ब्रेकिंग न्यूज़

 खेल सुविधाओं को बढ़ाएंगे, बेहतर ट्रेनिंग के साथ देना होगा रिजल्ट—कलेक्टर

 - खेल कैलेंडर के अनुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन कर प्रतिभावान खिलाड़ियों का करें चिन्हांकन
 - जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक
 मोहला । कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की बैठक लेकर जिले में खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल अधोसंरचना एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की। इसके लिए जिले में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभावान बच्चों का चिन्हांकन किया जाए और उनकी प्रतिभा के अनुरूप उन्हें प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर  डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री डीआर ध्रुव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, डीईओ श्री वाईडी साहू, सहायक क्रीडा अधिकारी श्री वीपी सिंह गाले,  व्यायाम अनुदेशक, योग शिक्षक, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष एवं सचिव एवं विभिन्न खेल विद्याओं के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
          कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि जिले में खेल गतिविधियों और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा के कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए तैयार करना है।
            कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभाग द्वारा निर्धारित खेल कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाए। खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं में शामिल कराने तक सीमित न रखते हुए उनकी निरंतर प्रैक्टिस, फिटनेस और तकनीकी प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाए।
 कलेक्टर श्रीमती सलाम ने कहा कि जिले में केवल चुनिंदा खेलों पर ही ध्यान केंद्रित करने के बजाय सभी खेलों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप खेल का चयन कर सकें और जिले के लिए पदक जीत सकें। उन्होंने कबड्डी और बैडमिंटन के साथ-साथ तीरंदाजी जैसे खेलों में बच्चों को बेहतर एवं नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन खेलों में जिले के बच्चों की रुचि और प्रतिभा है, उनमें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
 बैठक में जिले में खेलों के लिए उपलब्ध अधोसंरचना, खेल मैदानों की स्थिति तथा आवश्यक सुविधाओं की कमी को दूर करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध होना जरूरी है। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के साथ ही जहां आवश्यकता है, वहां मैदान एवं सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगामी वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। साथ ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों से फीडबैक लेकर भविष्य की तैयारियों को बेहतर बनाया जाए।
 बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने राज्य स्तरीय दिव्यांग तैराकी स्वर्ण पदक विजेता श्री रूपेश चनापे से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके अनुभवों और प्रशिक्षण से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले के दिव्यांग एवं अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने श्री रूपेश चनापे को बेहतर स्विमिंग प्रैक्टिस के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को और आगे ले जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english