ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के पहले चरण में 75.86 प्रतिशत मतदान

 रायपुर. छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के 53 विकास खंडों में सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में औसतन 75.86 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह आंकड़ा अंतिम नहीं है तथा इसमें बढ़ोतरी हो सकती है।

 
उन्होंने कहा, ''सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 75.86 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, कई मतदान केंद्रों से अंतिम आंकड़े अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। मतदान मतपत्रों के माध्यम से हुआ।'' अधिकारियों ने बताया कि सात जिलों वाले बस्तर संभाग में नक्सली खतरे के कारण मतदान का समय सुबह 6.45 बजे से अपराह्न दो बजे तक था, जबकि अन्य जगहों पर सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान हुआ। राज्य में पंचायत के चुनाव तीन स्तरों पर होते हैं- ग्राम पंचायत (गांव), जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला)। पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते। उन्होंने बताया कि पहले चरण के लिए कुल 57,99,660 मतदाता हैं। जिनमें 28,70,859 पुरुष, 29,28,751 महिलाएं तथा 50 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। पहले चरण में मतदाताओं ने 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण के लिए 9,873 मतदान केंद्र बनाए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में वार्ड पंच के लिए 60,203, सरपंच के लिए 14,646, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 4,587 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 702 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी और 23 फरवरी को होना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चरण में वोट डाले जाने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना होगी। पहले चरण के लिए 19 फरवरी को, दूसरे चरण के लिए 22 फरवरी को और तीसरे चरण के लिए 25 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर वार्ड पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्यों के पदों के लिए सारणीकरण और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी तरह, पहले चरण के लिए 20 फरवरी को, दूसरे चरण के लिए 23 फरवरी को और तीसरे चरण के लिए 25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्यों का सारणीकरण और परिणाम जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। राज्य में हाल ही में हुए शहरी निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी ने सभी 10 नगर निगमों में महापौर पद जीते। 49 नगर परिषदों में अध्यक्ष पदों में से, भाजपा ने 35, कांग्रेस ने आठ, आम आदमी पार्टी (आप) ने एक, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने पांच पर कब्जा किया। इसी तरह, भाजपा ने 114 नगर पंचायतों में से 81 में अध्यक्ष पद हासिल किया तथा 22 में कांग्रेस, एक में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और 10 में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वार्ड पार्षदों के कुल 3,200 पदों में से भाजपा ने 1,868, कांग्रेस ने 952 और अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 380 पर जीत हासिल की।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english