महतारी वंदन योजना से बदली भारती सिंह की जिंदगी, हर महीने की सहायता बनी आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
एमसीबी/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल बनकर उभरी है। यह योजना न केवल महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहभागी भी बना रही है। जिले के ग्राम खाड़ाखोह की निवासी श्रीमती भारती सिंह इसकी प्रेरणादायक मिसाल हैं। योजना के तहत उन्हें अब तक 28 किश्तों के रूप में कुल 28 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है, जिसने उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
भारती सिंह बताती हैं कि हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके परिवार के लिए किसी संबल से कम नहीं है। इस राशि से वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, कॉपी-किताबें, स्कूल की आवश्यक सामग्री तथा घर की रोजमर्रा की जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं। पहले छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नियमित सहायता मिलने से घरेलू खर्चों का बेहतर प्रबंधन संभव हो गया है और उन्हें किसी पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
वे कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं दिया, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास भी जगाया है। अब वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और बच्चों की शिक्षा को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ा पा रही हैं। इस योजना ने उन्हें यह विश्वास दिलाया है कि महिलाएं भी आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
भारती सिंह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने, परिवार को मजबूती देने और भविष्य के प्रति आश्वस्त होने का अवसर प्रदान किया है। आज महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए केवल एक आर्थिक सहायता योजना नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्त भविष्य का मजबूत आधार बन चुकी है।













Leave A Comment