न्यूज़ीलैंड दौरे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, तिरंगे की रोशनी से जगमगाया ऑकलैंड का स्काई टावर
ऑकलैंड । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक न्यूज़ीलैंड दौरे के स्वागत में शुक्रवार को ऑकलैंड की प्रतिष्ठित स्काई टावर भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन कर दी गई। करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की आधिकारिक न्यूज़ीलैंड यात्रा के अवसर पर यह विशेष सम्मान दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण के तहत शुक्रवार शाम (स्थानीय समयानुसार) ऑकलैंड पहुंचे, जहां न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तिरंगे की रोशनी से सजी स्काई टावर की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “ऑकलैंड में विशेष स्वागत! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूज़ीलैंड यात्रा के अवसर पर प्रतिष्ठित स्काई टावर को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया, जो दोनों देशों की मित्रता का प्रतीक है।”
ऑकलैंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस दौरान न्यूज़ीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी सहित दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री लक्सन ने भी ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के आगमन का वीडियो साझा करते हुए उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि चार दशकों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूज़ीलैंड यात्रा है। उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार जताते हुए कहा कि वह दोनों देशों की मित्रता के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा करेंगे। साथ ही ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करने को लेकर भी उत्साह जताया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत-न्यूज़ीलैंड संबंधों को नई गति देगी। व्यापार, रक्षा, खेल, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा होगी। मंत्रालय ने कहा कि यह ऐतिहासिक दौरा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और आपसी सहयोग के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।










Leave A Comment