बालाजी संग श्रीदेवी-भूदेवी का विधि-विधान से कराया गया विवाह

-कल्याणम के बाद शांति के लिए यज्ञ- हवन में पूर्णाहुति भी दी गई
- टी सहदेव
भिलाई नगर। सेक्टर 05 स्थित बालाजी मंदिर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान बालाजी के संग श्रीदेवी-भूदेवी का कल्याणम (विवाह) भक्तिभाव से कराया गया। मंदिर के पंडितों गोपालाचारी, रंगा साई तथा अनिल कुमार ने इस अवसर पर विवाह की सारी रस्में निभाईं। जिन्हें मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने जी-भर के देखा। विवाह के बाद भक्त गणों को भोग भी वितरित किया गया।
विवाह की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गईं। सबसे पहले पुजारियों ने मंदिर की प्रदक्षिणा की और उसके बाद भगवान बालाजी, माता श्रीदेवी-भूदेवी को आभूषणों और नूतन वस्त्रों से अलंकृत कर विवाह-स्थल पर स्थापित किया। पूजा-विग्रहों की स्थापना के उपरांत विधि-विधान से अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद सहस्त्र नामार्चना की गई। नामार्चना के पश्चात पूजा विग्रहों को नैवेद्य अर्पित किया गया। नैवेद्य अर्पण के बाद बालाजी संग श्रीदेवी-भूदेवी का विवाह गोविंदा-गोविंदा के जयकारों के बीच पूरे रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। जिनमें, वस्त्र दान, कन्यादान, माल्यार्पण, मंगलसूत्र धारण आदि रस्मों को प्रमुख रूप से निभाया गया।
कल्याणम के बाद शांति के लिए यज्ञ- हवन में पूर्णाहुति भी दी गई। पूरे अनुष्ठान में यजमान के तौर पर दंपतियों पीवी राव व पी मंजुश्री, पी सागर व पी नेहा तथा अमोल नायुड़ु व सरिता नायुड़ु बैठे थे। विवाहोत्सव में आंध्र साहित्य समिति तथा तेलुगु कम्युनिटी वेलफेयर एसोसिएशन से संबद्ध अभा तेलुगु सेना के सभी पदिधिकारियों सहित बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने शिरकत की।












.jpg)

Leave A Comment