विश्व पर्यावरण दिवस पर शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
राजनांदगांव । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, राजनांदगांव में जनभागीदारी समिति एवं महाविद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा, प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे, जनभागीदारी समिति सदस्य नमिताब जैन, पंकज कुरंजेकर, आशीष सुरे, राजेश यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण प्रकृति का संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का रोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने युवाओं से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करना शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति उत्तरदायी बनने की प्रेरणा देते हैं। संगोष्ठी सभा का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारी एस आर कन्नौजे ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों दादूराम सोनकर, रितेश देवांगन, अजय श्रीवास्तव, रमेश सोनवानी,रघुवीर वाधवा सहित सभी पर्यावरण मित्रो ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया


.jpg)










Leave A Comment