तालपुरी में पहली बार रामलीला का मंचन और रावण दहन
-टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी बी ब्लॉक में विजयदशमी को पहली बार रामलीला का मंचन और रावण दहन हुआ। क्लब हाउस परिसर में मंगलवार को आतिशबाजी के बीच आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में सिर्फ रावण का पुतला जलाया गया, जबकि मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले नहीं लगाए गए। इससे पहले क्लब हाउस से शाम को आस्था एवं विश्वास के प्रतीक जोत जवारा की विसर्जन यात्रा धूम-धड़ाके के साथ मरोदा टैंक के लिए निकाली गई, जहां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाएं और भक्तगण डीजे की धुन पर झूमते-नाचते नजर आए। विसर्जन के बाद क्लब हाउस परिसर में आनंद मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाएं अपने घरों से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर लाई थीं। तालपुरी नव दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित नवरात्र महोत्सव की नवमीं में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी पूजा-अर्चना की। नवमीं में कुछ देर के लिए भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर भी सम्मिलित हुए। दुर्गोत्सव के अंतिम तीन दिन रास गरबा का भी आयोजन किया गया।
कॉलोनी में पहली बार आयोजित रामलीला का मंचन उतई मंडली के कलाकारों ने किया। वैसे तो रामायण के सात कांड बाल कांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, किष्किंधा कांड, सुंदर कांड, लंका कांड और उत्तर कांड होते हैं, लेकिन करीब डेढ़ घंटे चली रामलीला में सिर्फ लंका कांड का ही मंचन किया गया। रामलीला को पहली बार देख रहे बच्चों में काफी उत्सुकता थी, इसका आनंद भी उठाया। जबकि, पुरानी पीढ़ी के लोगों ने अपने बचपन के दिनों को याद किया, जब वे रामलीला देखने दूर-दूर जाया करते थे।




.jpg)










Leave A Comment