ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। आपका आर्शीवाद और शुभकामनाएं मेरे साथ है। इस बीच मुख्यमंत्री गहलोत की तबीयत नासाज होने का समाचार मिलने पर अनेक नेताओं ने उनकी कुशलक्षेम जानी और सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।राज्यपाल कलराज मिश्र ने गहलोत को फोन किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा व गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत से बात कर मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम जानी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित तमाम नेताओं ने गहलोत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेता उनकी कुशल क्षेम जानने अस्पताल पहुंचे।
- बुलंदशहर (उप्र) । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अस्थियों को उनके बेटे राजवीर ने शुक्रवार को नरोरा इलाके में गंगा नदी में विसर्जित कर दिया। इससे पहले दिन में कल्याण सिंह के पोते और उत्तर प्रदेश के मंत्री संदीप सिंह ने अंतिम संस्कार स्थल से अस्थियां एकत्र कीं। कल्याण सिंह का 21 अगस्त को लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को लखनऊ में सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। कल्याण सिंह का सोमवार को नरोरा में गंगा तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्री शामिल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को अलीगढ़ जिले के अतरौली स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी थी।
- पणजी। गोवा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 80 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 1,73,606 हो गए।इसके साथ ही पिछले एक दिन में राज्य में महामारी से किसी की भी मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि अब तक कोविड-19 से 3,191 मरीजों की मौत हो चुकी है। गोवा में अब तक कोविड-19 से पीड़ित होने के बाद 1,69,480 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 935 मरीज उपचाराधीन हैं।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि किसानों और कृषि वैज्ञानिकों में इतनी क्षमता है कि हम दुनिया में भारत सभी जिंसों के उत्पादन में पहले स्थान पर आ पहुंच सकता है। आधिकारिक बयान के अनुसार तोमर ने किसानों के लिए राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण अभियान की शुरूआत करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने किया। उन्होंने कहा कि देश ने खाद्यान्न के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘‘कृषि व सम्बद्ध उत्पादों के मामले में हमारा देश दुनिया में पहले या दूसरे स्थान पर है। हमारे किसानों व वैज्ञानिकों की इतनी क्षमता है कि हम दुनिया में प्रतिस्पर्धा करें तो लगभग सभी जिंसों में पहले स्थान पर हो सकते हैं।'' मंत्री ने कहा कि देश ने उत्पादन और उत्पादकता के मामले में शानदार प्रगति की है। ‘‘हालांकि आजादी के 75वें वर्ष में हम ऐसे मुकाम पर खड़े है, जहां हमें आत्मावलोकन करने के साथ ही चुनौतियां तथा उनके समाधान पर विचार करना होगा।'' उन्होंने कहा कि आईसीएआर वर्षा आधारित और अन्य क्षेत्रों में कब-कौन सी खेती हो तथा किन बीजों को विकसित किये जाएं, इस पर सफलतापूर्वक काम रही है। यह भी प्रयत्न किया जा रहा है कि कृषि व किसान नई तकनीक से जुड़े। तोमर ने कहा, ‘‘उत्पादन में हम अव्वल हैं। लेकिन इस प्रचुरता को प्रबंधित करना भी महत्वपूर्ण है। यह सरकार के साथ किसानों की भी जिम्मेदारी है कि हमारे उत्पाद गुणवत्तापूर्ण हो, वैश्विक मानकों पर खरे उतरे, किसान महंगी फसलों की ओर आकर्षित हो, कम रकबे-कम सिंचाई में, पर्यावरण मित्र रहते हुए पढ़े-लिखे युवा कृषि की ओर आकर्षित हों।
- नयी दिल्ली। दूरसंचार नियामक ट्राई ने उपग्रह आधारित सेवाओं को सस्ता करने के लिये सरकार से संबंधित परिचालकों पर लगाये गये विभिन्न शुल्कों को कम करने या हटाने के साथ बिचौलिये से बचने समेत अन्य सिफारिशें की। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने ‘लो बिट रेट' अनुप्रयोगों को लेकर उपग्रह आधारित संपर्क के लिये लाइसेंसिंग विधान पर अपनी सिफारिशों में इस तरह की कनेक्टिविटी के लिए सभी प्रकार के उपग्रहों के उपयोग की अनुमति देने का सुझाव दिया है। नियामक ने वर्तमान में स्वीकार्य 3-5 वर्षों की तुलना में लंबी अवधि के लिए संपर्क सुविधा प्रदान करने को लेकर विदेशी उपग्रहों के उपयोग की भी सिफारिश की है। मशीन से मशीन के बीच संचार, कार्गो, वाहन, रेलवे तथा यातायात सिग्नल की स्थिति का पता लगाने के लिये उपयोग किये जाने वाले सेंसर आदि मामलों में ‘लो बिट रेट सेवाओं' की आवश्यकता होती है।
- हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर अंचल के जुडावनपुर थाना अंतर्गत चकसिंगार गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक मनीष ने गुरुवार को बताया कि शराब पीने की बात ग्रामीणों ने बतायी है जिसकी पुष्टि मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गम्भीर मामला है और इसमें जो भी संलिप्त होंगे उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा सभी घरों की तलाशी ली जा रही है। जुडावनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में 25 अगस्त को नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी और लगातार छापेमारी की जा रही है। अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तीनों के पास से देसी शराब बरामद की गयी है।
- चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने गुरुवार को अपने कर्मचारियों के मूल वेतन में न्यूनतम 15 प्रतिशत वृद्धि करने और कुछ भत्तों को फिर से बहाल करने की घोषणा की। राज्य सरकार की इस पहल से उसके खजाने पर 1,500 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। एक सरकारी बयान के अनुसार, ‘‘इस के साथ राज्य के प्रति कर्मचारी वेतन/पेंशन में कुल औसत वृद्धि 1.05 लाख रुपये सालाना तक होगी।'' कर्मचारियों को इससे पहले एक जुलाई 2021 से छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को स्वीकार किये जाने से 79,250 रुपये प्रति वर्ष मिल रहा था, उसके मुकाबले अब उन्हें अधिक राशि मिलेगी। इससे कर्मचारियों को 4,700 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इससे कर्मचारियों की 31 दिसंबर, 2015 के मूल वेतन के ऊपर वेतन में वृद्धि होगी। उन्होंने सभी मंत्रियों, प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों से बात करके उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करें। छठे वेतन आयोग की कुछ सिफारिशों को लेकर कई विभागों के कर्मचारी राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं.उन्होंने कहा, ''आज की घोषणाओं के बाद कर्मचारियों की सभी जायज मांगों का समाधान हो जाना चाहिए।'' उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा तो नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में 2.85 लाख कर्मचारियों और 3.07 लाख पेंशनरों की शिकायतों का समाधान करने के लिये कैबिनेट मंत्री ब्रहम महिन्द्रा तथा अन्य की सराहना की। ताजा वेतन वृद्धि से राज्य सरकार के खजाने पर वेतन और पेंशन वृद्धि का कुल मिलाकर 42,673 करोड़ रुपये का सालाना बोझ बढ़ेगा।
- नयी दिल्ली। इंडिगो ने गुरुवार को कहा कि वह सितंबर के पहले सप्ताह के दौरान देहरादून, इंदौर और लखनऊ सहित विभिन्न शहरों को जोड़ने वाली आठ नई घरेलू उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘इंडिगो एक सितंबर से दिल्ली-लखनऊ, लखनऊ-जयपुर और इंदौर-लखनऊ के बीच नई उड़ानें संचालित करेगी, जबकि दिल्ली और देहरादून को जोड़ने वाली उड़ानें पांच सितंबर से शुरू होंगी।'' इंडिगो के मुख्य रणनीति और राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि ये आठ नई उड़ानें न केवल पहुंच में सुधार करेंगी, बल्कि दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, देहरादून और इंदौर से यात्रा की बढ़ती मांग को भी पूरा करेंगी।
- जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पिछले 30 दिन में डेंगू के 151 मामले दर्ज किए गए हैं। सेठ गोविंददास जिला अस्पताल के प्रवक्ता अजय कुरील ने गुरुवार को बताया कि इस दौरान मच्छर जनित रोग से किसी की मौत की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों द्वारा रिपोर्ट किए गए मामले के आधार पर आंकड़े संकलित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल डेंगू के मरीजों के बारे में केवल मौखिक तौर पर सूचित करते हैं लेकिन अब उन्हें लिखित रूप में जानकारी देने के लिए कहा गया है।जबलपुर में डेंगू के प्रकोप की खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य सेवाओं) से राज्य सरकार द्वारा इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जनकारी मांगी है। आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार जैन ने दो सप्ताह में शीर्ष अधिकारियों से जवाब मांगा है। उनके मुताबिक आयोग ने यह कहा कि जबलपुर नगर निगम डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा पाए जाने वाले परिसर के मकान मालिकों पर 200 रुपए का जुर्माना लगा रहा है।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को नए मतदाताओं को उनके पहचान पत्र के साथ एक व्यक्तिगत पत्र भेजने नयी पहल शुरू की। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा और चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पहल की शुरुआत की। नए मतदाताओं को उनके मतदाता पहचान पत्र के साथ आयोग की ओर से एक व्यक्तिगत पत्र भेजा जाएगा। आयोग ने एक बयान में कहा कि पैकेज नए मतदाताओं के लिए एक बधाई पत्र और नैतिक मतदान की प्रतिज्ञा वाली मतदाता मार्गदर्शिका शामिल होगी। यह पहल दो दिवसीय स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी) परामर्श कार्यशाला के दौरान शुरू की गई थी। कार्यशाला का एजेंडा राज्य स्वीप योजनाओं की समीक्षा करना और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए व्यापक रणनीति के लिए स्वीप के महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना था। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, चंद्रा ने कहा कि प्रत्येक मतदाता दो महत्वपूर्ण चरणों नामांकन और मतदान दिवस पर चुनाव मशीनरी से रूबरू होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फील्ड टीमों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नामांकन प्रक्रिया निर्बाध हो और मतदाताओं के लिए मतदान का अनुभव सुखद और परेशानी मुक्त रहे।
- कोटद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के लैंसडाउन एवं जयहरीखाल के बीच एक कार के एक गहरी खाई में गिर जाने की घटना में दिल्ली के दो पर्यटकों की मौत हो गयी जबकि तीसरा घायल हो गया । पुलिस ने यह जानकारी दी । लैंसडाउन कोतवाली के एसएचओ संतोष कुंवर ने बताया कि यह घटना बुधवार की रात 11 बजे हुयी ।उन्होंने बताया कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान दिल्ली के द्वारका सेक्टर 22 निवासी तरूण कुमार (32) और कापसहेड़ा निवासी विकास राणा (33) के रूप में की गयी है। कुंवर ने बताया कि हादसे में घायल नजफगढ़ निवासी अनुज वत्स का उपचार चल रहा है । उन्होंने बताया कि पीड़ितों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गयी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु के एक 20 वर्षीय छात्र की जमकर सराहना की। इस छात्र ने एक पत्र के साथ प्रधानमंत्री की दो खूबसूरत पेंटिंग उन्हें भेजी थी। छात्र स्टीवेन हैरिस के पत्र का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि रचनात्मक क्षेत्र में युवाओं की लगन और मेहनत को देखना अत्यंत सुखद है। उन्होंने स्टीवेन की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी पेंटिंग से उनमें चीजों को गहराई से अनुभव करने की प्रतिभा का पता चलता है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने स्टीवेन को लिखा, ‘‘आपने जिस बारीकी से सूक्ष्म भावों को कैनवास पर उतारा है, उसे देखकर मन आनंदित हो जाता है।'' प्रधानमंत्री ने जन स्वास्थ्य और लोक कल्याण के बारे में स्टीवेन के विचारों की भी प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, “टीकाकरण अभियान, अनुशासन और 130 करोड़ भारतीयों के सम्मिलित प्रयास इस महामारी के खिलाफ हमारी लड़ाई को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि समाज में सकारात्मकता फैलाने के स्टीवेन के प्रयासों से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। इससे पहले, स्टीवेन ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में बताया था कि वह पिछले 15 सालों से पेंटिंग कर रहे हैं और विभिन्न स्तर पर 100 से अधिक पुरस्कार भी जीत चुके हैं। स्टीवेन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी प्रेरणा बताया और साथ ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत के टीकाकरण अभियान की भी तारीफ की थी।
- ऋषिकेश। पिछले कुछ दिन से हो रही भारी बारिश के कारण चंद्रभागा नदी के उफान पर आने के बाद इसके तट पर रहने वाले करीब 90 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को बुधवार रात को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया क्योंकि उनके घरों के किसी भी समय पानी में डूबने का संकट उत्पन्न हो गया था। देहरादून के जिलाधीश आर राजेश कुमार ने बृहस्पतिवार को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों से बात की। कुमार ने उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह से उन 90 परिवारों के विस्थापन के लिए जमीन की पहचान करने और विस्तृत योजना बनाने को कहा है जिनके घर डूब गए हैं। कुमार ने कहा कि नदियों में बाढ़ आने के कारण भूमि के कटान से कृषि भूमि को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को जालियांवाला बाग के पुनर्निर्मित परिसर का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को दी।पीएमओ ने बताया कि मोदी इसके साथ ही अमृतसर में जालियांवाला बाग स्मारक स्थल पर विकसित कुछ संग्रहालय दीर्घाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन के दौरान समूचे परिसर को उन्नत करने के लिए सरकार द्वारा की गई अनगिनत विकास पहलों को भी दर्शाया जाएगा। पीएमओ ने कहा कि लंबे समय से बेकार पड़ी और कम उपयोग वाली इमारतों का दोबारा अनुकूल इस्तेमाल सुनिश्चित करते हुए चार संग्रहालय दीर्घाएं निर्मित की गई हैं। उसके मुताबिक, ‘‘ये दीर्घाएं उस अवधि के दौरान पंजाब में घटित विभिन्न घटनाओं के विशेष ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं। इन घटनाओं को दिखाने के लिए श्रव्य-दृश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से प्रस्तुति दी जाएगी जिसमें मैपिंग और थ्री डी चित्रण के साथ-साथ कला एवं मूर्तिकला अधिष्ठापन भी शामिल हैं।'' जालियांवाला बाग में 13 अप्रैल, 1919 को घटित विभिन्न घटनाओं को दर्शाने के लिए एक साउंड एंड लाइट शो की व्यवस्था की गई है। इस परिसर में विकास से जुड़ी कई पहल की गई हैं। पंजाब की स्थानीय स्थापत्य शैली के अनुरूप धरोहर संबंधी विस्तृत पुनर्निर्माण कार्य किए गए हैं। शहीदी कुएं की मरम्मत की गई है और नवविकसित उत्तम संरचना के साथ इसका पुनर्निर्माण किया गया है। इस बाग का केंद्रीय स्थल माने जाने वाले ‘‘ज्वाला स्मारक'' की मरम्मत करने के साथ-साथ इसका पुनर्निर्माण किया गया है और वहां स्थित तालाब को एक ‘‘लिली तालाब'' के रूप में फिर से विकसित किया गया है तथा लोगों को आने-जाने में सुविधा के लिए यहां स्थित मार्गों को चौड़ा किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इस परिसर में अनेक नई और आधुनिक सुविधाओं को जोड़ा गया है जिनमें लोगों की आवाजाही के लिए उपयुक्त संकेतकों से युक्त नव विकसित मार्ग, महत्वपूर्ण स्थानों को रोशन करना, देशी वृक्षारोपण के साथ बेहतर भूदृश्य एवं चट्टानों युक्त निर्माण कार्य, इत्यादि पूरे बगीचे में ऑडियो नोड्स लगाना शामिल हैं। इसके अलावा मोक्ष स्थल, अमर ज्योति और ध्वज मस्तूल को समाहित करने के लिए अनेक नए क्षेत्रों का विकास किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री, संस्कृति राज्य मंत्री, पंजाब के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, हरियाणा, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंजाब के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद और जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक न्यास के सदस्यगण शामिल होंगे।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि महामारी प्रबंधन के लिए सितंबर और अक्टूबर का महीना महत्वपूर्ण होगा और चेतावनी दी कि त्योहार कोविड-19 के उपयुक्त आचरण के मुताबिक मनाये जाने चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में अभी दूसरी लहर जारी है।आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि टीका बीमारी में सुधार लाने के लिए है न कि इसे रोकने के लिए, इसलिए टीकाकरण के बाद भी मास्क का प्रयोग जारी रखना बहुत जरूरी है। भूषण ने कहा, ‘‘देश में कोविड-19 की दूसरी लहर अब भी जारी है। दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई है और इसलिए हमें सभी एहतियात बरतने की जरूरत है, खासकर हर त्योहार के बाद संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए।'' उन्होंने कहा, ‘‘सितंबर और अक्टूबर के महीने हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हम नए त्योहार मनाने जा रहे हैं। इसलिए कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाते हुए त्योहार मनाए जाने चाहिए।'' सरकार ने कहा कि भारत के 41 जिलों में कोविड-19 की साप्ताहिक संक्रमण दर दस फीसदी से अधिक है। सरकार के मुताबिक, पिछले हफ्ते कुल कोविड-19 मामलों में से 58.4 फीसदी केरल में सामने आए। इसने कहा, ‘‘केरल एकमात्र राज्य है जहां कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक है, जबकि चार राज्यों में यह 10 हजार से एक लाख तक है और 31 राज्यों में कोविड-19 के इलाजरत मरीजों की संख्या 10 हजार से कम है।'' सरकार ने बताया कि अफगानिस्तान से अभी तक 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित लाया गया है और उनमें से कुछ कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित लोगों को पृथक कर दिया गया है और उनका उपचार चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, एक दिन में कोरोना वायरस से 46,164 लोग संक्रमित पाए गए और इसके साथ भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 3,25,58,530 है, वहीं संक्रमण का इलाज करा रहे लोगों की संख्या बढ़कर 3,33,725 हो गई है। सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, 607 लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 4,36,365 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल संक्रमण का 1.03 फीसदी है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से ठीक होने की दर 97.63 फीसदी है।
- नयी दिल्ली। आगामी महीनों में कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की चिंताओं के बीच अभिभावकों की राय राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को फिर से खोलने की योजना को लेकर बंटी हुई है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा गठित एक विशेषज्ञ समिति ने दिल्ली में सितंबर से स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की सिफारिश की है। कुछ लोगों का मानना है कि अब बहुत हो चुका और स्कूलों को खोल दिया जाना चाहिए जबकि कुछ का मानना है कि कुछ और सप्ताह या महीने तक प्रतीक्षा करने में कोई समस्या नहीं है क्योंकि विशेषज्ञों ने संभावित तीसरी लहर को लेकर आगाह किया है। दिल्ली अभिभावक संघ की अध्यक्ष अपराजिता गौतम ने कहा, ‘‘ जोखिम अभी समाप्त नहीं हुआ है। अक्टूबर-नवंबर से ठीक पहले स्कूलों को फिर से खोलना सही फैसला नहीं है क्योंकि विशेषज्ञों ने इन्हीं महीनों में तीसरी लहर आने का अनुमान जताया है। ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था चल रही है और इसे कुछ और सप्ताह या एक और महीने तक बढ़ाने से कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा जबकि पहले ही स्कूल इतने लंबे समय से बंद रहे हैं।'' नौ साल के बच्चे की मां दीक्षा वर्मा ने कहा, ‘‘यदि स्कूलों को फिर से खोलना ही है तो उन्हें पूर्णकालिक कक्षाएं शुरू नहीं करनी चाहिए। हम सभी जानते हैं कि कई देशों में फिर से मामले बढ़ रहे हैं और अगला हमारा नंबर हो सकता है।'' बहरहाल, ऑल इंडिया पैरंट्स एसोसिएशन (एआईपीए) स्कूलों को फिर से खोलने की मांग कर रही है। एआईपीए के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में स्कूलों को फिर से खेालने में अनिश्चितकाल तक देरी का क्या औचित्य है? 2020-21 की तरह 2021-22 भी शून्य अकादमिक वर्ष बनने जा रहा है।'' आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले जुड़वां बच्चों के पिता निशांत भारद्वाज ने भी ऐसी ही राय जताते हुए कहा, ‘‘सरकार ने पहले ही संकेत दे दिया है कि बच्चों के स्कूल आने के लिए माता-पिता की अनुमति आवश्यक होगी और जो स्कूल नहीं आना चाहते वे ऑनलाइन कक्षाओं में भाग ले सकते हैं। फिर क्या मसला है? अगर कुछ माता-पिता इसके पक्ष में नहीं है तो वे अपने बच्चों को न भेजे।'' कई स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षा विशेषज्ञ स्कूलों को फिर से खोलने के पक्ष में हैं।एमआरजी स्कूल, रोहिणी की प्रधानाचार्या अंशु मित्तल ने कहा, ‘‘स्कूल बच्चे के समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और कोविड महामारी के कारण इन स्कूलों को बंद हुए 16 महीने से अधिक समय बीत गया है। स्कूलों को फिर से खोलना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति की कुशलक्षेम को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं में छात्रों की मौजूदगी शुरू होनी चाहिए।'' कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर पिछले साल मार्च में राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया था। अभी 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र अपने माता-पिता की अनुमति से दाखिले और बोर्ड परीक्षा से संबंधित गतिविधियों के लिए ही स्कूल जा सकते हैं।
- झाबुआ । मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के भेरुघाट में बृहस्पतिवार को एक बस और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक बस यात्री घायल हो गए। थांदला थाना प्रभारी कौशल्या चौहान ने बताया कि थांदला थानाक्षेत्र में सुबह साढ़े सात बजे हुई इस दुर्घटना में बस चालक और एक यात्री की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बस मध्यप्रदेश के भिंड से गुजरात के राजकोट जा रही थी, तभी गेहूं से भरे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जयदीप सिकरवार (34) और उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी नीलेश सिंह (12) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों का थांदला और पेटलावद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना की आगे और जांच कर रही है।
- नोएडा । नोएडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के हाजीपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर परिवारिक क्लेश के चलते पत्नी और खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर बुधवार को आग लगा ली। उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं पत्नी और बीच बचाव करने आई उसकी सास की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहना वाला मोहनदास (45) हाजीपुर गांव में सुखबीर के मकान में किराए पर रहता था। उसका उसकी पत्नी लक्ष्मी (36) के साथ विवाद था और गौतमबुद्ध नगर की पारिवारिक अदालत में उनका मामला चल रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह किसी बात को लेकर लक्ष्मी तथा मोहन के बीच झगड़ा हो गया। मोहन ने अपनी पत्नी तथा अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। इसी बीच बीच- बचाव करने आई पत्नी की मां किरण (65) भी आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लक्ष्मी, मोहनदास तथा किरण को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उपचार के लिए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया की उपचार के दौरान मोहन दास की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और सास की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
- नोएडा (उप्र) । नोएडा थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 77 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 77 में एक सोसाइटी में रहने वाले सागर जोशी (28) ने तड़के अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें घटनास्थल पर सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि वह आत्महत्या के लिए स्वयं जिम्मेदार है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 टीकों की 58.76 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके साथ ही 1.03 करोड़ से अधिक खुराक राज्यों को दिए जाने की प्रक्रिया में हैं। मंत्रालय ने कहा कि अब भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास 3.77 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं जिनका उपयोग किया जाना है। केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड टीकाकरण की गति को तेज करने और इसका दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। टीकाकरण का नया सार्वभौमिक चरण 21 जून को शुरू हुआ था। बयान में कहा गया है कि अधिक टीकों की उपलब्धता से टीकाकरण अभियान में तेजी आयी है।
- नोएडा (उप्र)। नोएडा के थाना कासना क्षेत्र के घंघोला गांव में रहने वाले एक पुजारी को पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। कासना के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घंघोला गांव का रहने वाला आरोपी दीपक शर्मा दिल्ली के शक्ति नगर में स्थित एक मंदिर में पुजारी है। उसकी पत्नी मीना (28) घंघोला गांव में ही रहती थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को मीना अपने घर में मृत पाई गई, उनके गले में चुन्नी बंधी हुई थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या करने की बात सामने आई है। सिंह ने बताया कि महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं और आरोपी दीपक ने ही उसकी हत्या की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसका उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था,इस पर मीना ने उसे थप्पड़ मार दिया इससे आक्रोशित होकर उसने अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है।
- इंदौर । इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र के थानों में तैनात करीब 1,500 पुलिस कर्मियों को हर रोज सुबह-शाम दो-दो केलों की खास खुराक मिलेगी। पुलिस ने अपने बल की तंदुरुस्ती के लिए यह नया प्रयोग शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेश चंद्र जैन ने बृहस्पतिवार को को बताया कि उन्होंने अपने मातहत अफसरों को बाकायदा लिखित निर्देश दिए हैं कि वे थानों में बल की सुबह-शाम होने वाली गिनती के दौरान करीब 1,500 पुलिस कर्मियों को दो-दो केलों की खुराक नियमित तौर पर दें। जैन ने कहा, "काम की व्यस्तताओं और कानून-व्यवस्था संभालने की लम्बी ड्यूटी के दौरान अक्सर थानों के पुलिस कर्मियों को नाश्ते तक का वक्त नहीं मिल पाता और वे खाना भी काफी देर से खा पाते हैं। केलों की पौष्टिक खुराक से उन्हें तुरंत ऊर्जा मिलेगी और उनकी सेहत ठीक रहेगी।" अधीक्षक के मुताबिक, पुलिस कर्मियों के लिए केलों का इंतजाम करने के लिए शहर के कई सामाजिक संगठन स्वेच्छा से तैयार हैं। उन्होंने कहा, "अगर जरूरत पड़ेगी, तो केला खरीदी के लिए सरकारी खजाने से भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।" जैन ने बताया कि जिले के कुछ थानों में पुलिस कर्मियों को केले की खुराक दिया जाना शुरू हो गया है और यह व्यवस्था अन्य थानों में भी जल्द अमल में आ जाएगी।
- बेरहामपुर। ओडिशा के गंजाम जिले में ऋषिकुल्या नदी के मुहाने के पास पेड़ों पर, बया पक्षियों के कई नये बने एवं जटिल रूप से बुने हुए घोंसले देखे गए। ताड़ के पेड़ सहित अन्य पेड़ों से लटकते हुए, हेलमेट के आकार के घोंसले देखे गए हैं। अपने परिवार को शिकारियों से बचाने के लिए बनाए गए ये घोंसले, पक्षियों की एक लुप्तप्राय प्रजाति, बया का अथक प्रयास है। गंजाम के मानद वन्यजीव वार्डन रवींद्र नाथ साहू ने बताया, “हमने सुबालाया के एक खेत में एक ही ताड़ के पेड़ में ऐसे 100 से अधिक घोंसले पाए हैं।” उन्होंने और पुरुना बांध में ऋषिकुल्या सागर कछुआ संरक्षण समिति के सदस्यों में से एक मगाता बेहरा ने हाल ही में घोंसले देखे जब वे बया बुनकर के घोंसलों पर एक सर्वेक्षण कर रहे थे। सुबालाया के अलावा, उन्होंने कांटियागढ़ा के पास नदी के मुहाने के पास कम से कम 10 पेड़ों में भी घोंसले पाए हैं जोकि ऑलिव रिडले कछुओं के लिए प्रसिद्ध प्रजनन क्षेत्र है। साहू ने बताया कि घोंसले को गंजम रेलवे स्टेशन पर और छत्रपुर, बेगुनियापाड़ा, रंगीलुंडा और कबीसूर्या नगर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में आर्द्रभूमि के पास भी देखा गया। घोंसलों की कुल संख्या लगभग 2,000 है। बेरहामपुर संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अमलान नायक ने कहा कि जिले में इतनी बड़ी संख्या में घोंसलों का देखा जाना ऐसे वक्त में अच्छा संकेत है जब बया बुनकर पक्षियों की आबादी देश के अन्य हिस्सों में घट रही है।-file photo
- सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बीती रात एक बस पलट जाने से दो महिला यात्रियों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल शर्मा ने बताया कि बुधवार रात बदायूं से एक बस पंजाब जा रही थी और बस जब देवबंद पहुंची तो चालक को झपकी आ गई जिससे बस साखन नदी के पास खाई में पलट गई । उन्होंने बताया कि चीख पुकार सुनकर पास के ढाबे में मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी थाना देवबंद पुलिस को दी। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सीधा किया गया। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग मजदूरी के लिये बदायूं से पंजाब जा रहे थे लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। शर्मा ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जबकि गम्भीर रूप से घायल चार लोगों को उपचार के लिये पीजीआई चण्डीगढ रेफर किया गया है।
- कानपुर। कानपुर जिले के बेकनगंज क्षेत्र में, रजवी रोड पर बृहस्पतिवार को एक मकान की छत ढह जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बेकनगंज थाना क्षेत्र के रजवी रोड पर स्थित एक पुराने जर्जर मकान में मोहम्मद शमी उर्फ राजू का परिवार रहता है। सुबह बारिश के कारण मकान की कच्ची छत ढह गई, जिसके मलबे में दबकर शमी की पत्नी शहाना परवीन (35), बेटी अलशिफा (आठ) और बेटे नोमान (तीन) की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि शहाना और नोमान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अलशिफा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शमी का इलाज किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




.jpg)























