ब्रेकिंग न्यूज़

महासमुंद में जले 6 लाख दीप, सेवा और सुशासन के संकल्प से जगमगाया जिला

-‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ प्रज्ज्वलित किए लाखों दीया
-जनभागीदारी, गरीब कल्याण, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी  - सांसद रूपकुमारी चौधरी
 महासमुंद  / सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत आज महासमुंद जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर में शाम 7 बजे एक साथ 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिकों ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जुड़े इस आयोजन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली।
अटल परिसर में मुख्य आयोजन, 8 हजार दीयों से जगमगाया परिसर
कार्यक्रम का जिला स्तरीय मुख्य आयोजन महासमुंद के अटल परिसर में किया गया। यहां करीब 8 हजार दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। सर्वप्रथम शहीद वीर नारायण सिंह एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन किया गया। साथ ही शहर में चौक-चौराहों में दीप जलाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। कार्यक्रम में छ.ग. राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डाॅ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, छ.ग. राज्य स्काउट गाईड के मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, भारतीय रेडक्राॅस सोसायटी के सभापति श्री संदीप दीवान, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चैधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासकीय जिम्मेदारी संभालने के बाद से वे निरंतर जनता की सेवा और देश के विकास के लिए कार्य करते आ रहे हैं। विषम परिस्थितियों के बावजूद विकास की गति को बनाए रखने, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को अवसर देने के लिए अनेक पहल की गई हैं। ‘लखपति दीदी’ जैसे प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है। ड्रोन दीदी जैसी पहल के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसी तरह स्वच्छता, किसान कल्याण, युवा शक्ति और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों के माध्यम से विकास को व्यापक सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
श्रीमती चैधरी ने कहा कि आज महासमुंद जिले में हजारों स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हो रहे दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प के प्रतीक हैं। जब शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ समाज की सक्रिय सहभागिता जुड़ती है, तो विकास का संकल्प जनआंदोलन का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक दीप से दूसरे दीप का प्रकाश जिस तरह फैलता है, उसी तरह सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश भी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
छ.ग. बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम जिलेवासियों के सामूहिक संकल्प, एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक है। एक साथ प्रज्ज्वलित किए जा रहे दीप सेवा, समर्पण, सुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए हमें भी समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए। श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना प्रमुख रही है। इस अवसर पर प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीप उस सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचता है, जब उसमें समाज की सक्रिय भागीदारी जुड़ती है। महासमुंद जिले में बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किया जाना इसी जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की भावना को दर्शाता है।
जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू ने अभियान के 12 पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम सेवा, अनुशासन, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। युवाओं और विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। आशीर्वाद का दीया इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।  श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लेते हुए हम सभी को अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहना चाहिए।
शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित स्थलों-शहरी  चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की सामूहिक रोशनी ने जिलेभर में सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश प्रसारित किया। अनेक स्थानों पर नागरिकों ने अपने घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इससे गांवों में भी उत्सव और सामूहिक सहभागिता का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर विकासखंड महासमुंद में लगभग 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार तथा सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5 लाख 51 हजार दीपों से सेवा संकल्प की रोशनी बिखरी। इसी तरह नगरीय क्षेत्रों में महासमुंद में रेलवे स्टेशन, अस्पताल, अंबेडकर चौक एवं दीनदयाल उपाध्याय चौक खैरा में एक-एक हजार कुल 4000 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं बसना, पिथौरा, तुमगांव एवं सरायपाली सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english