- Home
- देश
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क प्रधानमंत्री वायरलेस एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (पीएम-वाणी) के माध्यम से ब्रॉडबैंड प्रसार के लिए एक प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। संचार राज्य मंत्री देवु सिंह चौहान ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने पिछले साल दिसंबर में पीएम-वाणी के माध्यम से ब्रॉडबैंड प्रसार के लिए विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि पीएम-वाणी ढांचा के अनुसार, अंतिम छोर तक ब्रॉडबैंड संपर्क सार्वजनिक वाई-फाई एक्सेस प्वाइट्ंस के माध्यम से प्रदान की जाएगी। पीएम-वाणी के माध्यम से सार्वजनिक वाई-फाई अखिल भारतीय फ्रेमवर्क है एवं यह ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए है। उन्होंने बताया कि गुजरात में ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों को मिलाकर स्थापित किए गए वाई-फाई एक्सेस प्वाइट्ंस की कुल संख्या 1981 है।
- लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न कर रहे विपक्ष पर करारा हमला करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ में डूब कर ऐसी चीजें कर रहे हैं जिनसे लगता है कि वे 'सेल्फ गोल' करने में जुटे हैं। मोदी ने 'प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक वृहद अभियान की शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में ‘तोक्यो ओलंपिक' में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा कांस्य पदक जीतने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘एक तरफ हमारा देश जीत के गोल के बाद गोल कर रहा है, वहीं देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो राजनीतिक स्वार्थ में डूब कर ऐसी चीजें कर रहे हैं कि लगता है वे सेल्फ गोल करने में जुटे हैं।'' उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘देश क्या चाहता है, क्या हासिल कर रहा है, कैसे बदल रहा है, इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं। यह लोग अपने स्वार्थ के लिए देश के समय और भावना दोनों को आहत करने में जुटे हैं। अपने स्वार्थ के लिए संसद का निरंतर अपमान कर रहे हैं। देश का हर नागरिक मानवता पर आए सबसे बड़े संकट से बाहर निकलने के लिए जी जान से जुटा है और यह लोग कैसे देशहित के काम को रोका जाए, इस स्पर्धा में लगे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन इस देश की महान जनता ऐसी स्वार्थ और देशहित विरोधी राजनीति का बंधक नहीं बन सकती। ये लोग देश और उसका विकास रोकने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन यह रुकने वाला नहीं है। वह संसद को रोकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन 130 करोड़ जनता देश को रुकने नहीं देने में लगी हुई है।'' विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने उत्तर प्रदेश को हमेशा अपने परिवार वालों और राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया है। उसे देश की आर्थिक प्रगति से जोड़ा ही नहीं गया। इन लोगों ने उप्र को नहीं बल्कि खुद को समृद्ध किया। मुझे खुशी है कि आज उत्तर प्रदेश ऐसे लोगों के कुचक्र से बाहर निकल कर आगे बढ़ रहा है।'' मोदी ने कहा कि भारत टीकाकरण के मामले में भी 50 करोड़ के पड़ाव के बिल्कुल दरवाजे पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जुलाई में एक लाख 16 हजार करोड़ रुपए का जीएसटी एकत्र होना यह बताता है कि अर्थव्यवस्था रफ्तार पकड़ रही है। वहीं, आजादी के बाद पहली बार किसी एक महीने में भारत का निर्यात ढाई लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया। उन्होंने बताया कि कृषि निर्यात में हम दशकों बाद दुनिया के टॉप-10 देशों में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि 'मेक इन इंडिया' के तहत निर्मित देश के पहले विमान वाहक पोत विक्रांत का परीक्षण शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने न सिर्फ देश बल्कि पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘अतीत में हमने अनुभव किया है कि जब देश पर पहले इस तरह का बड़ा संकट आता था तो तमाम व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा जाती थी। लोगों का विश्वास डगमगा जाता था लेकिन आज भारत उसका हर नागरिक पूरी ताकत से इस महामारी का मुकाबला कर रहा है।'' मोदी ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘संतोष इस बात का है कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश में गरीब के अनाज की जो लूट हो जाती थी, उसके लिए अब रास्ता नहीं बचा है। राज्य में जिस तरह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को लागू किया जा रहा है वह नए उत्तर प्रदेश की पहचान को और मजबूत करता है।'' प्रधानमंत्री ने 5 अगस्त को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि 2 साल पहले इसी तारीख को अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर के हर नागरिक को हर अधिकार और हर सुविधा का पूरा भागीदार बनाया गया था। पांच अगस्त को ही पिछले साल करोड़ों भारतीयों ने सैकड़ों साल बाद भव्य राम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा था। आज अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इस मौके पर अयोध्या से इस कार्यक्रम से जुड़े मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नवंबर, 2021 तक ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्य योजना' के माध्यम से खाद्यान्न वितरण का यह कार्यक्रम चलेगा। यह देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन उपलब्ध कराने का एक वृहद अभियान है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 15 करोड़ लाभार्थियों को फायदा होगा। योजना के माध्यम से राज्य में लगभग 80,000 राशन दुकानों पर अनाज का वितरण किया जा रहा है।
- देहरादून। उत्तराखंड के मुनि की रेती क्षेत्र में उफनाई गंगा नदी में बहे मुंबई के बोरिवली क्षेत्र के तीन युवा सैलानियों का तलाशी अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। हालांकि, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जल पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद भी बुधवार को गंगा नदी में बहीं दो युवतियों और एक युवक का अब तक कोई पता नहीं चला है। टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र के पुलिस थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मानसून के कारण गंगा नदी का बहाव बहुत तेज है, इसलिए सैलानियों की तलाश में बहुत मुश्किल आ रही है। उन्होंने बताया कि नदी के किनारे—किनारे राफ्ट की मदद से उन्हें ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है और उनके मिलने तक तलाशी अभियान जारी रखा जाएगा। भंडारी ने बताया कि बहे सैलानियों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। सभी सैलानियों की उम्र 21—22 वर्ष है। ऋषिकेश के निकट टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरा तीन युवकों और दो युवतियों का एक समूह गंगा नदी में नहाने गया था, उसी दौरान यह हादसा हुआ। नहाने के दौरान एक युवती बहने लगी जिसे बचाने के लिए एक युवती और एक युवक आगे बढे लेकिन गंगा के तेज बहाव में तीनों ही बह गए। होटल मालिक से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इनकी तलाश शुरू की। नदी में बहे लोगों के नाम मेलराय डांटे, मधुश्री खुरसांगे और अपूर्वा केलकर हैं।
- नयी दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने 36 वर्षीय एक व्यक्ति को कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि मदनगीर के निवासी गोहर आलम के हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना बुधवार रात करीब नौ बजकर 34 मिनट की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आलम ने पुलिस को बताया कि वह अपने कार्यालय में थे, जब दो अज्ञात लड़के वहां आए और उन पर गोलियां चला दी, जिससे उनके हाथ में गोली लग गई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए कई दलों का गठन किया गया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है।-file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कोविड-19 टीका स्पूतनिक वी के उत्पादन और आपूर्ति को लेकर डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज के अध्यक्ष सतीश रेड्डी के साथ बैठक की है। डॉ रेड्डीज ने भारत में स्पूतनिक वी के लिए रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) के साथ करार किया है। कंपनी ने अप्रैल 2021 में आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी (ईयूए) हासिल करने के बाद मई 2021 में भारत में सीमित तौर पर टीका पेश किया था। सितंबर 2020 में, कंपनी ने भारत में स्पूतनिक वी के ‘क्लीनिकल' परीक्षण और वितरण के लिए आरडीआईएफ के साथ भागीदारी की थी। हैदराबाद की दवा कंपनी ने पहले ही कहा है कि स्थानीय रूप से निर्मित स्पूतनिक वी टीका सितंबर-अक्टूबर से उपलब्ध होगा। मंडाविया ने ट्विटर पर लिखा, "डॉ रेड्डीज लैब के अध्यक्ष डॉ सतीश रेड्डी के साथ बैठक की। कोविड-19 टीका स्पूतनिक वी के उत्पादन और उसकी आपूर्ति पर चर्चा की।" गौरतलब है कि आरडीआईएफ ने स्पूतनिक वी के निर्माण के लिए डॉ रेड्डीज सहित छह भारतीय दवा निर्माताओं के साथ करार किया है।
- जींद। नरवाना के हरियल चौक पर बुधवार रात एक ट्रक ने बाइक पर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया था जिसे बाद में पकड़ लिया गया। शहर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि गांव बडनपुर निवासी सुखबीर (45), उसका साला बलिया निवासी मनोज (40), गांव दनौदा खुर्द निवासी प्रदीप (26) बीती देर रात बाइक पर सवार होकर नरवाना से गांव की तरफ लौट रहे थे। तभी हरियल चौक पर ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और रौंदता हुआ निकल गया। थाना नरवाना प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तीनों की मौत हो चुकी थी। ट्रक को गढ़ी थाना इलाके में पकड़ लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- नोएडा (उप्र) ।साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह के 32 लोगों को थाना बिसरख पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने अनेक अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से 55 कंप्यूटर, सीपीयू, लैपटॉप, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया है। अपर पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय अंकुर अग्रवाल ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना बिसरख पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से चल रहे कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है और 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि इन लोगों ने अमेरिका में रहने वाले लोगों के साथ साइबर ठगी की है। अपर उपायुक्त ने बताया कि यह गिरोह हैकर से मिले नंबरों पर कॉल करके स्वयं को माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल आदि नामी कंपनियों के कर्मचारी बताते थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने हजारों अमेरिकी लोगों से करोड़ों रूपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
- नोएडा (उप्र) । जिले में थाना फेस -3 क्षेत्र के सेक्टर 70 में पेइंग गेस्ट के तौर पर रहने वाले एक छात्र की छत से गिरकर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। थाना फेस- 3 के प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लखनऊ निवासी मोहित तिवारी (25 वर्ष) नोएडा के सेक्टर 70 में पीजी के तौर पर रहते थे। वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे। त्रिवेदी ने बताया कि बीती रात को मोहित अपने कमरे की छत से गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि छात्र की मौत कैसे हुई, इस बात की जांच की जा रही है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को हॉकी खिलाड़ियों विवेक सागर और नीलकांत शर्मा के लिये एक एक करोड़ रूपये के पुरस्कार की घोषणा की जो तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। विवेक होशंगाबाद जिले के इटारसी तहसील के शिवनंगर चंदन गांव के हैं तो नीलकांत ने मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी में ट्रेनिंग ली थी। एक अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने तोक्यो ओलंपिक में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को पराजित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश सरकार दोनों खिलाड़ियों को एक एक करोड़ रूपये की सम्मान निधि देगी। '' भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीता।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति की घोषणा के बाद राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की नयी रूपरेखा (एनसीएफ) तैयार की जा रही है और व्यापक शोध व परामर्श के बाद इतिहास सहित सभी विषयों में नयी पाठ्यपुस्तकों का विकास किया जाएगा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।उनसे सवाल किया गया था, ‘‘क्या सरकार को जानकारी है कि हमारी इतिहास की पाठ्यपुस्तकें हमारे राजाओं और साम्राज्यों को बहुत कम या कोई स्थान नहीं देती हैं और ब्रिटिश शासकों का झूठा महिमामंडन करती हैं।'' इसके जवाब में प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने सूचित किया है कि इतिहास की पाठ्यपुस्तकों सहित उनकी पाठ्यपुस्तकों का वर्तमान सेट राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ), 2005 के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की घोषणा के परिणामस्वरूप एक नया एनसीएफ तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद व्यापक शोध और परामर्श के पश्चात इतिहास सहित सभी विषयों में नयी पाठ्यपुस्तकों का विकास किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने बृहस्पतिवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक सामरिक साझेदारी की पूरी क्षमता को साकार करने के लिए द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग संबंधों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि एबॉट ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के विशेष व्यापार दूत के रूप में प्रधानमंत्री से यह मुलाकात की। बाद में एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के विशेष दूत टोनी एबॉट से मिलकर बहुत खुशी हुई। व्यापक सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके साथ अच्छी चर्चा हुई। हमारे व्यापार और आर्थिक संबंधों को ऊर्जा देने के लिए आवश्यक कदमों और लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने को लेकर भी हमने चर्चा की।'' द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने और व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) पर भारतीय नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए एबॉट सोमवार से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। पीएमओ ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक सामरिक साझेदारी की पूरी क्षमता को साकार करने के लिए द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग संबंधों की समीक्षा की।'' दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूती देने से दोनों देशों को कोविड-19 महामारी से पैदा हुई आर्थिक चुनौतियों से निपटने और स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा दृष्टि को साकार करने में मदद मिलेगी। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल के वर्षों में दोनों देशों के संबंधों में हुई वृद्धि पर संतुष्टि जताई और इस यात्रा में प्रधानमंत्री मॉरिसन और एबॉट के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर मॉरिसन के साथ पिछले साल हुए डिजिटल शिखर सम्मलेन को याद किया और उनका भारत में स्वागत करने की इच्छा जताई।
- बेंगुलरू। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने 9.135 टन लाल चंदन की लकड़ी के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार किया है । पकड़े गये दोनों कथित तस्कर इस लकड़ी को तस्करी कर विदेश भेजने की फिराक में थे। बरामद लकड़ी की कीमत 4.5 करोड़ रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस के अनुसार इस मामले में एक गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया, दोनों बेंगलुरु के रहने वाले हैं । पुलिस ने बताया कि इस संबंध में उनके गोदाम पर छापेमारी की गयी जहां से पुलिस ने लाल चंदन की लकड़ी बरामद की । उन्होंने बताया कि पुलिस ने इन लकड़ियों के अलावा दो ट्रक भी जब्त किये हैं ।
- नयी दिल्ली । दिल्ली में कोविड-19 के मामलों में आई गिरावट के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय 16 अगस्त से विज्ञान संकाय के छात्रों के लिए विषय आधारित गतिविधि और प्रयोगात्मक कक्षाओं को शारीरिक मौजूदगी (ऑफ़लाइन) के स्तर पर शुरू करेगा। हालांकि, थ्योरी (सिद्धांत) की कक्षाएं ऑनलाइन जारी रहेंगी। विश्वविद्यालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक सूचना में बताया गया कि कोविड-19 के मामलों में गिरावट के बाद यह निर्णय लिया गया कि विज्ञान संकाय के परास्नातक और अंतर स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए प्रयोगात्मक/विषय आधारित कार्य वाली कक्षाएं विश्वविद्यालय और उसके कॉलेज में शारीरिक मौजूदगी (ऑफ़लाइन) के आधार पर 16 अगस्त से आयोजित की जाएगी। हालांकि, इस दौरान कोविड-19 से बचाव संबंधी सभी नियमों के पालन किए जाएंगे। सूचना में बताया गया कि अन्य अकादमिक कार्यक्रम ऑनलाइन जारी रहेंगे। बुधवार को रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने घोषणा की थी कि विश्वविद्यालय विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए परिसर खोलने की संभावना तलाश रहा है।-
- गोड्डा (झारखंड) । जिले के ठाकुरगंगती थाना क्षेत्र के हिजरी निवासी एक पिता-पुत्री की बृहस्पतिवार को नदी में डूबने से मौत हो गई। गोड्डा में महगामा के पुलिस उपाधीक्षक शिवशंकर तिवारी ने बताया कि 40 वर्षीय सुऑन हेंब्रम अपनी आठ वर्षीया पुत्री सुनीता के साथ नदी में स्नान करने गया था। बरसात के कारण नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो जाने से दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अथक प्रयास के बाद जाल डालकर बाप-बेटी का शव नदी से निकाला। तिवारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।-file photo
-
देवास। पुलिस ने तीन साल पहले महिला की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। महिला को उसकी आरोपी सास और आरोपी काका ससुर के अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। जिस पर आरोपी सास और काका ससुर ने मिलकर लकड़ी से पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। महिला ने हत्या से पहले अपने माता-पिता को कहा था कि उसे आरोपी सास और आरोपी काका ससुर के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई है।
चश्मदीद और मृतक के बयानों के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंच गई और हत्याकांड का पर्दाफाश किया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी सास और आरोपी काका ससुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
कांटाफोड़ पुलिस ने बुधवार को हत्या का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार साल 2018 को बेडग़ांव के युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी थी। जिस पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। एसपी डाक्टर शिवदयालसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा व अनुविभागीय अधिकारी बागली राकेश व्यास के मार्गदर्शन में कांटाफोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक लीला सोलंकी और उनकी टीम जांच में जुटी थी। जांच के दौरान चश्मदीद और महिला के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंधों की कहानी सामने आई। महिला को सास और काका ससुर के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। आठ अक्टूबर 2018 को भूतड़ी अमवास्या थी। इस कारण महिला का पति, ससुर और अन्य लोग नर्मदा में स्नान करने चले गए। घर पर महिला और उसकी आरोपी सास थी। आरोपी सास को जानकारी थी कि बहू अकेली खेत में घास काटने गई है। इस दौरान प्लानिंग कर बहू की लकड़ी से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी काका ससुर और सास को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हत्याकांड का पर्दाफाश करने में निरीक्षक लीला सोलंकी, उप निरीक्षक कपिल नरवले, सहायक उपनिरीक्षक पीएस परमार, प्रधान आरक्षक रघुनाथसिंह राठौड़, आरक्षक अमित नाहर, सुधीर बावरे, राहुल सुरोसे, आशीष वर्मा, आरक्षक मोनिका उईके और सूरज चौहान की अहम भूमिका रही। -
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के कुरसेला थाना अंतर्गत नबाबगंज इलाके में एक घर से पुलिस ने 30 लाख रुपए से अधिक मूल्य का करीब तीन क्विंटल प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है और इस सिलसिले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नबाबगंज में आरोपी विकास मंडल के घर से पुलिस ने अलग अलग पैकेटों में सीलबन्द कुल 298 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वे पूर्णिया जिले के टिकापट्टी निवासी अनिल मंडल एवं मनोज यादव, भागलपुर जिले के गोपालपुर निवासी रोहित कुमार, कटिहार जिले के विकास कुमार मंडल, खेलन पोद्दार, मनीष कुमार और पंकज मंडल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में एक कार और दो मोटरसाइकिल को भी जप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में तीस लाख रुपए से अधिक की होगी।
-- -
गोरखपुर। उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के तूतीबाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को जमुई कला गांव के एक गोदाम से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी में करीब 686 करोड़ रुपए की प्रतिबंधित नशीली दवायें बरामद की गयीं। जिलाधिकारी डॉ उज्जवल कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता और एसएसबी कमांडेंट मनोज कुमार ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की छापेमारी के दौरान जिले में भारत-नेपाल सीमा पर तूतीबाड़ी थाना क्षेत्र के जमुई कला गांव में आरोपी रमेश कुमार के गोदाम से 686 करोड़ रुपए की प्रतिबंधित नशीली दवायें बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य आरोपी गोविंद की तलाश की जा रही है। प्रतिबंधित दवाओं को नेपाल भेजने के लिए गोदाम में रखा गया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, कॉपीराइट एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया हैं। पुलिस ने 104 इंजेक्शन, 18782 सिरप की बोतलें, 313384 कैप्सूल, 124897 टैबलेट और 134460 मुद्रित लेबल (पुराना लेबल निकाल कर अधिक मूल्य का लेबल चस्पा करने के लिये) बरामद किए हैं। जिला अधिकारी डॉ उज्जवल कुमार ने कहा, जिले में अवैध ड्रग्स के व्यापार के खिलाफ यह एक बड़ी सफलता है और पूरी टीम ने सराहनीय काम किया है। जांच के दौरान पता चला कि गिरोह नेपाल में ड्रग्स भेजता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि भारी मात्रा में नशीले पदार्थो की बरामदगी से पता चलता हैं कि कि भारत-नेपाल सीमा पर कई वर्षों से नशीली दवाओं का धंधा चल रहा था।
&& -
नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 46.89 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। शाम सात बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को टीके की 33,50,612 खुराक दी गईं। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को 18-44 आयु वर्ग के 18,36,439 लोगों को पहली खुराक और 3,89,589 लोगों को टीके की दूसरी खुराक दी गई। टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक इस आयु वर्ग के कुल 16,61,98,236 लोगों को पहली खुराक और 1,02,51,772 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
-
नयी दिल्ली । सरकार ने ‘हिट एंड रन' सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए मुआवजे की राशि को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने हिट एंड रन सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि बढ़ाने के लिए एक योजना प्रस्तावित की है। जिसमे सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होने पर 50,000 रुपये का मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 के दौरान देश में हुई कुल 4,49,002 सड़क दुर्घटनाओं में 1,51,113 लोगों की मौत हुई थीं। मंत्रालय ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘हिट एंड रन दुर्घटना पीड़ितों के मुआवजे के लिए योजना में बदलाव की जरुरत है। गंभीर चोट के लिए 12,500 रुपये से 50,000 रुपये और मृत्यु के लिए 25,000 रुपये से बढ़ाकर 2,00,000 रुपये। यह योजना 1989 में बनी हर्जाना योजना की जगह लागू की जायेगी।'' सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल में राज्यसभा में बताया कि वर्ष 2019 के दौरान दिल्ली में 'हिट एंड रन' सड़क दुर्घटनाओं में 536 लोग मारे गए और 1,655 लोग घायल हो गए। मंत्रालय ने इस प्रस्तावित योजना के लिए 30 दिनों में हितधारकों से टिप्पणी भी मांगी है।
-
नयी दिल्ली। भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत ‘विक्रांत' का समुद्र में बहुप्रतीक्षित परीक्षण बुधवार को शुरू हो गया। यह देश में निर्मित सबसे बड़ा और विशालकाय युद्धपोत है। विक्रांत को अगले साल अगस्त तक नौसेना में शामिल करने की योजना है और इसके पहले यह एक बड़ी उपलब्धि है। भारतीय नौसेना ने इस अवसर को देश के लिए ‘‘गौरवान्वित करने वाला और ऐतिहासिक'' दिन बताया और कहा कि इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों में शुमार हो गया है, जिनके पास स्वदेश में डिजाइन करने, निर्माण करने और अत्याधुनिक विमानवाहक पोत तैयार करने की विशिष्ट क्षमता है। विक्रांत का वजन 40,000 टन है और यह पहली बार समुद्र में परीक्षण के लिए तैयार है। गौरतलब है कि इसी नाम के एक जहाज ने 50 साल पहले 1971 के युद्ध में अहम भूमिका निभायी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत ‘‘विक्रांत'' को ‘‘मेक इन इंडिया'' का बेहतरीन नमूना बताया और इसके समुद्री परीक्षण की ‘‘ऐतिहासिक'' उपलब्धि पर नौसेना को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय नौसेना द्वारा डिजाइन किए गए और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित स्वदेशी विमानवाहक जहाज ‘विक्रांत' ने आज अपना पहला समुद्री परीक्षण शुरू किया। यह ‘मेक इन इंडिया' का बेहतरीन नमूना है। भारतीय नौसेना और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई।'' रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विमानवाहक पोत का निर्माण आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया' पहल की दिशा में राष्ट्र की कोशिश का एक उत्कृष्ट उदाहण है। इस विमानवाहक जहाज को, इसके विमानन परीक्षण पूरे करने के बाद, अगले साल अगस्त तक भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने की उम्मीद है। इसे करीब 23,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक माधवाल ने कहा, ‘‘यह भारत के लिए गौरवान्वित करने वाला और ऐतिहासिक दिन है क्योंकि 1971 के युद्ध में जीत में अहम भूमिका निभाने वाले अपने शानदार पूर्ववर्ती जहाज के 50वें साल में आज यह प्रथम समुद्री परीक्षण के लिए रवाना हुआ।'' उन्होंने कहा कि यह भारत में बना सबसे बड़ा और विशालकाय युद्धपोत है। उन्होंने कहा, ‘‘आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया' पहल में यह एक गौरवान्वित करने वाला और ऐतिहासिक क्षण है।'' यह विमानवाहक जहाज करीब 262 मीटर लंबा और 62 मीटर चौड़ा है तथा इसे कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने निर्मित किया है। जून में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विमानवाहक जहाज के निर्माण की समीक्षा की थी। इस जहाज पर 30 लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर तैनात किए जा सकते हैं। युद्धपोत पर मिग-29 के लड़ाकू विमानों और केए-31 हेलीकॉप्टरों का एक बेड़ा होगा। भारत के पास अभी सिर्फ एक विमानवाहक जहाज ‘आईएनएस विक्रमादित्य' है।
भारतीय नौसेना, हिंद महासागर क्षेत्र में सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की चीन की बढ़ती कोशिशों के मद्देनजर अपनी संपूर्ण क्षमता महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने पर जोर दे रही है। हिंद महासागर, देश के रणनीतिक हितों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। -
नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की निर्यात स्थिति पर कई देशों के मिशन प्रमुखों, केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी समेत निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधियों को छह अगस्त को संबोधित कर सकते हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। देश का निर्यात जुलाई में 47.19 प्रतिशत बढ़कर 35.17 अरब डॉलर हो गया है। निर्यात में वृद्धि का मुख्य कारण पेट्रोलियम, इंजीनियरिंग और रत्न एवं आभूषणों के निर्यात में मजबूत वृद्धि है। मंत्रालय ने चालू वित्त वर्ष के लिए 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य तय किया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस ऑनलाइन कार्यक्रम में कई देशों के मिशन प्रमुख, केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी समेत निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।'' भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन से निर्यातकों में जोश आएगा और नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। -
पुरी। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बुधवार को कहा कि 16 अगस्त से ओडिशा के पुरी स्थित मंदिर को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोला जाएगा। ‘छत्तीस निजोग' (मंदिर के सेवादारों की सबसे बड़ी संस्था) की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद एसजेटीए के मुख्य प्रशासक कृष्ण कुमार ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘16 अगस्त से 20 अगस्त के बीच पहले पांच दिन में, केवल पुरी के निवासियों को मंदिर के भीतर जाकर दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी।'' कुमार ने कहा कि पुरी के बाहर के लोगों को 23 अगस्त से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी क्योंकि शनिवार और रविवार को पुरी शहर बंद रहेगा, इसलिए मंदिर भी बंद रहेगा। - नयी दिल्ली। भारतीय अनुसंधानकर्ताओं ने हाइड्रोजन उत्पादन का नवोन्मेषी तरीका खोजा है जिससे इसका उत्पादन तीन गुना तक बढ़ सकता है और इसके उत्पादन में कम ऊर्जा की भी जरूरत होगी। डीएसटी ने बुधवार को कहा कि इससे कम लागत पर पर्यावरण अनुकूल हाइड्रोजन ईंधन के उत्पादन का रास्ता साफ हो सकता है। हरित और स्थायी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने में हाइड्रोजन ईंधन अहम भूमिका निभा सकता है क्योंकि पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ पारंपरिक गैर नवीनीकरण ईंधन स्रोतों जैसे कोयला और पेट्रोलियम के मुकाबले तीन गुना अधिक ऊर्जा देता है। हाइड्रोजन ईंधन के इस्तेमाल से उप उत्पाद के रूप में पानी निकलता है जो पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है। पृथ्वी के वायुमंडल में हाइड्रोजन की कम मात्रा होने की वजह से बिजली की मदद से पानी के अणुओं को खंडित कर इसका उत्पादन किया जाता है जिसे इलेक्ट्रोलिसिस कहते हैं।इस प्रक्रिया के लिए अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है जबकि हाइड्रोजन उत्पादन की दर कम होती है। इलेक्ट्रालिसिस के दौरान महंगे प्लैटियम और इरिडियम आधारित उत्प्रेरक के इस्तेमाल भी हाइड्रोजन ईंधन के वाणिज्यिक आधार पर उत्पादन को हतोत्साहित करता है। विज्ञान-प्रौद्योगिकी विभाग ने बयान में कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बंबई के अनुसंधानकर्ताओं की टीम ने सी सुब्रमण्यम के नेतृत्व में उपरोक्त सभी चुनौतियों के समाधान के लिए नवोन्मेषी तरीके के साथ सामने आई है। बयान के मुताबिक इसमें जल के विद्युत अपघटन (इलेक्ट्रोलिसिस) के लिए बाह्य चुबंकीय क्षेत्र शामिल होता है। पुरानी पद्धति में एक मिलीलीटर हाइड्रोजन गैस का उत्पादन करने में जितनी ऊर्जा की जरूरत होती है उससे 19 प्रतिशत कम ऊर्जा में तीन मिलीलीटर हाइड्रोजन का उत्पादन नए तरीके से किया जा सकता है। यह सफलता उत्प्रेक स्थल पर विद्युत और चुंबकीय क्षेत्र में तारतम्यता स्थापित कर हासिल की जा सकती है। बयान में कहा कि इस तरीके से मौजूदा इलेक्ट्रोलाइस्ड (पानी को ऑक्सीजन और हाइड्रोजन में खंडित करने के लिए विद्युत का इस्तेमाल करता है) के डिजाइन में बिना बदलाव किया बाह्य चुंबक को जोड़ा जा सकता है, हाइड्रोजन उत्पादन की कुशलता बढ़ सकती है। बयान में कहा गया कि हाइड्रोजन उत्पादन के इस सिद्धांत को प्रदर्शित करने वाले अनुसंधान पत्र को एसीएस सस्टेनेबल केमिस्ट्री ऐंड इंजीनियरिंग में प्रकाशित किया गया है। डीएसटी ने कहा कि यह ऐसी प्रणाली है जिसमें बाहरी चुबंकीय क्षेत्र की निरंतर जरूरत नहीं होती और लंबे समय तक चुंबकीय क्षेत्र बना रहता हैं। इसके लिए जरूरी चुंबकीय क्षेत्र फ्रीज के चुंबक जितनी क्षमता वाला चुंबक भी मुहैया करा सकता है। इस नयी पद्धति से 10 मिनट के लिए स्थापित बाह्य चुंबकीय क्षेत्र 45 मिनट तक उच्च हाइड्रोजन उत्पादन स्तर के लिए पर्याप्त है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार ने बुधवार को यहां निजी अस्पतालों, प्रयोगशालाओं में लोगों में कोविड-19 संक्रमण का पता लगाने के लिए आरटी-पीसीआर जांच का अधिकतम शुल्क 500 रुपये तय कर दिया। संबंधित सरकारी आदेश के अनुसार अब रैपिड एंटीजन जांच के लिए 300 रुपये देने होंगे।दिल्ली सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक घर बुलाकर नमूना देने और जांच कराने पर अधिकतम 700 रुपये का शुल्क लिया जा सकेगा। पहले यह 1200 रूपये था। सरकारी केंद्रों एवं अस्पतालों में आरटी-पीसीआर एवं रैपिड एंटीजन परीक्षण मुफ्त किये जाते हैं। पिछले साल नवंबर में सरकार ने यहां निजी अस्पतालों में आरटी-पीसीआर पद्धति से कोविड-19 जांच करवाने के लिए अधिकतम शुल्क 800 रुपये तय किया था। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्तपालों एवं प्रयोगशालाओं को 24 घंटे के अंदर प्रमुख स्थान पर संशोधित दर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। उसने उनसे 24 घंटे के अंदर नमूनों की जांच करने, उसकी रिपोर्ट संबंधित व्यक्ति एवं आईसीएमआर की पोर्टल पर उसे डालने को भी कहा है। मंगलवार को दिल्ली में कोविड-19 के 50 मामले सामने आये थे और चार मरीजों ने जान गंवायी थी। फिलहाल यहां संक्रमण दर 0.08 फीसद है। राष्ट्रीय राजधानी में अबतक कोविड-19 के 14,36,451मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 14,10,874 मरीज संक्रमणमुक्त हो गये जबकि 25,058 की जान चली गयी।--
- चेन्नई। तमिलनाडु में एम के स्टालिन के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल ने बुधवार को राज्य सरकार द्वारा संचालित स्कूलों के छात्रों को पेशेवर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 7.5 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का संकल्प लिया, जो कि मेडिकल प्रवेश में दिए जाने वाले मौजूदा लाभ के समान है। के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली पिछली अन्नाद्रमुक सरकार ने पिछले साल ऐसे स्कूलों के छात्रों के लिए स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में 7.5 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया था। कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों का विवरण देते हुए एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सत्तारूढ़ द्रमुक का पहला बजट 13 अगस्त को पेश किया जाएगा, वहीं अप्रैल के चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में पार्टी द्वारा किये गए वादे के अनुरूप एक अलग कृषि बजट भी विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस बीच, एक अलग आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने 13 अगस्त को विधानसभा की बैठक बुलाई है और उस दिन बजट पेश किया जाएगा।



























