ब्रेकिंग न्यूज़

 प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने किसानों को करें प्रोत्साहित - कलेक्टर

 - योजनाओं की जानकारी एवं किसानों को जागरूक करने बनाएं संयुक्त कार्ययोजना
 - मत्स्य पालन के लिए अधिक से अधिक लोगों को दें प्रशिक्षण, योजनाओं का मिले लाभ
 मोहला । कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज कलेक्टर सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास, मत्स्य, खाद्य एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी के अभाव में कई किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाते हैं। इसके लिए कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास एवं मत्स्य विभाग संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने एवं जागरूक करने का कार्य करें।
         उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एग्रीस्टैक पंजीयन, शाकंभरी योजना, कृषि सिंचाई यांत्रिकीकरण, प्राकृतिक खेती सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उक्त योजनाएं किसानों के लिए महत्वपूर्ण हैं। सभी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सलाम ने कहा कि जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हों।
         कलेक्टर श्रीमती सलाम ने उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत उद्यानिकी विकास योजना, फल क्षेत्र विस्तार, मसाला क्षेत्र विस्तार, उद्यानिकी कृषक प्रशिक्षण, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल तथा राष्ट्रीय बागवानी मिशन जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के तहत अधिक से अधिक पात्र किसानों का चयन कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य करें। उन्होंने नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
           मत्स्य विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सहकार से समृद्धि, मत्स्य बीज उत्पादन एवं मत्स्य पालन में नवाचार की समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत तालाब एवं पाउंड लाइनर के लिए हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी प्रकार सहकार से समृद्धि के तहत नवीन समितियों का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलने के साथ ही लोगों को रोजगार एवं आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने विभागीय अधिकारी को अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण प्रदान करने तथा मत्स्य पालन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
          पशुधन विकास विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारी ने पशु संगणना, संस्थावार टीकाकरण, औषधि वितरण, कृमिनाशक दवा वितरण, एंटी रेबीज टीकाकरण एवं राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत किए गए कार्यों को जानकारी दी।  कलेक्टर श्रीमती सलाम ने कहा कि जिले में पशुपालन के क्षेत्र में रोजगार एवं आय के लिए बेहतर संभावनाएं हैं। उन्होंने सूकर, बकरी एवं मुर्गी पालन को बढ़ावा देने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती सलाम ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों, जिले में उपलब्ध राशन कार्डों तथा राशन के भंडारण एवं वितरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राशन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन का वितरण किया जाए।
         आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत कलेक्टर ने देवगुड़ी, छात्रवृत्ति, धरती आबा अभियान एवं एनसीईएआर सर्वे की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने देवगुड़ी सहित अन्य कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आत्मसमर्पित एवं नक्सल पीड़ित तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यक एंट्री एवं अन्य कार्यवाही पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english