ब्रेकिंग न्यूज़

 वंदे मातरम् अभियान की तैयारियां तेज करें, एग्रीस्टैक पंजीयन में समितिवार लक्ष्य हर हाल में पूरा करें : कलेक्टर

-30 जुलाई तक साइकिल, गणवेश और पाठ्यपुस्तक वितरण के दिए निर्देश
-टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित योजनाओं की समीक्षा
बिलासपुर /कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वंदे मातरम् अभियान के तीसरे चरण की तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसानों के पंजीयन में प्रत्येक समिति को दिए गए लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने आज आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
         कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 30 जुलाई तक विद्यार्थियों को साइकिल, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत जिले की 9,875 छात्राओं को साइकिल वितरित की जा रही है। करीब ढाई सौ छात्राओं को साइकिल तथा करीब 8 प्रतिशत विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें मिलना शेष है। गणवेश का पहला सेट वितरित किया जा चुका है तथा दूसरे सेट की आपूर्ति भी प्रारंभ हो गई है।
           मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण में हितग्राही का संतुष्टिपूर्ण फीडबैक सबसे महत्वपूर्ण है। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें, जिससे अधिकांश समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने एग्रीस्टैक में किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में अभी लगभग 55 हजार किसानों का पंजीयन शेष है। प्रत्येक समिति को प्रतिदिन कम से कम 10 किसानों का पंजीयन करने का लक्ष्य दिया गया। इस कार्य की जिम्मेदारी समिति प्रबंधक, पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरएईओ) को सौंपी गई तथा संबंधित एसडीएम प्रतिदिन इसकी समीक्षा करेंगे।
         कलेक्टर ने कहा कि वंदे मातरम् अभियान का तीसरा चरण 7 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक राष्ट्रभक्ति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं गतिविधियों की जानकारी अभियान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए। बैठक में रतनपुर-केंची मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि बांधों से पानी छोड़े जाने से पूर्व व्यापक अलर्ट जारी किया जाए तथा संबंधित उप अभियंता क्षेत्र में उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित करें कि किसानों को किसी प्रकार की क्षति न हो। भारी वर्षा से हुए नुकसान के प्रकरण भी शीघ्र तैयार कर पात्र हितग्राहियों को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए।
         प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 23 मलेरिया मरीज उपचाररत हैं। कलेक्टर ने अधिक से अधिक स्लाइड जांच कराने तथा छात्रावासों, आंगनबाड़ियों एवं स्कूलों में बुखार से पीड़ित सभी बच्चों की जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
         बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा करते हुए प्रत्येक विकासखंड में 20-20 तालाब निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होंने सुशासन छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की साप्ताहिक प्रगति प्रस्तुत करने, वृक्षारोपण अभियान में तेजी लाने तथा चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट रनवे विस्तार हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english