ब्रेकिंग न्यूज़

बालोद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न

कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बालोद/
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत बालोद जिले में आज पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पहले चरण के अंतर्गत आज जिले के डौण्डीलोहारा एवं डौण्डी विकासखण्ड के सभी मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से एवं निर्विघ्न रूप से मतदान संपन्न हुआ। इन दोनों विकासखण्डों के सभी मतदान केन्द्रों के निर्धारित समय सुबह 07 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। मतदान अधिकारियों के द्वारा निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतदान का कार्य नियत समय में आरंभ कर दिया गया। पहले चरण के अंतर्गत जिले के डौण्डीलोहारा एवं डौण्डी विकासखण्ड में आज संपन्न मतदान के दौरान सभी वर्ग के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर कर हिस्सा लेते हुए पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केन्द्रों में पुरूष एवं महिला मतदाताओं के अलावा बुजुर्ग, दिव्यांग, युवा आदि सभी वर्ग के मतदाताओं ने आज सुबह से ही उपस्थित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग आॅफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने दोनों विकासखण्डों के विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने डौण्डी विकासखण्ड के मतदान केन्द्र पथराटोला में पहुँचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पीठासीन अधिकारी एवं मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी ली। श्री चन्द्रवाल ने मतदान केन्द्र में उपस्थित मतदाताओं से भी मतदान केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने डौण्डी विकासखण्ड के मतदान केन्द्र अड़जाल, कोटागांव, गुजरा, कुसमुकसा, कुमुड़कट्टा आदि मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आज संपन्न मतदान के दौरान युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अंतर्गत आज जिले के डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम दानीटोला के मतदान केन्द्र क्रमांक 21 में युवा मतदाता कु. सुधा, लालिमा ठाकुर, मीनाक्षी मण्डावी, दामिनी एवं कीर्ति आदि युवा महिला मतदाता एक साथ मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पहली बार त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इन सभी युवा मतदाताओं ने इस पल को अपने लिए अविस्मरणीय बताते हुए जिले के सभी मतदाताओं से अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। इसी तरह दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाता भी आज अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पीछे नही रहे। इसी कड़ी में ग्राम दानीटोला के मतदान केन्द्र क्रमांक 22 में बुजुर्ग दिव्यांग मतदाता श्री रमेश कुमार रावटे ने अपने शारीरिक असमर्थता के बावजूद अपने परिजनों के साथ मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस दौरान डौण्डी विकासखण्ड के बकलीटोला के मतदान केन्द्र क्रमांक 17 में मतदान करने पहुँचे मतदाताओं ने मतदान केन्द्र की बेहतर व्यवस्था की भूरी-भूरी सराहना की। उल्लेखनीय है कि मतदान केन्द्र बकलीटोला में मतदाताओं के लिए बैठक एवं छांव इत्यादि की समुचित व्यवस्था की गई थी। जिसमें मतदाताओं ने छांव में विश्राम कर अपनी बारी आने पर क्रमशः अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बकलीटोला मतदान केन्द्र की सराहना वहाँ उपस्थित बुजुर्ग मतदाता श्री रतन लाल, युवा मतदाता श्री शेखर कुमार एवं महिला मतदाता श्रीमती वंदना एवं नीलम ने करते हुए यहाँ की व्यवस्था को बहुत ही सराहनीय बताया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रकांत कौशिक सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी, नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं पुलिस के आला अधिकारी ने मतदान केन्द्रों का लगातार दौरा कर मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु व्यवस्थाओं का निरंतर माॅनिटरिंग करते रहे। सभी मतदान केन्द्रों में मतदान समाप्ति के पश्चात् मतदान अधिकारियों के द्वारा निर्धारित प्रक्रिया को पूरी करने के पश्चात् निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना के कार्य को आरंभ कर दिया गया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english