- Home
- देश
- नोएडा । नोएडा में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के चिपयाना बुजुर्ग के पास हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। व्यक्ति को एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। शव की पहचान नहीं हो पायी है। उन्होंने बताया कि थाना रबूपुरा क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पूरन नामक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी के निवासी बीरेश कुमार सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। बीरेश को उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर 50 स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
- महोबा (उत्तर प्रदेश)। महोबा जिले के अजनर क्षेत्र में बुधवार को जमीन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया जिसमें दो बुजुर्गों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि अजनर थाना क्षेत्र के अकौनी गांव में बुधवार को जमीन को लेकर विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे से मार-पीट हो गई। इस मारपीटमें चोट लगने से जयहिंद और शंभू (दोनों की उम्र 65-70 साल के बीच है) की मौके पर मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुलपहाड़ के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) तेजबहादुर सिंह ने बताया कि इस सिलसिले में दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है जिसके आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है, दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिये गए हैं।
- नयी दिल्ली । शहर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी (डीएसजीएमसी) ने अपनी लंगर सेवा फिर से शुरू कर दी है और इस बार उन परिवारों को भी भोजन पहुंचाया जा रहा है जिनमें कोरोना वायरस संक्रमित हैं और अपने लिए भोजन नहीं बना सकते। डीएसजीएमसी ने मंगलवार को यह घर पहुंच सेवा शुरू कर दी है। उसने हेल्पलाइन नंबर जारी किये हैं जिन पर फोन करके लोग घरों तक खाना मंगा सकते हैं। डीएसजीएमसी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक बयान में कहा, ‘‘हम उन परिवारों को खाना पहुंचा रहे हैं जिनमें कोविड-19 रोगी हैं और अपने लिए भोजन नहीं पका सकते। ऐसे परिवारों के लिए पोषक और स्वादिष्ट भोजन पैक किया जा रहा है और हमारी टीम पीपीई किट आदि पहनकर भोजन के पैकेट पहुंचा रही है।'' डीएसजीएमसी इस तरह की होम डिलीवरी के अलावा प्रवासी श्रमिकों समेत गरीब परिवारों को भी लंगर पहुंचा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एक लाख हो या दो लाख, हम रोजाना इतने लोगों को लंगर पहुंचाने को तैयार हैं और उसी हिसाब से हमने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।'
- भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को घोषणा की कि एक मई से प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत भरी सौगात दी है कि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र सभी लोगों को टीका लग सकेगा। चौहान ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘प्रिय बहनों और भाइयों, यदि कोविड-19 को हराना है तो संक्रमण की चेन तोड़ना होगा और संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए घर पर रहना होगा। अपने गांव, शहर, कॉलोनी या मोहल्ले में कोरोना कर्फ्यू लगा दें, 30 अप्रैल तक घर पर ही रहेंगे। घर पर रहें और कोरोना को हराएं।
- पुणे । महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक पोल्ट्री फर्म के मालिक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है कि एक कंपनी द्वारा मुहैया कराए गए भोजन के सेवन के बाद फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई क्योंकि संबंधित उत्पादनकर्ता ने तीन से चार मुर्गीपालन फार्म के मालिकों को मुआवाजा देने पर सहमति जताई है जिन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा। लोनी कालभोर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र मोकशी ने कहा, “शिकायतकर्ता मुर्गीपालन फार्म का मालिक है। वह और उसके इलाके के कम से कम चार और फार्म मालिकों को इसी तरह का समस्या आई जिसके बाद उसने हमारे पास यह शिकायत दर्ज कराई।” शिकायकर्ता ने बताया कि उसने बगल के जिले अहमदनगर स्थित एक कंपनी से मुर्गियों का दाना खरीदा था। मोकशी ने बताया, “उसने शिकायत में कहा है कि इस दाने के सेवन के बाद, उसके फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया।” उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मुद्दे को लेकर अहमदनगर के प्रखंड स्तर के पशुपालन अधिकारी से विचार-विमर्श किया।-file photo
- कोलकाता। कोविड-19 से संक्रमित पाये जाने के बाद घर पर पृथक-वास में रह रहे जाने माने बांग्ला कवि शंख घोष का बुधवार की सुबह निधन हो गया। उनके परिवार ने इस बारे में बताया। घोष 14 अप्रैल को कोविड-19 से संक्रमित पाये गये थे।स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि 89 वर्षीय घोष डॉक्टरों की सलाह पर घर पर पृथक-वास में रह रहे थे। घोष कई रोगों से पीड़ित थे। कुछ महीने पहले ही स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घोष को रवींद्र नाथ टैगोर की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने वाला रचनाकार माना जाता है। वह ‘आदिम लता - गुलमोमय' और ‘मूर्ख बारो समझिक नै' जैसी रचनाओं के लिए जाने जाते हैं। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखने वाले घोष को 2011 में पूद्म भूषण से सम्मानित किया गया और 2016 में प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजा गया। अपनी पुस्तक ‘बाबरेर प्रार्थना' के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला।उनकी रचनाओं का अंग्रेजी और हिंदी समेत अन्य भाषाओं में अनुवाद हुआ है।घोष के परिवार में उनकी बेटियां सेमांति और श्राबंति तथा पत्नी प्रतिमा हैं।साहित्यकार सुबोध सरकार ने कहा कि कोविड-19 ने ऐसे वक्त में घोष को छीन लिया जब उनकी सबसे अधिक जरूरत थी क्योंकि ‘‘राज्य फासीवाद के खतरे का सामना कर रहा है।'' सरकार ने कहा, ‘‘घोष मृदुभाषी थे लेकिन उनकी कलम की धार तेज थी। उन्होंने हमेशा असहिष्णुता के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने मुक्त एवं स्वतंत्र सोच के लिए सभी विमर्शों और आंदोलनों में हिस्सा लिया।'' घोष का जन्म छह फरवरी 1932 को चंद्रपुर में हुआ था जो अब बांग्लादेश में है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से सतर्क रहने और कोविड जांच कराने का आग्रह किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री होम आइसोलेशन में चले गए हैं।श्री निशंक ने ट्वीट में लिखा-अस्वस्थ महसूस करने पर आज मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है और चिकित्सकों द्वारा निर्धारित परामर्श के अनुसार उपचार ले रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि विगत दिनों में जो महानुभाव मेरे संपर्क में आए हैं वे अपनी जांच रिपोर्ट के अनुसार निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन करें।---
- नई दिल्ली। भारत बायोटेक और आई सी एम आर ने आज कोवौक्सीन के तीसरे चरण के परीक्षणों के अंतरिम परिणामों की घोषणा की। परिणाम के अनुसार कोवौक्सीन के 78 प्रतिशत के नैदानिक प्रभावकारिता की सूचना दी गई है। इसमें कहा गया है कि कोविड-19 के भीषण रूप में बीमारी से लडऩे के लिए टीके की प्रभावकारिता शत प्रतिशत थी।एक बयान में, कंपनी ने कहा कि दूसरे अंतरिम परिणामों से पता चला कि भारत की पहली वैक्सीन ने गंभीर संक्रमण के खिलाफ मजबूत प्रभावकारिता दिखाई है। इसमें कहा गया है कि हाल ही में संक्रमण में वृद्धि के कारण जो मामले दर्ज किए गए, उनके आकलन के अनुसार हल्के, मध्यम और गंभीर संक्रमण के खिलाफ टीके की प्रभावकारिता 78 प्रतिशत है।
- नई दिल्ली। महाराष्ट्र में ऑक्सीजन टैंक में रिसाव के बाद ऑक्सीजन की कमी के कारण नासिक जिले में एक कोविड अस्पताल में 22 मरीजों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।नासिक के प्रभारी मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि अस्पताल में 157 कोविड मरीज भर्ती थे, जिनमें से 131 ऑक्सीजन सपोर्ट और 15 मरीज वेंटिलेटर पर थे। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन टैंक में दिन में साढ़े 12 बजे के आसपास रिसाव शुरू हुआ। बाद में टैंक में मरम्मत करके रिसाव पर काबू पाया लिया गया। इस बीच, कुछ मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया और ऑक्सीजन आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक 22 मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिनमें 11 महिलाएं हैं।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सभी अस्पतालों से ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था की जांच करने को कहा है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। श्री ठाकरे ने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समूचा राज्य दुख की इस घड़ी में उनके साथ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। घटना को हृदय विदारक बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों की मृत्यु से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट में कहा कि वह घटना से व्यथित हैं। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी ने भी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
- बुलंदशहर। जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक मारुति वैन और गन्ने से भरे हुए ट्रक की टक्कर में वैन में सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।अनूप शहर के थाना प्रभारी राम सेन ने बुधवार को बताया की वैन में सवार सभी लोग हरियाणा के जींद जिले से अपने गांव करणपुर लौट रहे थे। रास्ते में उनके मारुति वैन की गन्ने से भरे हुए ट्रक से टककर हो गयी। सेन ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान जगरूप (35), गणपत (45), विजय (35) और दानिश (30) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में बुधवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे और न्यूनतम तामपान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में औसत से चार डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस बारे में बताया। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश या बूंदाबादी होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह साढ़े आठ बजे तक हवा में नमी का स्तर 67 प्रतिशत था। मंगलवार को न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान क्रमश: 19.5 डिग्री सेल्सियस और 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- नयी दिल्ली। पश्चिम दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में बुधवार सुबह फर्नीचर के एक बाजार में आग लग गयी। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार उन्हें तड़के करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी और घटनास्थल पर दमकल की 28 गाड़ियों को भेजा गया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे आग पर नियंत्रण पा लिया गया। मामले में जांच जारी है।-file photo
- नई दिल्ली। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) के वी सुब्रमणियम ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 महामारी का मौजूदा संक्रमण अगले महीने के मध्य में चरम पर पहुंच सकता है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि इसका अर्थव्यवस्था पर प्रभाव उतना व्यापक नहीं होगा। देश भर में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के बीच उन्होंने यह बात कही। सुब्रमणियम ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चरम पर पहुंचने का उनका आकलन आईसीएमआर (भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद) समेत विभिन्न संगठनों के शोध पर आधारित है।ग्रेट लेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट द्वारा आयोजित कार्यक्रम को 'ऑनलाइन' संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह महामारी के कोई विशेषज्ञ नहीं है, अत: उनके आकलन को उसी परिपेक्ष में प्रतिवाद के साथ लिया जाना चाहिये। अर्थव्यवस्था पर मौजूदा संक्रमण के प्रभाव के बारे में सुबमणियम ने कहा कि यह कोई व्यापक नहीं होना चाहिए क्योंकि सरकार ने खासकर एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) के उत्पादन नुकसान को रोकने के लिये कई कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने संकट के इस समय को अवसर में बदलने की पहल की है और इस दौरान आपूर्ति पक्ष के अड़ाचनों को दूर करने के लिये कई सुधारवादी कदम उठाये हैं।
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने मंगलवार को रेमडेसिविर, इसके कच्चे माल तथा वायरल रोधी दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान पर सीमा शुल्क समाप्त करने की घोषणा की है। इस कदम से रेमडिसिविर इंजेक्शन की घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिलेगी। रेमडिसिविर का इस्तेमाल कोरोना वायरस के इलाज में होता है। राजस्व विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने जन हित में इन उत्पादों पर सीमा शुल्क समाप्त करने का फैसला किया है। जिन उत्पादों पर अब आयात शुल्क नहीं लगेगा उनमें रेमडेसिविर एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रिडिएंट्स (एपीआई), इंजेक्शन रेमडेसिविर और रेमडेसिविर के विनिर्माण में काम आने वाली बीटा साइक्लोडेक्ट्रिन शामिल है। आयात शुल्क की यह छूट इस साल 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी।वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोविड-19 के मरीजों की स्वास्थ्य देखभाल की प्राथमिकता के मद्देनजर रेमडेसिविर एपीआई, इंजेक्शन और अन्य सामग्री को आयात शुल्क मुक्त किया गया है। इससे आपूर्ति बढ़ेगी और लागत घटेगी, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।'' इससे पहले 11 अप्रैल को रेमडेसिविर की बढ़ती मांग के मद्देनजर केंद्र ने इसके इंजेक्शन और एपीआई के निर्यात को स्थिति में सुधार आने तक प्रतिबंधित कर दिया था। राष्ट्रीय औषधि मूल्य प्राधिकरण (एनपीपीए) ने पिछले सप्ताह कहा था कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद विभिन्न दवा कंपनियों ने रेमडेसिविर के दाम घटाए हैं। कैडिला हेल्थकेयर ने रेमडैक (रेमडेसिविर 100 एमजी) इंजेक्शन का दाम 2,800 से रुपये से घटाकर 899 रुपये कर दिया है। इसी तरह सिंजीन इंटरनेशनल ने अपने ब्रांड रेमविन का दाम 3,950 रुपये से घटाकर 2,450 रुपये कर दिया है। हैदराबद की डॉ रेड्डीज लैब ने रेडवाईएक्स का दाम 5,400 से घटाकर 2,700 रुपये कर दिया है। इसी तरह सिप्ला ने अपने सिपरेमी ब्रांड का दाम 4,000 रुपये से घटाकर 3,000 रुपये और मेलान ने अपने ब्रांड का दाम 4,800 से घटाकर 3,400 रुपये कर दिया है। जुबिलेंट जेनेरिक्स ने अपने रेमडेसिविर का ब्रांड का दाम 4,700 से घटाकर 3,400 रुपये किया है।
- नागपुर (महाराष्ट्र)। शहर के सक्करदारा क्षेत्र में रेमडेसिविर की शीशियों में पानी भरकर उन्हें कथित रूप से 28 हजार रूपये में बेचने के आरोप में मंगलवार को दो लोग पकड़े गये। निरीक्षक सत्यवान माने ने बताया कि एक्सरे तकनीशियनों--अभिलाष पेटकर (28) और अनिकेत नंदेश्वर (28) ने एक ऐसे व्यक्ति को यह नकली दवा शीशिया बेचीं जिसका रिश्तेदार यहां एक कोविड-19 उपचार केंद्र में भर्ती है।दोनों ने पहले दोनों शीशियों का दाम 40 हजार रूपये बताया और फिर मोलभाव के बाद उसे 28 हजार रूपये तक घटा दिया। सक्करदारा थाने के अधिकारी ने कहा, '' रिश्तेदार को इन शीशियों पर संदेह हुआ। उसने पुलिस से संपर्क किया और हमने शाम को यहां उसे अपनी योजना के तहत फ्लाईओवर के नीचे पकड़ लिया। जांच के तहत न्यू सूबेदार लेआउट और मानवेवाडा में उनके घरों की तलाशी की जा रही है।'' कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए अहम दवा समझी जाने वाली रेमडेसिविर को लेकर धोखाधड़ी बढ़ गयी है क्योंकि इस महामारी के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं और ऐसे में इस दवा की मांग भी बढ़ गयी है। file photo
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आगामी एक मई से 18 साल तथा उससे अधिक उम्र के लोगों को कोविड-19 का टीका नि:शुल्क लगाने का निर्णय किया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार शाम हुई कैबिनेट की ऑनलाइन बैठक में यह निर्णय किया गया। योगी मंत्रिमंडल ने 18 साल तथा उससे अधिक उम्र के लोगों को कोविड-19 का टीका लगाने की इजाजत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी दिया। राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस निर्णय से कोविड-19 के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी और वृहद् टीकाकरण कार्यक्रम से कोरोना वायरस को काबू करने में सहायता हासिल होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "हमने 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों का नि:शुल्क टीकाकरण कराने का फैसला किया है। राज्य सरकार टीकाकरण कार्यक्रम को अपने संसाधनों से आगे बढ़ाएगी।
- होशंगाबाद। मध्यप्रदेश के बैतूल में कोरोना कफ्र्यू के दौरान दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पिता समेत पड़ोसी दो महिलाओं के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। वारदात मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। सूचना पर गंज थाना स्टाफ व एसडीओपी नितेश पटेल मौके पर पहुंचे। आरोपी संतू पारदे मौके से फरार हो गया। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।पुलिस के अनुसार आरोपी संतू पारदे (32) बैतूल के जयप्रकाश वार्ड में अपने पिता फत्तू के साथ रहता है। वह मानसिक रूप से कमजोर है। वह पिता से आए दिन झगड़ता रहता था। मंगलवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। संतू ने पिता से विवाद कर उन पर रॉड से हमला किया। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली महिला गुंता झरबड़े (60) और उनकी बहू ऋतु झरबड़े (28) दोनों बीच-बचाव करने पहुंची। आरोपी ने दोनों महिलाओं पर भी रॉड से हमला कर दिया। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। एसपी सिमाला प्रसाद और एसडीओपी नितेश पटेल ने भी मौके पर पहुंच पड़ताल शुरू की। एसपी सिमाला प्रसाद ने बताया, आरोपी की तलाश में टीमें लगी हैं। जल्द की आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद हमले की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर में हुए अरबों रुपये के बाइक बोट घोटाले के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी की अचल संपत्ति थाना कासना पुलिस ने मंगलवार को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 ए के तहत कुर्क की।पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बाइक टैक्सी चलाने के नाम पर आरोपी संजय भाटी तथा उसके अन्य कारोबारी साझेदारों ने वर्ष 2018 में बाइक बोट के नाम से कंपनी खोली। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एक वर्ष में धन दोगुना करने का लालच देकर देश के हजारों लोगों से अरबों रुपये की ठगी की। उन्होंने बताया कि इस घोटाले में गिरफ्तार आरोपी संजय भाटी के चचेरे भाई आरोपी आदेश भाटी जेल में है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है। उन्होंने बताया कि थाना कासना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध आरोपी अजीत भाटी उर्फ आदेश भाटी पुत्र गिरराज भाटी निवासी ग्राम चीती के प्लूमेरिया गार्डन ओमी क्रांन-3 में स्थित फ्लैट को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1)के तहत कुर्क किया है। उन्होंने बताया कि उक्त फ्लैट की कीमत एक करोड़ 4 लाख 92 हजार 950 रुपये है। उन्होंने बताया कि गौतम बुद्ध नगर की एक विशेष अदालत के आदेश के बाद यह कुर्की की कार्रवाई की गई।डीसीपी ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने अब तक गैंगस्टर/ माफियाओं पर कार्रवाई करते हुए करीब 132 करोड़ 55 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क की है।
- श्रीनगर। पाकिस्तानी सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पिछले साल अनजाने में भटककर पहुंच गये 18 वर्षीय एक नवयुवक को मंगलवार को भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया। एक रक्षा प्रवक्ता ने यहां बताया कि नियंत्रण रेखा के पास तंगधार सेक्टर में टिटवाल सीमा चौकी पर मोहम्मद सईद मोहिउद्दीन को भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ दोनों ही तरफ से लोगों का अनजाने में नियत्रंण के पार चला जाना उबड़ खाबड़ क्षेत्र की वजह से होता रहा है। एक ऐसी ही घटना में बांदीपुरा के अग्रिम क्षेत्र के गुरेज का मोहम्मद सईद मोहिउद्दीन पिछले साल सितंबर में पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्र कश्मीर में चला गया था।'' उन्होंने बताया कि भारतीय अधिकारियों के सक्रिय समन्वय से युवक का वापस आना संभव हो पाया।
- इंदौर । कोविड-19 की दूसरी लहर के घातक प्रकोप के बीच रेमडेसिविर दवा की करीब 15,000 शीशियां मंगलवार को यहां पहुंचीं जिन्हें हवाई मार्ग से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच दिन में यह तीसरी बार है जब महामारी से संघर्ष कर रही राज्य सरकार ने इस जरूरी दवा की खेप पहुंचाने के लिए सरकारी विमान और हेलिकॉप्टर लगा दिए हों। उन्होंने बताया कि रेमडेसिविर की ताजा खेप बेंगलुरू से राज्य सरकार के विमान के जरिये इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची। हवाई अड्डे से इसे सरकारी विमान और हेलिकॉप्टर के जरिये प्रदेश के विभिन्न संभागीय मुख्यालयों में भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि रेमडेसिविर के 312 बक्से इंदौर हवाई अड्डे पहुंचे जिनमें करीब 15,000 शीशियां हैं। इनमें से 57 बक्से भोपाल, 26 बक्से सागर, 50 बक्से ग्वालियर, 32 बक्से रीवा, 50 बक्से जबलपुर और 41 बक्से उज्जैन भेजे गए। रेमडेसिविर की इस खेप में शामिल 56 बक्से इंदौर में रखे गए। गौरतलब है कि कोविड-19 के मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली रेमडेसिविर की 15,000 शीशियां ऐसे वक्त पर मध्यप्रदेश पहुंचीं, जब राज्य में इस दवा की भारी किल्लत है और इसकी कालाबाजारी में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले, 15 अप्रैल और 18 अप्रैल को रेमडेसिविर की शीशियां इंदौर पहुंची थीं जिन्हें सरकारी विमान और हेलिकॉप्टर के जरिये राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया था।- File photo
- नयी दिल्ली । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता के करीबों सूत्रों ने बताया कि 68 वर्षीय शर्मा को सोमवार की रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बारे में पुष्टि हुई। शर्मा को अब गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला समेत कई नेताओं ने शर्मा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश भर के वैक्सीन निर्माताओं से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इन टीका निर्माताओं की उपलब्धियों और उनकी व्यवसायिक कुशलता के लिए सराहना की। श्री मोदी ने कहा कि हमारे वैक्सीन उद्योग की सबसे बड़ी ताकत इसका 'सामथ्र्य, संसाधन और सेवा भाव' है और यही वे गुण हैं जो इसे दुनिया का वैक्सीन लीडर बनाते हैं।देश के वैक्सीन निर्माताओं की क्षमता पर विश्वास करते हुए, पीएम मोदी ने कहा, सरकार ने अब 1 मई से प्रत्येक वयस्क के लिए टीकाकरण कार्यक्रम की अनुमति दी है। उन्होंने टीका निर्माताओं से देश के लोगों को कम से कम समय में टीकाकरण करने के लिए उत्पादन क्षमता को लगातार बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने नए टीकों के विकास में हमारे वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और अध्ययनों की भी सराहना की।पीएम मोदी ने रिकॉर्ड समय में टीकों के विकास और निर्माण के लिए टीका निर्माताओं को श्रेय दिया। इस तथ्य पर ध्यान देते हुए कि यहां निर्मित टीके सबसे सस्ते हैं, पीएम मोदी ने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है।पीएम मोदी ने कहा कि टीकों के विकास और निर्माण की इस पूरी प्रक्रिया में देश ने लगातार 'मिशन कोविड सुरक्षा' के तहत सार्वजनिक-निजी भागीदारी की भावना के साथ काम किया है, और शुरू से अंत तक वैक्सीन विकसित करने के लिए एक इकोसिस्टम तैयार किया है। सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि सभी वैक्सीन निर्माताओं को न केवल सभी संभव मदद और लॉजिस्टिक सपोर्ट मिले, बल्कि वैक्सीन की मंजूरी की प्रक्रिया भी तेज और वैज्ञानिक हो। उन्होंने उन टीका निर्माण के उम्मीदवारों को भी हर संभव समर्थन और सुगम अनुमोदन प्रक्रिया का आश्वासन दिया, जो अभी परीक्षण के चरण में हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे ने कोविड -19 के खिलाफ देश की लड़ाई में बड़ी भूमिका निभाई है और आने वाले दिनों में निजी क्षेत्र टीकाकरण अभियान में और भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके लिए अस्पतालों और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता होगी। वैक्सीन निर्माताओं ने 18 वर्ष की आयु से ऊपर के सभी लोगों के लिए टीकाकरण की अनुमति देने के सरकार के फैसले के लिए और अधिक प्रोत्साहन और लचीलापन प्रदान करने वाले विभिन्न कदम उठाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने वैक्सीन विकास और उत्पादन की प्रक्रिया के दौरान भारत सरकार से प्राप्त समर्थन के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने उत्पादन, आगामी वैक्सीन उम्मीदवारों और नए वेरिएंट पर शोध करने के लिए अपनी योजनाओं पर भी चर्चा की।
- नयी दिल्ली । देश में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों के 77.67 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों में सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर लगातार बढ़ रही है और यह इस समय 15.99 प्रतिशत है। नए मामलों के 77.67 प्रतिशत मामले जिन 10 राज्यों में सामने आए हैं, उनमें कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान शामिल हैं। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,59,170 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,53,21,089 हो गई, जिनमें से 20 लाख से अधिक लोग उपचाराधीन हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 1,761 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 1,80,530 हो गई। महाराष्ट्र में सर्वाधिक दैनिक मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में 58,924 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 28,211 और दिल्ली में 23,686 नए मामले सामने आए हैं। भारत में अभी 20,31,977 लोगों का उपचार चल रहा है, जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का 13.26 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन लोगों की संख्या में 1,02,648 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। देश के कुल उपचाराधीन मामलों के 62.07 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल में हैं। देश में पिछले 24 घंटे में 1,54,761 लोग ठीक हुए और इसी के साथ देश में स्वस्थ हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,31,08,582 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय मृत्यु दर गिर रही है और यह इस समय 1.18 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 1,761 लोगों की मौत इस संक्रमण के कारण हुई। उसने बताया कि संक्रमण से पिछले 24 घंटे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 82.74 प्रतिशत लोगों की मौत 10 राज्यों में हुई है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में इस अवधि में 351 और इसके बाद दिल्ली में 240 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय ने बताया कि दुनिया की सबसे बड़ी टीकाकरण मुहिम के तहत देश में अब तक कोविड-19 टीके की 13 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं। सुबह सात बजे तक की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, देश में 1,74,69,932 सत्रों में अब तक कुल 12,71,29,113 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। देश में 91,70,717 स्वास्थ्यसेवा कर्मियों को पहली खुराक और 57,67,657 स्वास्थ्यसेवा कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई हैं। इसके अलावा देश में अग्रिम मोर्चे के 1,14,32,732 कर्मियों को पहली और 56,86,608 कर्मियों को दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है। देश में 60 साल से अधिक आयु के 4,66,82,963 और 47,04,601 लोगों को टीके की क्रमश: पहली और दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है, जबकि 45 साल से 60 साल तक की आयु के 4,23,72,769 और 13,11,066 लोगों को क्रमश: पहली और दूसरी खुराक लग चुकी है। देश में अब तक दी गई टीके की कुल खुराकों में से 59.33 खुराक आठ राज्यों में दी गई हैं।टीकाकरण मुहिम के 94वें दिन (19 अप्रैल को) टीकों की 32,76,555 लाख खुराक दी गईं। देश में इस अवधि में 45,856 सत्रों में 22,87,419 लाभार्थियों को पहली और 9,89,136 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह कोविड-19 जांच में संक्रमित पाए गए है। सिंह ने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी । उन्होंने अपने सम्पर्क में आए लोगों को जांच कराने का सुझाव दिया है । सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं आज जांच में लक्षणों के साथ कोरोना पोजिटिव पाया गया। अगर आप मेरे सम्पर्क में हाल में आए हैं तब जांच कराये और अपना ध्यान रखें।'' गौरतलब है कि सिंह के पास प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री सहित कई मंत्रालयों का पदभार है । वे जम्मू कश्मीर के उधमपुर सीट से लोकसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं ।
- नयी दिल्ली । कोविड-19 महामारी की वजह से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर ‘‘द काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन्स'' (सीआईएससीई) ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया और छात्रों के बाद में परीक्षा देने के विकल्प को भी वापस ले लिया। बोर्ड के सचिव जेरी अराथून ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।पिछले हफ्ते, बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था।सीआईएससीई ने घोषणा की थी कि 10वीं कक्षा के छात्रों को बाद में परीक्षा देने या वैकल्पिक मानदंडों के आधार पर उनके मूल्यांकन करने का अवसर मिलेगा। सीआईएससीई के सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अराथून ने कहा, "देश में कोविड-19 महामारी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, सीआईएससीई ने 10वीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया है। छात्रों के लिए पहले घोषित विकल्प को वापस ले लिया गया है। छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हमारे लिए सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण है।" उन्होंने कहा , "हम कक्षा 10 के परिणाम घोषित करने के लिए एक निष्पक्ष मानदंड तैयार करने के वास्ते प्रतिबद्ध हैं। परिणाम घोषित करने की तारीख बाद में तय की जाएगी।" सीआईएससीई ने स्कूलों को 11वीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। अराथून ने कहा, ‘‘इसके अलावा स्कूलों को 11वीं कक्षा के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने की तैयारी करनी चाहिए।'' उन्होंने यह भी कहा कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा के आदेश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गौरतलब है कि केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने पिछले सप्ताह 10वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द करने और 12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की थी। विभिन्न राज्यों ने भी अपने यहां बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने या उनकी तारीख आगे बढ़ाने की घोषणा की है। सीआईएससीई की बोर्ड परीक्षा पिछले साल भी कोविड-19 महामारी के कारण रद्द हो गयी थी। छात्रों का मूल्यांकन आंतरिक आकलन के आधार पर किया गया था।








.jpg)




.jpg)
.jpg)

.jpg)





.jpg)




